आगरा के डॉ. बी.के. अग्रवाल को राष्ट्रीय सम्मान, डायबिटीज मरीजों की सेवा और जागरूकता अभियान के लिए मिला पुरस्कार
आगरा। मधुमेह चिकित्सा और मरीजों की देखभाल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए आगरा के वरिष्ठ डायबिटीज फिजिशियन डॉ. बी.के. अग्रवाल को राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया है। 20 नवंबर को बेंगलुरू के एल्डोवाया रिसोर्ट में आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार में भारत सरकार के मंत्री जितेंद्र सिंह और इंटरनेशनल डायबिटीज फेडरेशन के अध्यक्ष प्रो. पीटर श्वार्ज ने संयुक्त रूप से उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। यह उपलब्धि आगरा के चिकित्सा जगत के लिए गौरव का विषय बनी है।
रिसर्च सोसाइटी फॉर द स्टडी ऑफ डायबिटीज इन इंडिया (RSSDI) की ओर से प्रदान किया जाने वाला यह पुरस्कार मधुमेह की बेहतर चिकित्सा, उपचार में नवाचार और मरीजों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले चिकित्सकों को दिया जाता है।
डॉ. बी.के. अग्रवाल लंबे समय से आगरा और आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से निःशुल्क डायबिटीज जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित कर रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से वे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को मधुमेह से बचाव, इसके दुष्परिणामों और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
डॉ. अग्रवाल की इस उपलब्धि पर लीडर्स आगरा के डॉ. पार्थ सारथी शर्मा, सुनील जैन, स्वीटी चौहान, वीरेंद्र गुप्ता और एडवोकेट राहुल जैन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। आगरा के चिकित्सा जगत और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी उनकी उपलब्धि पर हर्ष जताया है।