दयालबाग की आरएस गौशाला के 100 साल: पशु सेवा से प्राकृतिक खेती और आधुनिक डेयरी तकनीक तक बना अनूठा मॉडल, स्मार्ट सेंसर, ड्रोन निगरानी, बायोगैस और डेयरी शिक्षा से जुड़ी सेवा की अनूठी परंपरा

आगरा। पशु सेवा, प्राकृतिक खेती, आधुनिक दुग्ध उत्पादन, पर्यावरण संरक्षण और तकनीकी शिक्षा को एक साथ जोड़कर दयालबाग की आरएस गौशाला ने देश में अपनी अलग पहचान बनाई है। वर्ष 1926 में स्थापित यह गौशाला अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे कर रही है। गुरु महाराज प्रोफेसर प्रेम सरन सतसंगी साहब और रानी साहिबा के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन में यहां पारंपरिक पशुपालन को आधुनिक विज्ञान और तकनीक से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। सैकड़ों गायों, भैंसों के साथ बकरियों और ऊंटों का पालन, प्राकृतिक खाद का निर्माण, बायोगैस से बिजली उत्पादन और डेयरी टेक्नोलॉजी की शिक्षा इस व्यवस्था को विशिष्ट बना रहे हैं।

Nov 25, 2026 - 21:23
 0
दयालबाग की आरएस गौशाला के 100 साल: पशु सेवा से प्राकृतिक खेती और आधुनिक डेयरी तकनीक तक बना अनूठा मॉडल, स्मार्ट सेंसर, ड्रोन निगरानी, बायोगैस और डेयरी शिक्षा से जुड़ी सेवा की अनूठी परंपरा
गुरु महाराज प्रोफेसर प्रेम सरन सतसंगी साहब आर.एस. गौशाला की प्रगति, विभिन्न गतिविधियों एवं विकास कार्यों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का अवलोकन करते हुए।

गुरु महाराज का नियमित निरीक्षण, हर व्यवस्था पर नजर

गौशाला की विशेषता यह है कि गुरु महाराज प्रोफेसर प्रेम सरन सतसंगी साहब और रानी साहिबा कृषि कार्य की प्रत्येक शिफ्ट के दौरान खेतों में पहुंचते हैं और कृषि कार्य के बाद नियमित रूप से गौशाला का भी निरीक्षण करते हैं। वे पशुओं के स्वास्थ्य, खानपान, साफ-सफाई और देखभाल की व्यवस्थाओं को देखते हैं तथा आवश्यक सुझाव और दिशा-निर्देश देते हैं। उनके प्रत्यक्ष मार्गदर्शन में गौशाला की व्यवस्थाओं और दुग्ध उत्पादन में लगातार सुधार किया जा रहा है।

यहां गायों और भैंसों के साथ बकरियों तथा ऊंटों का भी पालन होता है। पशुओं को परिवार के सदस्यों की तरह स्नेह दिया जाता है और उन्हें नाम से पुकारने की परंपरा है। उनकी शारीरिक सक्रियता और स्वास्थ्य के लिए खुले मैदानों में चराई तथा भ्रमण की व्यवस्था है। दूध देने वाले पशुओं को प्रतिदिन दो शिफ्टों में लंबे समय तक खुले वातावरण में रखा जाता है। गौशाला परिसर में लगातार 'रा-धा-स्वा-आ-मी' नाम की मधुर ध्वनि का प्रसारण होता रहता है, जिसे यहां संगीत चिकित्सा के रूप में भी अपनाया गया है।

सर्दियों में विशेष आहार और गर्म जैकेट

मौसम के अनुसार पशुओं की देखभाल के विशेष इंतजाम किए जाते हैं। सर्दियों में उन्हें ठंड से बचाने के लिए गर्म सुरक्षा जैकेट पहनाई जाती हैं और रहने के स्थानों पर सूखे बिछावन की व्यवस्था रहती है। उनके आहार में पौष्टिक मिलेट्स यानी मोटा अनाज, गुड़ और गर्म दलिया शामिल किया जाता है। औषधीय जड़ी-बूटियों से तैयार काढ़ा भी दिया जाता है। अनुभवी पशु चिकित्सकों की टीम नियमित जांच और आवश्यक उपचार की जिम्मेदारी संभालती है।

स्मार्ट सेंसर, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी

आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल में भी गौशाला आगे है। गायों की गतिविधियों और स्वास्थ्य में होने वाले बदलावों पर नजर रखने के लिए उनके गले में स्मार्ट सेंसर लगाए गए हैं। ड्रोन कैमरों से पशुओं की चराई और परिसर की गतिविधियों की निगरानी होती है। ड्रोन पर लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से जरूरत पड़ने पर मैदान में काम कर रही टीमों को निर्देश दिए जाते हैं। इसके अलावा 40 से अधिक सीसीटीवी कैमरों और फाइबर ऑप्टिक नेटवर्क के जरिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जाती है। बड़े स्तर पर पशुपालन की जरूरतों के लिए कम लागत वाले तकनीकी समाधान भी अपनाए जा रहे हैं।

गोबर और गोमूत्र से प्राकृतिक खेती को बढ़ावा

गौशाला का योगदान दयालबाग की प्राकृतिक खेती व्यवस्था में भी महत्वपूर्ण है। यहां प्राप्त गोबर और गोमूत्र से जीवामृत तथा घनजीवामृत तैयार किया जाता है, जिसका उपयोग खेतों में किया जाता है। रासायनिक खाद और कीटनाशकों पर निर्भरता घटाकर प्राकृतिक तरीकों से मिट्टी की गुणवत्ता और उपजाऊ क्षमता बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। इस व्यवस्था में केंचुओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। वे मिट्टी को भुरभुरा बनाते हैं और उसमें ऐसे रास्ते तैयार करते हैं, जिनसे वर्षा का पानी जमीन के भीतर पहुंचने और भूजल स्तर बढ़ाने में मदद मिलती है।

