चंबल एक्सप्रेस लूटकांड में बड़ा खुलासा, एक करोड़ का सोना लेकर भाग रहा आरोपी बरेली में पकड़ा गया,  डीआरआई अधिकारी बनकर सराफा व्यापारी से लूटा था दो किलो सोना

-आरके सिंह- बरेली। बिहार में हावड़ा-इंदौर चंबल एक्सप्रेस में राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) का अधिकारी बनकर सराफा व्यापारी से करीब दो किलो सोना लूटने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को बरेली की मीरगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 880 ग्राम वजन के सोने के आठ बिस्कुट बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी लूटे गए सोने को ठिकाने लगाने और दूसरे राज्य में जाकर छिपने की तैयारी में था। पुलिस ने उसके पास से 12 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।

Nov 21, 2026 - 22:23
 0
चंबल एक्सप्रेस लूटकांड में बड़ा खुलासा, एक करोड़ का सोना लेकर भाग रहा आरोपी बरेली में पकड़ा गया,  डीआरआई अधिकारी बनकर सराफा व्यापारी से लूटा था दो किलो सोना
सराफा व्यापारी से दो किलो सोना लूटने वाला फर्जी डीआरआई अधिकारी पुलिस के कब्जे में। इसके बारे में जानकारी देतीं एसपी साउथ अंशिका वर्मा।

एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि 20 नवंबर 2026 को मीरगंज थाना पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने राहुल मौर्य पुत्र तुलसीराम को गिरफ्तार किया। 33 वर्षीय राहुल बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के नवादा शेखान का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से पीली धातु के आठ बिस्कुट मिले। इनका कुल वजन 880 ग्राम है। पूछताछ में आरोपी ने इन्हें सोने का बताया। पुलिस के अनुसार बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 1.10 करोड़ रुपये है।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में राहुल मौर्य ने स्वीकार किया कि 22 अक्टूबर 2026 को हावड़ा-इंदौर चंबल एक्सप्रेस में बिहार के भुआ रोड रेलवे स्टेशन के पास उसने अपने साथियों रोहित, सचिन, वरुण और धर्मेंद्र पटेल के साथ मिलकर सराफा व्यापारी से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। गिरोह के सदस्य खुद को राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) का अधिकारी बताकर व्यापारी के पास पहुंचे और उसके पास मौजूद करीब दो किलो सोना लूट लिया था। इस मामले में बिहार में मुकदमा दर्ज है।

एसपी दक्षिणी के अनुसार, पूछताछ में राहुल ने बताया कि उसके तीन साथी रोहित, सचिन और वरुण पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। वहीं वह लूटे गए सोने को ठिकाने लगाने के बाद किसी दूसरे राज्य में जाकर छिपने की फिराक में था। पुलिस अब बरामद सोने और गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका के संबंध में आगे की जांच कर रही है।

व्यापारी के साथ काम करने वाले ने जुटाई थी जानकारी

पुलिस पूछताछ में वारदात की साजिश से जुड़ा अहम तथ्य भी सामने आया है। राहुल के मुताबिक सचिन नाम का व्यक्ति सराफा व्यापारी के साथ काम करता था। उसी ने व्यापारी से संबंधित जरूरी जानकारियां जुटाई थीं और लूट की योजना तैयार करने में भूमिका निभाई थी। गिरोह ने व्यापारी की गतिविधियों और उसके पास मौजूद सोने की जानकारी हासिल करने के बाद वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने राहुल मौर्य के खिलाफ मीरगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 552/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में कार्रवाई की है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

SP_Singh AURGURU Editor