पाक मंत्री मुसादिक मलिक एससीओ बैठक में बने शायर,  कहा -  अंग्रेजी में बोलना अजीब लगता है,  गालिब को किया याद

दिल्ली में आयोजित पहले SCO सभ्यता संवाद मंच पर पाकिस्तान के मंत्री डॉ. मुसादिक मलिक ने अंग्रेजी बोलने पर खुद को असहज बताया और संबोधन की शुरुआत उर्दू शायरी से की। इस दौरान उन्होंने दिल्ली और लखनऊ को अदब का गढ़ बताया और मिर्जा गालिब की कब्र का जिक्र कर दिया।

Nov 21, 2026 - 21:19
 0
पाक मंत्री मुसादिक मलिक एससीओ बैठक में बने शायर,  कहा -  अंग्रेजी में बोलना अजीब लगता है,  गालिब को किया याद

नई दिल्ली। भारत की राजधानी नई दिल्ली में पहले एससीओ सभ्यता संवाद मंच में पाकिस्तान के मंत्री डॉ. मुसादिक मलिक ने अपने संबोधन की शुरुआत शेरो-शायरी से की। उन्होंने अपने संबोधन के दौरान गालिब का जिक्र बार-बार किया, साथ ही उन्होंने दिल्ली और लखनऊ को शायरी और अदब का गढ़ बताया। उन्होंने अंग्रेजी में बात करने को अजीब बताया और उर्दू में शानदार अंदाज में शायरी रखी। उन्होंने इस दौरान गालिब के पिता और दादा का भी जिक्र किया।

भारत आए पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक ने अपने संबोधन के शुरुआत में कहा कि यहां से कुछ ही दूर मिर्जा गालिब की कब्र है। इतने करीब बैठकर अंग्रेजी में बात करना मुझे बहुत अजीब लग रहा है। इसलिए मैंने सोचा कि आज मैं आपसे अपने दिल की आवाज में, यानी उर्दू में बात करूं। कितनी अजीब बात है कि गालिब के पिता और दादा समरकंद से आए थे।

उनकी तदफीन यहां निजामुद्दीन के पास हुई। गालिब खुद को फारसी का बहुत बड़ा कवि मानते थे, लेकिन दुनिया उन्हें उर्दू की वजह से जानती है। इसी जज्बे के साथ मैं आपके सामने हाजिर हुआ हूं। आवाजें तो बहुत सी हैं, शायर और भी हैं, दिल्ली बढ़ रहा है।

''गालिब फारसी-फारसी करते रहे, और दिल्ली ने ये कहा कि

हैं और भी दुनिया में सुखनवर बहुत अच्छे,

कहते हैं कि गालिब का है अंदाज-ए-बयां और।''

दिल्ली, लखनऊ और लाहौर तो शायरी और अदब के गढ़ हैं। लेकिन कहते हैं कि गालिब का है अंदाज-ए-बयां और। लेकिन आज हम सब जो यहां इकट्ठे हुए हैं, सब अपनी-अपनी आवाज लेकर आए हैं। सब अपनी-अपनी पहचान लेकर आए हैं। पर कहते हैं कि गालिब का है अंदाज-ए-बयां और। बता दें कि मुसादिक मलिक ने अपने संबोधन के दौरान भारत-पाकिस्तान के रिश्ते को लेकर भी बात की।

मुसादिक मलिक ने आने वाले समय में कल्चरल डायलॉग के माध्यम से दोनों देशों के रिश्तों में सुधार की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि जब तक बहुपक्षीय संवाद नहीं होंगे दोनों देशों के बीच रिश्ते नहीं सुधरने वाले हैं।