ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और जयकारों के बीच निकली सालिगराम जी की बरात, श्रीजगन्नाथ मंदिर में तुलसी-सालिगराम विवाह की धूम; मंगल गीतों पर झूमे सैकड़ों श्रद्धालु
आगरा। घर-घर में तुलसी सजी खड़ी, घनश्याम ढूंढ रहे गली-गली... जैसे भक्ति गीतों और श्रीहरि के जयकारों के बीच श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में तुलसी-सालिगराम विवाह महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। सतरंगी फूलों से सजे विवाह मंडप में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच तुलसी जी और सालिगराम जी का विवाह कराया गया। इससे पहले ओमप्रकाश एवं प्रमिला अग्रवाल के निवास से बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ सालिगराम जी की भव्य बारात निकली। रथ पर विराजमान सालिगराम जी को लेकर सैकड़ों श्रद्धालु नाचते-गाते मंदिर पहुंचे। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया गया। विवाह की रस्मों के दौरान मंगल गीतों और बधाइयों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
श्रीजगन्नाथ मंदिर में तुलसी-सालिगराम विवाह के लिए आकर्षक पुष्प मंडप सजाया गया था। तुलसी जी को लाल जोड़े और सोलह शृंगार से दुल्हन की तरह सजाया गया। सखियां मंगल गीत गाते हुए उन्हें विवाह मंडप तक लेकर पहुंचीं। उधर, वर पक्ष के ओमप्रकाश एवं प्रमिला अग्रवाल के निवास से विधि-विधान के साथ सालिगराम जी की बारात रवाना हुई। बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों की भक्तिमय धुनों पर बाराती झूमते-गाते आगे बढ़े। रास्ते में आतिशबाजी की गई और विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर बारातियों का स्वागत हुआ। मंदिर पहुंचने पर बारात का भव्य स्वागत किया गया।
वधू पक्ष की ओर से तुलसी जी के परिजन के रूप में कंचन मित्तल, अरनव मित्तल, ललित और रुचि मित्तल ने स्वागत की रस्म निभाई। उन्होंने थाल सजाकर बारात का अभिनंदन किया। कई श्रद्धालुओं ने उपहार अर्पित कर तुलसी जी का कन्यादान किया। वृंदावन से पधारे पंचतत्व प्रभु और आगरा इस्कॉन के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विवाह की सभी रस्में संपन्न कराईं।
विवाह समारोह में श्रद्धालुओं ने पारंपरिक मंगल गीत और शगुन के गीत गाए। ढोलक और मंजीरों की धुन पर भक्तों ने नृत्य कर अपनी खुशी और भक्ति प्रकट की। 'काला-काला रे सांवरिया, हरि-हरि तुलसी, बंसी बजाए रे सांवरिया...' जैसे भक्ति गीतों ने माहौल को और उल्लासपूर्ण बना दिया। बारात में दीपक, आरती, गौरव, उज्ज्वल, ऋषभ, निखर और पुष्पा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।
आयोजन में कामता प्रसाद अग्रवाल, आशू मित्तल, सुशील अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, राजेश उपाध्याय, संजय कुकरेजा, अदिति गौरांगी, ऋषभ गर्ग, रमेश अर्चना, शशांक प्रभु और विपिन अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। रविवार को विवाह के बाद तुलसी जी की विदाई की रस्म संपन्न होगी।