पीएम मोदी बोले, 'स्किल वालों का रोजगार कोई नहीं छीन सकता', 'मेरे कहने पर लोगों ने कम सोना खरीदा'
पीएम मोदी ने कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आईटीआई में पढ़ते हुए जो आपने हुनर सीखा है, वो अब विकसित भारत की बड़ी ऊर्जा है। उन्होंने कहा कि आईआईटी हो या आईटीआई ये मेरे देश की अमानत है।
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लखनऊ में आयोजित 5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए देश के युवाओं और स्किल डेवलपमेंट के महत्व पर जोर दिया। खुद को उत्तर प्रदेश का सांसद बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है कि उन्हें देशभर से आए युवा साथियों का स्वागत करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कोट-पेंट पहनकर चलने वालों से ज्यादा हुनर वालों की मांग बढ़ने वाली है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'एक साल पहले मैंने देशवासियों से आग्रह किया था कि यदि बहुत जरूरी न हो, तो कृपया एक साल के लिए सोना न खरीदें। मुझे इस बात की खुशी है कि जिस तरह लाल बहादुर शास्त्री जी ने देशवासियों से एक समय का भोजन छोड़ने का आह्वान किया था और पूरे देश ने उनकी बात मानी थी। मेरे देश का चरित्र आज भी वैसा ही है। मुझ जैसे एक सामान्य व्यक्ति ने कम सोना खरीदने को कहा, देशवासियों ने सोना कम खरीदा और सोने के दाम गिर गए। आज लोग मुझे बता रहे हैं, मोदी जी, आपने कहा, हमने आपकी सलाह मानी और हमारे पैसे बच गए।'
उन्होंने कहा, 'मैं आज सुबह दिल्ली से निकलकर बंगाल गया था, जहां मेरा पहला कार्यक्रम भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में था। मैं जिस ऊर्जा, सपनों, आशाओं और आकांक्षाओं के साथ आईआईटी के छात्रों के बीच गया था, आज उसी उत्साह और उमंग के साथ औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के छात्रों के बीच आया हूं। मेरे लिए चाहे वह आईआईटी हो या आईटीआई, ये दोनों ही मेरे देश की असली संपत्ति हैं, देश का सामर्थ्य हैं और देश का भविष्य हैं।'
पीएम मोदी ने कहा, 'चाहे आईआईटी हो या आईटीआई हो... मेरे लिए तो यही मेरे देश की अमानत है। यही मेरे देश का सामर्थ्य है और यही मेरे देश का भविष्य है। आईटीआई में पढ़ते हुए जो आपने हुनर सीखा है, वो अब विकसित भारत की बड़ी ऊर्जा है। भारत में कौशल व्यवस्था की तबाही में एक और बात का दोष रहा।'
उन्होंने कहा, 'जब हमारे देश में आक्रांता आए, हमारा देश स्वर्णिम युग लेकर दुनिया के लिए आकर्षण का भी केंद्र था और ईर्ष्या का भी केंद्र था। जब वे (आक्रांता) भारत में आए तो उन्होंने सबसे पहली चोट हुनर पर की। हमारे जो ऐसे कारिगर हुआ करते थे, कोई चीज बना लें और वो सबसे ज्यादा अच्छी बने तो बनाने वाले के अंगूठे काट दिए जाते थे. क्यों? क्योंकि उन आक्रांताओं को पता था कि हुनर ही है, हाथों में जो कौशल है वही भारत को महान और समृद्ध बना रहा है, इसलिए उसकी शक्ति नष्ट करनी है तो अंगूठे काट दो।'
पीएम मोदी ने कहा, 'बाद में अंग्रेज आए तो उन्होंने तरीका बदला. उन्होंने देश के लोगों पर (मैकाले ने) एक ऐसी शिक्षा व्यवस्था थोपनी शुरू की, जिसमें कौशल आधारित हमारी व्यवस्था सिर्फ कागजी क्लर्क बनाने तक सीमित हो गई। अंग्रेजों ने भी भारत में कौशल को तबाह करके अपने यहां इंडस्ट्री को आगे बढ़ाया। यहां से सारी चीजें ले गए और समय के साथ अंग्रेजों के कागजी काम को सम्मान के साथ देखा जाने लगा।'
उन्होंने कहा, 'हमारे समाज की स्थिति ऐसी है कि अगर कोई बच्चा आईटीआई में दाखिल होता है तो उसके मां-बाप रिश्तेदारों को बताते नहीं हैं। ऐसी परिस्थिति पैदा हो गई, लेकिन मैंने ठान लिया है कि मुझे इस परिस्थिति को बदलना है। जितना सम्मान आईआईटी के लोगों को होगा, उतना ही सम्मान मेरे आईटीआई के बच्चों का भी होगा।'