पर्यावरण संरक्षण के लिए दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (डीईआई) के सहयोग से गौशाला में बायोगैस संयंत्र भी संचालित है। पशुओं के गोबर से निकलने वाली मीथेन गैस को वातावरण में फैलने से रोककर बिजली उत्पादन में इस्तेमाल किया जाता है। इससे ऊर्जा की जरूरत पूरी करने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।

1926 में गौशाला, 1929 में आरईआई डेयरी की स्थापना

दयालबाग में डेयरी विकास का इतिहास भी गौरवशाली है। गौशाला की स्थापना 1926 में हुई थी, जबकि आरईआई डेयरी की औपचारिक स्थापना वर्ष 1929 में हुजूर साहबजी महाराज ने की थी। वर्ष 1931 में डेयरी को डेनिश मॉडल पर बने भवन में स्थानांतरित किया गया। उस दौर में भी आधुनिक मशीनों से दूध का प्रसंस्करण, पाश्चुरीकरण और पैकेजिंग की जाती थी। आरईआई डेयरी के 'क्यूपिड' ब्रांड के मक्खन और अन्य दुग्ध उत्पादों ने गुणवत्ता और स्वाद के कारण विशेष पहचान बनाई थी।

डेयरी टेक्नोलॉजी में पढ़ाई के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण

इस विरासत को आगे बढ़ाते हुए दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट ने डेयरी टेक्नोलॉजी को उच्च शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण से जोड़ा है। संस्थान में वर्ष 2015 में बीवॉक डेयरी टेक्नोलॉजी कार्यक्रम शुरू किया गया। इसके बाद एमवॉक और पीएचडी स्तर के पाठ्यक्रम भी शुरू हुए। इनमें डेयरी फार्मिंग, डेयरी टेक्नोलॉजी, डेयरी माइक्रोबायोलॉजी, डेयरी केमिस्ट्री, डेयरी प्रबंधन और इंजीनियरिंग जैसे विषय शामिल हैं। विद्यार्थियों को लगभग 40 प्रतिशत सैद्धांतिक और 60 प्रतिशत व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाता है।

संस्थान का विद्यार्थियों द्वारा संचालित मिनी डेयरी प्लांट इस व्यवस्था की खास उपलब्धि है। यहां दूध के प्रसंस्करण, गुणवत्ता जांच, पैकेजिंग और विभिन्न दुग्ध उत्पाद तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जाता है। प्लांट में फ्लेवर्ड मिल्क, श्रीखंड, विभिन्न प्रकार की बर्फी, कलाकंद, बासुंदी, मिष्टी दही, नमकीन मक्खन, प्रोबायोटिक योगर्ट, चॉकलेट और आइसक्रीम तैयार की जाती हैं। इनमें प्राकृतिक सामग्री का उपयोग किया जाता है तथा कृत्रिम रंग, फ्लेवर और प्रिजर्वेटिव से परहेज किया जाता है। उत्पाद संस्थान और स्थानीय समुदाय को उचित दरों पर उपलब्ध कराए जाते हैं।

दूध और खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए डीईआई में आधुनिक स्मार्ट फूड क्वालिटी टेस्टिंग लैब भी स्थापित की गई है। यहां माइक्रोबायोलॉजिकल और केमिकल जांच के लिए आधुनिक उपकरण उपलब्ध हैं। डेयरी प्लांट में सौर ऊर्जा का भी उपयोग किया जाता है।

ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंची डेयरी शिक्षा

डीईआई की यह पहल आगरा तक सीमित नहीं है। डेयरी टेक्नोलॉजी के व्यावसायिक पाठ्यक्रमों और मिनी डेयरी प्लांट की सुविधाओं को दूरदराज के ग्रामीण तथा जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए टिमरनी, राजाबोरारी और अमृतसर स्थित संस्थान के केंद्रों पर भी कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता के साथ उद्यमिता और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है।

सेवा और सामुदायिक भागीदारी की मिसाल

गौशाला की व्यवस्थाओं में दयालबाग के निवासियों और आगरा के नागरिकों की भागीदारी भी उल्लेखनीय है। बड़ी संख्या में लोग पशुओं को चारा देने, उनकी देखभाल, साफ-सफाई और अन्य कार्यों में दिन-रात सेवा करते हैं। सुबह खेतों में कृषि कार्य और सेवा करने वाले स्वयंसेवकों तथा बच्चों को पौष्टिक गर्म दूध उपलब्ध कराया जाता है। गौशाला का दूध संस्थान और स्थानीय समुदाय के लोगों तक सुलभ दरों पर पहुंचता है। यह व्यवस्था पौष्टिक आहार और शुद्ध शाकाहारी जीवनशैली को प्रोत्साहित करने की भावना से जुड़ी है।

दयालबाग की आरएस गौशाला की एक सदी की यात्रा पशु सेवा से आगे बढ़कर प्राकृतिक खेती, पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक डेयरी तकनीक, शिक्षा और सामाजिक सहभागिता का व्यापक उदाहरण बन गई है। प्रोफेसर प्रेम सरन सतसंगी साहब और रानी साहिबा के मार्गदर्शन में विकसित यह मॉडल परंपरा और आधुनिकता के समन्वय के साथ सेवा, आत्मनिर्भरता और सतत विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor