सपा ने दिया कुल 26 सीटों का आफर,  बिफरी कांग्रेस बोली- हम भीख नहीं मांग रहे,  दोनों दलों में तनातनी बढी

यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन के बीच सीट शेयरिंग के मुद्दे पर चर्चा चल रही है। इस बीच 26 सीटों के मुद्दे पर अखिलेश यादव का बड़ा बयान आया है।

Nov 24, 2026 - 20:52
 0
सपा ने दिया कुल 26 सीटों का आफर,  बिफरी कांग्रेस बोली- हम भीख नहीं मांग रहे,  दोनों दलों में तनातनी बढी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन का फार्मूला तय किए जाने को लेकर बैठक चल रही है। बैठक के दूसरे दिन सीटों के बंटवारे के मुद्दे पर दोनों दलों के नेताओं के बीच चर्चा हुई। इस क्रम में समाजवादी पार्टी की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों का ऑफर दिया गया। इसके बाद कई प्रकार के बयान सामने आने लगे। कांग्रेस नेताओं की ओर से 'भीख' जैसे शब्दों का प्रयोग किया गया। अब इस मामले पर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव का बड़ा बयान सामने आया है। सपा अध्यक्ष ने कहा है कि जीतने वाली 26 सीटों से शुरुआत की गई है। इसके जरिए वह कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर पार्टी के पक्ष को एक अलग अंदाज में रखते दिखे हैं।

सपा-कांग्रेस गठबंधन के बीच सीट शेयरिंग के फॉर्मूला को तय किए जाने को लेकर बैठक के बीच समाजवादी पार्टी अध्यक्ष का बयान चर्चा में आ गया है। सपा अध्यक्ष ने सोशल मीडिया एक्स पर किए गए पोस्ट में कहा कि जीतनेवाली पहली '26 सीटों' से शुरुआत हुई है। उन्होंने आगे कहा कि मिल-जुलकर समझदारी से और आगे बात बढ़ेगी। इस बयान के जरिए सपा अध्यक्ष ने पार्टी के पक्ष को स्पष्ट कर दिया है।

कांग्रेस की ओर से 181 सीटों पर दावेदारी के बीच 26 सीटों से शुरुआत को एक अलग नजरिए से देखा जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का दावा है कि अखिलेश यादव ने सीट बंटवारे में मोल-भाव का ऐसा अंतर ला दिया है, जिस पर अब कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को भी सोचना पड़ेगा।

कांग्रेस की ओर से समाजवादी पार्टी के साथ सीट शेयरिंग को लेकर बैठक के बीच भी लगातार दावे किए जाते रहे। पिछले दिनों 200, 181 और 150 से अधिक सीटों वाले दावे पार्टी के प्रदेश स्तर के शीर्ष नेताओं की ओर से किए गए। कांग्रेस ने सभी सीटों पर चुनावी तैयारी करने के संकेत दिए। दरअसल, 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी अकेले सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारी थी। हालांकि, दो सीटों पर ही पार्टी को जीत मिली थी।

समाजवादी पार्टी की ओर से कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग फार्मूला तय किए जाने के दौरान दी जाने वाली सीटों पर रुख साफ किया गया। कांग्रेस के नेताओं को बैठक में बताया गया कि यूपी चुनाव 2022 ही सीट शेयरिंग का आधार होगा। इसमें पार्टी ने कांग्रेस की जीती दो सीटें देने की बात कही गई। साथ ही, जिन चार सीटों पर पार्टी दूसरे स्थान पर रही थी, उसे भी कांग्रेस के लिए छोड़ने का निर्णय लिया गया है।

सपा के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव रामगोपाल यादव ने साफ किया कि हम इसके अलावा कांग्रेस को उन 20 सीटों का ऑफर दे रहे हैं, जहां पार्टी डेढ़ से दो हजार वोट हासिल कर सकी थी। वहां सपा को 60 से 70 हजार वोट मिले थे। रामगोपाल यादव के बयान के बाद अखिलेश यादव के बयान ने कांग्रेस को बहुत अधिक उम्मीद न रखने का सीधा संदेश दे दिया है।

यूपी चुनाव को लेकर कांग्रेस को 26 सीटों का ऑफर दिए जाने को लेकर चर्चा का बाजार गरमाया हुआ है। इस मामले को लेकर यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि हमने कोई भीख तो नहीं मांगी है। वहीं, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम पहले से ही कांग्रेस को राष्ट्रीय स्तर की पार्टी बताकर गठबंधन में समानता की बात कर चुके हैं। दलों के बीच सम्मान की बात कही गई है। वहीं, सपा अध्यक्ष ने बैठकों के बीच पार्टी की ओर से दिए गए प्रस्ताव पर अपनी हामी के जरिए इसमें कुछ मोल-भाव की गुंजाइश छोड़ने का संदेश दिया है।