आगरा के खेरागढ़ क्षेत्र में किसान पर सांड़ का जानलेवा हमला, सींग पसली तोड़कर पेट में घुसा; जिंदगी के लिए जूझ रहा रमेश चंद

आगरा। खेत में काम कर रहे किसान पर आवारा सांड़ के जानलेवा हमले ने ग्रामीण क्षेत्रों में निराश्रित गोवंश की समस्या और उनके प्रबंधन की पोल खोल दी है। तहसील खैरागढ़ के ग्राम पंचायत बसई जगनेर के गांव हंसपुरा में सांड़ की जोरदार टक्कर से किसान रमेश चंद गंभीर रूप से घायल हो गए। सांड़ का सींग उनकी पसली तोड़ते हुए पेट में घुस गया। उन्हें उपचार के लिए आगरा के एसआर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

Nov 22, 2026 - 00:22
 0
आगरा के खेरागढ़ क्षेत्र में किसान पर सांड़ का जानलेवा हमला, सींग पसली तोड़कर पेट में घुसा; जिंदगी के लिए जूझ रहा रमेश चंद

हंसपुरा निवासी रमेश चंद पुत्र लखमी चंद शुक्रवार को अपने खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक आवारा सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। सांड़ की जोरदार हुड़ से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल आगरा लेकर पहुंचे और एसआर हॉस्पिटल में भर्ती कराया।

गौशालाओं के दावों के बीच खेतों में आवारा पशुओं का आतंक

प्रदेश में निराश्रित गोवंश के संरक्षण और गौशालाओं के संचालन की व्यवस्था के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा पशुओं की समस्या बनी हुई है। ये पशु खेतों में घुसकर फसलें बर्बाद कर रहे हैं। किसान रात-रात भर जागकर फसलों की रखवाली करने को मजबूर हैं। अब रमेश चंद पर हुए हमले ने यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि खेतों और सड़कों पर घूम रहे इन पशुओं से किसानों की सुरक्षा कैसे होगी।

अधिकारियों से गौशालाओं की जांच और पीड़ित को मदद देने की मांग

घटना के बाद जिला प्रशासन, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसील प्रशासन और ग्राम पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की अपेक्षा की गई है। मांग है कि क्षेत्र में घूम रहे निराश्रित गोवंश को सुरक्षित गौशालाओं तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाया जाए। साथ ही ग्राम पंचायत और ब्लॉक स्तर पर संचालित गौशालाओं की क्षमता और वास्तविक व्यवस्थाओं की जांच हो।

घायल किसान रमेश चंद के उपचार में हरसंभव सहयोग देने और शासन के प्रचलित नियमों के तहत आर्थिक सहायता अथवा मुआवजे की पात्रता की जांच कर उचित कार्रवाई करने की भी मांग की गई है।

SP_Singh AURGURU Editor