हॉकी टीम में राज्य नहीं, प्रदर्शन बनेगा चयन का आधार: मुख्य चयनकर्ता आरपी सिंह की खिलाड़ियों को दो टूक नसीहत, सोशल मीडिया छोड़ मेहनत पर दें ध्यान; देश के लिए खेलने का मौका बार-बार नहीं मिलता
आगरा। भारतीय हॉकी टीम में जगह बनाने के लिए किसी राज्य विशेष की पहचान नहीं, बल्कि मैदान पर किया गया प्रदर्शन मायने रखता है। चयन प्रक्रिया में खिलाड़ी की प्रतिभा और प्रदर्शन ही एकमात्र कसौटी है। यह कहना है भारतीय हॉकी टीम के मुख्य चयनकर्ता आरपी सिंह का। आगरा के एकलव्य स्टेडियम में अंडर-18 महिला फाइव-ए-साइड भारतीय टीम के चयन के लिए पहुंचे आरपी सिंह ने स्पष्ट किया कि जूनियर, सब-जूनियर और अंडर-18 सहित सभी वर्गों की टीमों में चयन पूरी तरह प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है। उन्होंने खिलाड़ियों को कड़ी मेहनत करने और सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने की सलाह भी दी।
आरपी सिंह के साथ पंजाब के बलविंदर सिंह और हरियाणा की जयदीप कौर भी चयन प्रक्रिया के लिए आगरा पहुंचे हैं। तीनों चयनकर्ता देशभर से आईं खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन कर रहे हैं। इस शिविर में 15 महिला खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं, जिनमें से 10 का चयन भारतीय अंडर-18 फाइव-ए-साइड टीम के लिए किया जाना है। चयनित खिलाड़ियों की घोषणा दिल्ली में की जाएगी।
सोशल मीडिया में उलझने के बजाय खेल पर दें ध्यान
शिविर में खिलाड़ियों से बातचीत के दौरान मुख्य चयनकर्ता आरपी सिंह ने कहा कि भारतीय टीम में जगह बनाने का अवसर बार-बार नहीं मिलता। इसलिए सभी खिलाड़ी अपनी पूरी क्षमता के साथ मेहनत करें और प्रदर्शन से अपनी पहचान बनाएं। उन्होंने सोशल मीडिया से दूर रहने की विशेष रूप से नसीहत दी। उनका कहना था कि खिलाड़ियों को अपना समय और ऊर्जा खेल के अभ्यास, फिटनेस और प्रदर्शन सुधारने में लगानी चाहिए।
शिविर में खिलाड़ियों को ओलंपियन रानी रामपाल प्रशिक्षण दे रही हैं, जो मुख्य कोच की भूमिका निभा रही हैं। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 10 खिलाड़ियों का दल आगरा में ही तीन दिसंबर तक अभ्यास करेगा। इस दौरान खिलाड़ियों को आगामी अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिहाज से तैयार किया जाएगा।
75 साल में पहली बार एशियाड में महिला-पुरुष दोनों टीमों की जीत
भारतीय हॉकी की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए आरपी सिंह ने कहा कि 75 साल के इतिहास में पहली बार एशियन गेम्स में भारत की महिला और पुरुष दोनों हॉकी टीमों ने स्वर्ण पदक जीतने में सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों से चयनकर्ता की जिम्मेदारी संभालने के दौरान भारतीय हॉकी ने देश और दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। सभी आयु वर्गों की टीमों के बेहतर प्रदर्शन के पीछे प्रतिभा आधारित चयन और खिलाड़ियों की मेहनत महत्वपूर्ण है।
फाइव-ए-साइड हॉकी को विश्व स्तर पर बढ़ावा देने की तैयारी
आरपी सिंह ने कहा कि अंडर-18 एशियाई फाइव-ए-साइड हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय बेटियां चैंपियन रह चुकी हैं। अब इस प्रारूप को विश्व कप में भी मान्यता मिल गई है। ऐसे में भारत को फाइव-ए-साइड हॉकी के विकास पर विशेष ध्यान देना होगा। इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर नियमित टूर्नामेंट आयोजित करने की जरूरत है, ताकि लड़कों और लड़कियों दोनों को अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिल सकें। आगामी विश्व कप में लगभग एक दर्जन टीमें हिस्सा लेंगी। उन्होंने कहा कि देश में इस प्रारूप को मजबूत बनाने के लिए जमीनी स्तर से प्रतिभाओं को तैयार करना होगा।
कैंप का पूरा खर्च उठाएगा हॉकी इंडिया
मुख्य चयनकर्ता ने बताया कि आगरा में चल रहे अंडर-18 महिला फाइव-ए-साइड हॉकी शिविर का पूरा खर्च हॉकी इंडिया वहन करेगा। भारतीय टीमें जब अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए विदेश जाती हैं, तो उनके यात्रा और अन्य आवश्यक खर्चों की जिम्मेदारी भी हॉकी इंडिया उठाता है।
दो चयनकर्ताओं को किया सम्मानित
भारतीय महिला अंडर-18 फाइव-ए-साइड टीम के चयन के लिए आगरा पहुंचे बलविंदर सिंह और जयदीप कौर को शिविर संयोजक राजीव सोई ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। हालांकि मुख्य चयनकर्ता आरपी सिंह ने स्मृति चिह्न लेने से इनकार कर दिया। इस अवसर पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा और हॉकी कोच विनय कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
-ताज सिटी न्यूज से साभार।