पाक विदेश मंत्री की बेबसी, बोले- भारत 26 करोड़ पाकिस्तानियों का पानी नहीं रोक सकता, अलापा कश्मीर राग
पाकिस्तान ने बहुपक्षवाद (मल्टीलेटरलिज्म) का समर्थन किया है। विदेश मंत्री इशाक डार ने बहुपक्षवाद के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि गुटबाजी और एकतरफा राजनीति से काम नहीं चलेगा। इस्लामाबाद का पूरा विश्वास बहुपक्षवाद में है।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के डिप्टी पीएम और विदेश मंत्री इशाक डार ने आरोप लगाया है कि दिल्ली-इस्लामाबाद के खराब रिश्ते के लिए भारत जिम्मेदार है। डार ने खासतौर से कश्मीर और सिंधु जल संधि (IWT) के मुद्दे को दोनों देशों के रिश्ते में तनातनी की बड़ी वजह माना है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान इन मुद्दों को हल करना चाहता है और इनका समाधान काफी हद तक दिल्ली के रुख पर निर्भर करता है।
यूरोन्यूज को दिए इंटरव्यू में कश्मीर के सवाल पर डार ने कहा, 'संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों ने जम्मू-कश्मीर के लोगों को जनमत संग्रह के जरिए आत्मनिर्णय का अधिकार दिया है। भारत 5 अगस्त 2019 को अचानक इस क्षेत्र को दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांट दिया। पाकिस्तान इस कदम को पूरी तरह अस्वीकार करता है। हम चाहते हैं कि यूएन के प्रस्ताव के तहत इसे हल किया जाए।'
भारत ने बीते साल अप्रैल में पहलगाम में आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के साथ छह दशक पुरानी सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया था। यह संधि भारत और पाकिस्तान के बीच नदियों का बंटवारा करती है। डार ने दावा किया कि दिल्ली ने पहलगाम हमले के लिए इस्लामाबाद को गलत तरह जिम्मेदार ठहराया। फिर इसे पाकिस्तान-भारत के बीच टकराव बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया।
डार ने आगे कहा, 'हमारे पीएम शहबाज शरीफ ने पहलगाम हमले की स्वतंत्र जांच कराने का प्रस्ताव दिया था। भारत ने इस ऑफर को ठुकरा दिया और सिंधु जल संधि को निलंबित करने का ऐलान कर दिया। ये पूरी तरह से गलत है क्योंकि इसे एकतरफा निलंबित नहीं किया जा सकता। आप पाकिस्तान के 26 करोड़ लोगों को पानी से वंचित नहीं कर सकते हैं।'
आईडब्ल्यूटी करोड़ों पाकिस्तानियों की आजीविका का हिस्सा है। यह हमारी कृषि और हमारी खाद्य सुरक्षा से जुड़ा है।पानी को हथियार बनाना ठीक नहीं है। भारत को अंतरराष्ट्रीय संधि का सम्मान करना चाहिए।
इशाक डार ने अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष में पाकिस्तान की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि हमने एक बड़े युद्ध को रोकने की कोशिश की है। डार ने अमेरिका और ईरान के बीच हुई सीधी बातचीत की मेजबानी के लिए अपनी पीठ ठोकी, जिसके तहत 18 जून को इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर हुए थे।
डार ने आगे कहा, 'ईरान-अमेरिका में शांति कायम करने के लिए पाकिस्तान ने हार नहीं मानी है। हम अभी भी मेहनत कर रहे हैं। हम दोनों पक्षों को इस पर राजी करने की कोशिश कर रहे हैं कि वे 18 जून को किए गए समझौते का सम्मान करें और उसका पालन करें। पाकिस्तान का मानना है कि बातचीत से ही विवाद सुलझाए जा सकते हैं।'
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के संबंधों से जुड़े एक सवाल पर डार ने कहा कि हम चाहते हैं कि अफगानिस्तान एक स्थिर और आर्थिक रूप से सक्षम देश बने लेकिन काबुल में दहशतगर्दी को पनाह मिल रही है। डार ने दावा किया कि पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के सामने ऐसे सबूत पेश किए, जिनमें पाकिस्तान में हुए आतंकी हमलों के पीछे अफगानिस्तान और कुछ अन्य देशों का हाथ बताया गया है।