महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर पीएम मोदी का बड़ा बयान, हमारा इरादा अडिग, सभी रुकावटों को खत्म करेंगे
महिला आरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि सरकार नारी शक्ति से किए गए वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
नई दिल्ली। महिला आरक्षण पर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, हमने अपनी नारी शक्ति से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। पीएम मोदी ने वीडियो में कहा कि नारी शक्ति को भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है। सालों से मैं भी इसके लिए प्रयास करने वालों में से एक हूं। कितनी ही महिलाएं ये विषय मेरे सामने उठाती रही है।
कितनी ही बहनों ने पत्र के द्वारा मुझे सारी बातें बताई है। मैं जानता हूं देश की 100 फीसदी नारीशक्ति का आशर्वाद हमारे साथ है। मैं देश की हर नारी को विश्वास दिलाता हूं। हम महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाले हर रूकावट को खत्म करके रहेंगे, हटाकर करके रहेंगे। हमारा हौसला भी बुलंद है।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि हमारी हिम्मत अटूट है और हमारा इरादा भी अडिग है। महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां देश की नारी शक्ति को संसद और विधानसभाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने से कभी भी रोक नहीं पाएंगे। सिर्फ वक्त का इंतजार है।
इससे पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल की शुक्रवार को बैठक हुई थी। इस दौरान परिसीमन से जुड़े नये महिला आरक्षण विधेयक को संभवत: मंजूरी दे दी गई थी, जिसे अगले सप्ताह से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में पेश किए जाने की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की विशेष बैठक में इस विधेयक को मंजूरी के लिए पेश किया गया। ऐसा माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल ने कुछ संशोधनों के साथ इसे मंजूरी दे दी। इन संशोधनों का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि परिसीमन के बाद लोकसभा में किसी भी राज्य की हिस्सेदारी अन्य राज्यों की तुलना में कम न हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की यह बैठक दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में बुलाई गई थी, जिसमें इस विधेयक पर चर्चा की गई।