आर्थिक मजबूरी नहीं रोक सकी बेटियों की शादी, लायंस क्लब प्रयास ने सात कन्याओं का किया कन्यादान

लायंस क्लब प्रयास ने दयालबाग के बूढ़ी के नगला स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में सात निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह कराकर उनके जीवन में खुशियों की नई शुरुआत की। वैदिक मंत्रों के बीच सात जोड़ों ने विवाह किया। क्लब की ओर से नवदंपतियों को सोने-चांदी के आभूषण, मंगलसूत्र और गृहस्थी का सामान भेंट किया गया।

Nov 22, 2026 - 15:46
 0
आर्थिक मजबूरी नहीं रोक सकी बेटियों की शादी, लायंस क्लब प्रयास ने सात कन्याओं का किया कन्यादान
बूढ़ी का नगला, दयालबाग स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में लायंस क्लब प्रयास द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में वर वधुओं को आशीर्वाद देतीं शेफाली भगत। साथ हैं लायंस क्लब के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र चौहान, अशु मित्तल, गीतिका अग्रवाल, संजीव मित्तल, विनीत खेरा आदि।

बैंड-बाजों के बीच घोड़ों पर सवार होकर पहुंचे दूल्हे, वैदिक मंत्रों के साथ सात जोड़ों ने लिए फेरे, नवदंपतियों को आभूषण और गृहस्थी का सामान भेंट

आगरा। किसी पिता के लिए बेटी की शादी जीवन का सबसे भावुक और यादगार पल होता है, लेकिन आर्थिक तंगी कई परिवारों के इन सपनों पर बोझ बन जाती है। ऐसे परिवारों की चिंता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए लायंस क्लब प्रयास ने सात निर्धन कन्याओं के विवाह कराकर उनके जीवन में खुशियों की नई रोशनी भर दी। रविवार को दयालबाग के बूढ़ी के नगला स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में सात बेटियां पूरे सम्मान और धूमधाम के साथ अपने नए जीवन की दहलीज पर पहुंचीं।

समारोह में सातों दूल्हे घोड़ों पर सवार होकर बैंड-बाजों के साथ विवाह स्थल पहुंचे। मंगलगीतों, उत्सवी माहौल और परिजनों की खुशियों के बीच सातों जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए। सात वचनों के साथ जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया। विवाह की खुशियों के बीच कई परिजनों की आंखें भावुकता से नम हो गईं। बेटियों को सम्मान के साथ विदा होते देख उनके चेहरे पर खुशी और संतोष झलक रहा था।

समारोह की मुख्य अतिथि एडीजी आगरा की पत्नी शेफाली भगत ने नवविवाहित कन्याओं को चांदी के सिक्के भेंट किए। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब प्रयास का यह आयोजन बेहद सुंदर और सराहनीय पहल है। विवाह हर जोड़े के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। जरूरतमंद परिवारों के इस सपने को साकार करने में सहयोग देना वास्तव में मानवता की सेवा है।

विशिष्ट अतिथि लायंस क्लब के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र चौहान ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की मदद करना समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। सात कन्याओं के विवाह की जिम्मेदारी निभाकर लायंस क्लब प्रयास ने अनुकरणीय कार्य किया है। उन्होंने सभी नवदंपतियों को सुखद, समृद्ध और खुशहाल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।

क्लब की पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल ने बताया कि सातों जोड़ों को क्लब की ओर से सोने-चांदी के आभूषण, मंगलसूत्र और गृहस्थी का आवश्यक सामान भेंट किया गया। इसका उद्देश्य बेटियों को उनके नए जीवन की शुरुआत में सहयोग देना और उन्हें सम्मान के साथ विदा करना है।

क्लब अध्यक्ष गीतिका अग्रवाल ने कहा कि क्लब का उद्देश्य सिर्फ विवाह संपन्न कराना नहीं, बल्कि उन परिवारों की चिंता और जिम्मेदारी साझा करना भी है, जो आर्थिक परिस्थितियों के कारण अपनी बेटियों के विवाह को लेकर परेशान रहते हैं। सात बेटियों को नए जीवन की दहलीज तक पहुंचाना क्लब के लिए गर्व और आत्मसंतोष का विषय है।

समारोह के अंत में अतिथियों और क्लब पदाधिकारियों ने सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए भावपूर्ण विदाई दी। कार्यक्रम का संचालन अशु मित्तल ने किया। इस अवसर पर अध्यक्ष गीतिका अग्रवाल, सचिव आलोक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष पुनीत बागला, संजीव मित्तल, विनीत खेड़ा, अनिल मगन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।