बेटी की अस्मिता का हत्यारा पिता उम्रकैद की सजा से दंडित, पॉक्सो अदालत ने लगाया 40 हजार रुपये जुर्माना
-आरके सिंह- बरेली। अपनी 13 वर्षीय नाबालिग बेटी को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में विशेष पॉक्सो अदालत ने पिता को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। विशेष पॉक्सो अदालत के न्यायाधीश नरेंद्र प्रकाश ने सुभाषनगर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले के निवासी 32 वर्षीय आरोपी को दोषी करार देते हुए 40 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। अदालत ने कहा कि यह केवल यौन अपराध नहीं, बल्कि पिता द्वारा अपनी ही संतान के साथ किया गया गंभीर और शर्मनाक कृत्य है, जो भरोसे की हत्या के समान है।
विशेष लोक अभियोजक सरनाम सिंह के अनुसार, घटना 14 मार्च 2024 की शाम की है। उस समय बच्ची घर में अकेली थी। उसकी मां पिता की शराब पीने की लत और हरकतों से परेशान होकर पहले ही घर छोड़ चुकी थी। बच्ची अपने दादा के साथ रहती थी। आरोप है कि इसी दौरान पिता ने उसे अकेला पाकर चाकू दिखाया और जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर बच्ची घर से बाहर भागी और पड़ोस की एक महिला से मदद मांगी।
बाद में बच्ची ने अपने दादा और बुआ को आपबीती सुनाई। उसने बताया कि पिता पहले भी उसके साथ ऐसी दरिंदगी कर चुका था। मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए परिजनों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से गुहार लगानी पड़ी। इसके बाद सुभाषनगर थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376(2)(एन), 506 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2), 5(एल) और 6 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
तत्कालीन इंस्पेक्टर राजबली सिंह ने मामले की विवेचना की। बच्ची के मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज बयान, चिकित्सकीय परीक्षण और आयु प्रमाण से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर 29 अप्रैल 2024 को अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया गया।
सुनवाई के दौरान अदालत ने आरोपी को जमानत नहीं दी। विशेष लोक अभियोजक सरनाम सिंह ने अभियोजन पक्ष की ओर से सात गवाह पेश किए। गवाहों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने आरोपी पिता को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि जुर्माने की धनराशि पीड़िता के पुनर्वास पर खर्च की जाएगी।