बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा,   विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कोबिर के घर को लगाई आग,  कोई नुकसान नहीं

बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कोबिर के सिलहट स्थित घर पर आगजनी हुई है। इस घटना में उनके घर को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, सिलहट पुलिस ने घर को नुकसान पहुंचने की घटना से इनकार किया है। उसने पेट्रोल बम हमले से भी इनकार किया है और इसे प्लास्टिक में आग लगाने की घटना बताया है।

Nov 20, 2026 - 20:14
 0
बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा,   विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कोबिर के घर को लगाई आग,  कोई नुकसान नहीं


ढाका। बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कोबिर के सिलहट स्थित घर पर आगजनी हुई है। हालांकि, इस हमले में घर को कोई नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन लोहे के गेट के अंदर आग की लपटे उठती देखी गई हैं। सिलहट पुलिस ने इस दावे को खारिज किया है कि हुमायूं कोबिर के घर पर पेट्रोल बम से हमला हुआ है। उसने यह जरूर स्वीकारा है कि उनकी घर के पास किसी ने आग लगाई, लेकिन इससे कोई हताहत या प्रॉपर्टी को कोई नुकसान नहीं हुआ है।

इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। इसमें दावा किया गया है कि यह वीडियो विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कोबिर के घर पर आगजनी का है। इस वीडियो में एक बिल्डिंग का मेन गेट आग की तेज लपटों में घिरा दिख रहा है। आग के कारण बिल्डिंग की दीवार काली पड़ गई है। काला धुआं तेजी से ऊपर उठते नजर आ रहा है। हालांकि, इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

डेली स्टार ने अपनी रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से बताया, अज्ञात लोगों ने शुक्रवार सुबह 3.00 बजे से 3.30 बजे के बीच विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कोबिर के घर की गली के मेन गेट के अंदर पॉलीथीन जैसी चीजों में आग लगा दी। सिलहट मेट्रोपॉलिटन पुलिस के एडिशनल डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद अफजल हुसैन ने दावा किया है कि इस घटना में क्रूड बम का इस्तेमाल नहीं हुआ। उन्होंने कहा, "पॉलीथीन जैसी चीजें जलाई गईं; यह पेट्रोल बम नहीं था।"

पुलिस ने बताया है कि आग लगाने वालों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। अभी तक किसी संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने हालात को देखते हुए इलाके की सुरक्षा को बढ़ा दिया है। पुलिस की गश्ती टीमें स्थानीय लोगों से घटना के बारे में पूछताछ कर रही हैं। सिलहट के फायर डिपार्टमेंट ने भी बताया है कि उन्हें गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह तक किसी आगजनी की घटना की सूचना नहीं है।