ताजमहल के बाद अब आगरा किले में मिला अजगर, पीवीसी पाइप में फंसे सात फुट लंबे सांप का रेस्क्यू

आगरा। ताजमहल के बाद अब ऐतिहासिक आगरा किले में भी अजगर मिलने से सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण को लेकर सतर्कता बढ़ गई है। शुक्रवार को किले के स्टाफ पार्किंग क्षेत्र में करीब सात फुट लंबा अजगर एक पीवीसी पाइप में फंसा मिला। सूचना पर वन विभाग और वाइल्डलाइफ एसओएस की संयुक्त टीम ने करीब एक घंटे के अभियान के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जांच में स्वस्थ पाए जाने पर अजगर को प्राकृतिक जंगल में छोड़ दिया गया।

Nov 20, 2026 - 22:43
 0
ताजमहल के बाद अब आगरा किले में मिला अजगर, पीवीसी पाइप में फंसे सात फुट लंबे सांप का रेस्क्यू
आगरा किले पर अजगर को रेस्क्यू करती वाइल्डलाइफ एसओएस की टीम।

20 नवंबर को हुई इस घटना में अजगर को सबसे पहले आगरा किले के सुरक्षा कर्मचारियों ने वर्ल्ड हेरिटेज साइट के प्रवेश द्वार के पास देखा था। पाइप में फंसे सांप को देखकर कर्मचारियों ने तत्काल वन विभाग और वाइल्डलाइफ एसओएस की इमरजेंसी हेल्पलाइन 9917109666 पर सूचना दी।

अलर्ट मिलते ही वाइल्डलाइफ एसओएस की दो सदस्यीय रैपिड रिस्पॉन्स टीम वन विभाग के कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंची। बचाव अभियान से पहले पर्यटकों को सुरक्षित दूरी पर किया गया। इसके बाद सावधानीपूर्वक अजगर को पाइप से बाहर निकाला गया। पूरे अभियान में करीब एक घंटे का समय लगा।

इस महीने आगरा की दो विश्व धरोहर स्मारकों से अजगरों के रेस्क्यू की यह दूसरी घटना है। इससे पहले वाइल्डलाइफ एसओएस की टीम ने ताजमहल के पूर्वी गेट के पास फोर्ट कोर्ट क्षेत्र में सीआईएसएफ के शौचालय से करीब पांच फुट लंबे अजगर को सुरक्षित निकाला था।

वाइल्डलाइफ एसओएस के डायरेक्टर कंजर्वेशन प्रोजेक्ट्स एवं हर्पेटोलॉजिस्ट बैजूराज एम.वी. ने बताया कि सर्दियों में अजगर शरीर का तापमान नियंत्रित रखने के लिए धूप सेंकते हैं। एक्टोथर्मिक होने के कारण वे तापमान बनाए रखने के लिए बाहरी गर्मी पर निर्भर रहते हैं। इस दौरान वे खुले स्थानों और मानव बस्तियों के आसपास भी पहुंच सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और खुद पकड़ने की कोशिश करने के बजाय प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।

वाइल्डलाइफ एसओएस की सह-संस्थापक एवं सचिव गीता शेषमणि ने कहा कि ताजमहल और आगरा किले जैसी विश्व धरोहर स्थलों पर कम समय में दो अजगरों का रेस्क्यू होना बताता है कि वन्यजीव इन स्थानों पर भी अपना रास्ता तलाश लेते हैं। उन्होंने वन विभाग और रेस्क्यू टीम के समय पर किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए वन्यजीवों के प्रति जागरूकता, करुणा और जिम्मेदारी बढ़ाने की जरूरत बताई।

इंडियन रॉक पाइथन (पायथन मोलुरस) भारतीय उपमहाद्वीप में पाई जाने वाली सबसे बड़ी सांप प्रजातियों में शामिल है। आईयूसीएन की रेड लिस्ट में इसे लगभग संकटग्रस्त श्रेणी में रखा गया है। यह सीआईटीईएस के परिशिष्ट-एक में शामिल है और भारत के वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-एक के तहत संरक्षित है।

SP_Singh AURGURU Editor