ब्रज की सब्जी मंडियों में प्लास्टिक को चुनौती देंगी वेंडिंग मशीनें, 10 रुपये का सिक्का डालते ही मिलेगा मजबूत थैला
मथुरा। ब्रज को प्लास्टिक मुक्त बनाने की मुहिम अब बाजारों तक पहुंचेगी। मथुरा-वृंदावन की सब्जी मंडियों और अन्य प्रमुख स्थानों पर वेंडिंग मशीनें लगाई जाएंगी, जिनमें 10 रुपये का सिक्का डालने पर लोगों को मजबूत थैला मिलेगा। खरीदारी के दौरान प्लास्टिक की थैलियों पर निर्भरता कम करने के साथ स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों को भी स्वच्छता अभियान से जोड़ा जाएगा, ताकि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश घर-घर तक पहुंचे।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन, नगर निगम और हार्टफुलनेस के संयुक्त तत्वावधान में ‘हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है’ संकल्प के साथ संचालित ब्रज स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान द्वितीय चरण में पहुंच गया है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में अभियान के कोर ग्रुप की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने द्वितीय चरण की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों को विशेष रूप से जोड़ा जाएगा। स्वच्छता संबंधी संदेशों वाले पंपलेट विद्यार्थियों के माध्यम से घर-घर पहुंचाए जाएंगे। पंपलेट पढ़ने के बाद बच्चे उन्हें इधर-उधर न फेंकें, इसके लिए उनकी वापसी की व्यवस्था भी की जाएगी। इन पंपलेट की उपलब्धता सामाजिक और व्यापारिक संगठनों के सहयोग से सुनिश्चित की जा रही है।
10 रुपये में मिलेगा मजबूत थैला
बैठक में वेंडिंग मशीन का प्रदर्शन भी किया गया। व्यापारी विपिन सिंघल ने मशीन की कार्यप्रणाली समझाते हुए बताया कि इसमें 10 रुपये का सिक्का डालने पर एक मजबूत थैला प्राप्त होगा। सब्जी मंडियों और अन्य प्रमुख स्थानों पर ऐसी मशीनें स्थापित की जाएंगी, जिससे खरीदारी के समय प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर इन थैलों का इस्तेमाल किया जा सकेगा। मशीनों के लिए थैलों की उपलब्धता सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवियों के सहयोग से सुनिश्चित की जाएगी, ताकि लोगों को नियमित रूप से यह सुविधा मिल सके।
बैठक में नगर निगम के उपनेता मुकेश सारस्वत, उद्यमी दीपक गोयल, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष अंकित बंसल, अन्नपूर्णा फाउंडेशन के राहुल अग्रवाल और फ्रेंड्स ऑफ वृंदावन के जगन्नाथ पोद्दार ने थैले एवं पंपलेट उपलब्ध कराने में सहयोग की जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रभारी ईको रेस्टोरेशन यूनिट मुकेश शर्मा, अपर सीईओ राजीव पांडेय, अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सहित कोर ग्रुप के अन्य सदस्य मौजूद रहे।