युवाओं के लिए वित्तीय बाजार में अवसरों की भरमार, लेकिन निवेश से पहले समझ और कौशल जरूरी: अश्वनी भाटिया, डीईआई में विद्यार्थियों को इक्विटी, म्यूचुअल फंड और डेरिवेटिव्स की दी जानकारी

आगरा। वित्तीय एवं पूंजी बाजार युवाओं के लिए रोजगार, निवेश और करियर के नए अवसर उपलब्ध करा रहे हैं, लेकिन इन क्षेत्रों में सफलता के लिए केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। बाजार की कार्यप्रणाली, व्यावहारिक समझ और निरंतर कौशल विकास भी जरूरी है। यह बात भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के पूर्व पूर्णकालिक सदस्य एवं भारतीय स्टेट बैंक के पूर्व प्रबंध निदेशक अश्वनी भाटिया ने दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (डीम्ड विश्वविद्यालय), आगरा में आयोजित विशेषज्ञ व्याख्यान में कही। उन्होंने विद्यार्थियों को वित्तीय बाजार की बारीकियों से परिचित कराते हुए बड़े सपने देखने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।

Nov 21, 2026 - 22:53
 0
युवाओं के लिए वित्तीय बाजार में अवसरों की भरमार, लेकिन निवेश से पहले समझ और कौशल जरूरी: अश्वनी भाटिया, डीईआई में विद्यार्थियों को इक्विटी, म्यूचुअल फंड और डेरिवेटिव्स की दी जानकारी
डीईआई के वाणिज्य संकाय में आयोजित विशेष व्याख्यान में विचार रखते स्टेट बैंक के पूर्व प्रबंध निदेशक अश्वनी भाटिया।

21 नवंबर को संस्थान के वाणिज्य संकाय की ओर से 'वित्तीय एवं पूंजी बाजार: युवाओं के लिए अवसर, चुनौतियां और सीख' विषय पर आयोजित व्याख्यान में मुख्य वक्ता अश्वनी भाटिया ने इक्विटी, म्यूचुअल फंड और डेरिवेटिव्स जैसे महत्वपूर्ण वित्तीय साधनों की कार्यप्रणाली को वास्तविक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से सरल ढंग से समझाया। उन्होंने बताया कि वित्तीय एवं पूंजी बाजार किस प्रकार काम करते हैं और इनमें निवेश के साथ-साथ युवाओं के लिए करियर की क्या संभावनाएं उपलब्ध हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को वित्तीय बाजारों के विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी देते हुए कहा कि बदलते आर्थिक परिवेश में युवाओं के लिए इन क्षेत्रों को समझना महत्वपूर्ण है। इसके लिए उन्हें अपने ज्ञान और कौशल को लगातार विकसित करना चाहिए तथा व्यावहारिक अनुभव हासिल कर भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करना चाहिए।

मुख्य वक्ता अश्वनी भाटिया भारतीय स्टेट बैंक के पूर्व प्रबंध निदेशक और सेबी के पूर्व पूर्णकालिक सदस्य रह चुके हैं। वह आईसीआईसीआई बैंक के निदेशक तथा निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस के चेयरपर्सन भी हैं। उनके बैंकिंग, वित्तीय नियमन और पूंजी बाजार से जुड़े व्यापक अनुभव ने विद्यार्थियों को विषय के व्यावहारिक पक्षों को समझने का अवसर प्रदान किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में वाणिज्य संकाय के डीन प्रो. प्रमोद कुमार ने मुख्य वक्ता अश्वनी भाटिया का स्वागत किया और उनके अनुभवों एवं उपलब्धियों से परिचित कराया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डीईआई के निदेशक प्रो. सी. पटवर्धन और रजिस्ट्रार प्रो. संजीव स्वामी का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का समन्वयन प्रो. निधि शर्मा ने किया। अंत में प्रो. स्वामी प्रसाद सक्सेना ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर वाणिज्य संकाय के सभी शिक्षक, शोधार्थी, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor