कांग्रेस की शंखनाद रैली में खाली कुर्सियां, मंच पर माइक को लेकर नेताओं में भिड़ंत

आगरा के रोहता में कांग्रेस की शंखनाद रैली में पार्टी दो हजार लोगों की भीड़ भी नहीं जुटा सकी। प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा करीब चार घंटे की देरी से पहुंचीं, तब तक पंडाल की अधिकांश कुर्सियां खाली हो चुकी थीं। कार्यक्रम के दौरान महानगर अध्यक्ष अमित सिंह और कांग्रेस पदाधिकारी मुकेश डागुर के बीच माइक को लेकर मंच पर तीखी बहस हुई, जिसका वीडियो वायरल है। रैली में कांग्रेस ने 2027 चुनाव, इंडिया गठबंधन के सीट बंटवारे, बेरोजगारी, किसान और भाजपा पर धर्म की राजनीति करने के आरोपों को लेकर अपनी बात रखी।

Nov 21, 2026 - 21:30
 0
कांग्रेस की शंखनाद रैली में खाली कुर्सियां, मंच पर माइक को लेकर नेताओं में भिड़ंत
मंच पर नेताओं की भिड़ंत और नीचे खाली कुर्सी।

रोहता में दो हजार की भीड़ भी नहीं जुटा सकी कांग्रेस, चार घंटे देरी से पहुंचीं प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा; भाषण के दौरान खाली पड़ा रहा पंडाल

आगरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच आगरा से चुनावी शंखनाद करने पहुंची कांग्रेस को शनिवार को अपनी रैली में अपेक्षित जनसमर्थन नहीं मिल सका। आगरा ग्रामीण और खैरागढ़ विधानसभा सीटों पर पार्टी की स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से रोहता में आयोजित मंडलीय शंखनाद रैली में दो हजार लोगों की भीड़ भी नहीं जुट सकी। एक तरफ पंडाल में खाली कुर्सियां पार्टी की कमजोर भीड़ जुटाने की क्षमता की तस्वीर दिखाती रहीं, वहीं दूसरी ओर मंच पर नेताओं के बीच माइक को लेकर हुई तीखी भिड़ंत ने कार्यक्रम की किरकिरी करा दी।

रैली में प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा (मोना) समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को शामिल होना था। हालांकि, प्रदेश अध्यक्ष करीब चार घंटे की देरी से कार्यक्रम स्थल पहुंचीं। उनके आने से पहले स्थानीय नेताओं के भाषण चल रहे थे। इसी दौरान मंच पर महानगर अध्यक्ष अमित सिंह और कांग्रेस पदाधिकारी मुकेश डागुर के बीच माइक को लेकर विवाद हो गया। दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और मामला आमने-सामने की तकरार तक पहुंच गया। मंच पर मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर स्थिति संभालने की कोशिश की। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

माइक के लिए मंच पर भिड़े नेता, दूसरे कार्यकर्ताओं ने संभाला मामला

रैली के दौरान महानगर अध्यक्ष अमित सिंह माइक लेकर संबोधन कर रहे थे। इसी बीच मुकेश डागुर ने अपनी बात रखने के लिए माइक लेना चाहा। इस पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मामला इतना बढ़ा कि मंच पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं को हस्तक्षेप करना पड़ा।

वायरल वीडियो में अमित सिंह कहते सुनाई दे रहे हैं कि मुकेश भाई को बोलने से मना नहीं किया गया, लेकिन उनका तरीका गलत है। उन्होंने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी का मंच है। यहां पार्टी में नए लोगों को जोड़ने के लिए भी कार्यक्रम किया जा रहा है, इसलिए सभी को एकजुटता बनाए रखनी चाहिए।

इसके बाद एक कार्यकर्ता मुकेश डागुर को माइक सौंप देता है। माइक मिलने पर मुकेश डागुर भी नाराजगी जाहिर करते हुए कहते हैं कि वह शिक्षा क्षेत्र से आते हैं और बदतमीजी करना उन्हें भी आता है, लेकिन वह बदतमीजी बर्दाश्त नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि वह केवल दो विषय जोड़ना चाहते थे और किसानों की बात उठाना चाहते थे। मंच पर वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुए इस विवाद से कार्यकर्ताओं के बीच भी असहजता का माहौल बन गया।

प्रदेश अध्यक्ष के आने तक खाली हो गईं कुर्सियां

कांग्रेस ने आगरा, फिरोजाबाद समेत आगरा मंडल के चार जिलों से कार्यकर्ताओं को रैली में जुटाने का दावा किया था। कार्यक्रम स्थल पर करीब दो हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था भी नहीं थी, लेकिन भीड़ उससे भी कम रही। रैली में पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की शिकायतें भी सामने आईं। इसके चलते कुछ लोग कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर चले गए। प्रदेश अध्यक्ष के पहुंचने में लगातार देरी के कारण कार्यक्रम स्थल से कार्यकर्ताओं और लोगों का लौटना जारी रहा। करीब चार घंटे की देरी से आराधना मिश्रा जब मंच पर पहुंचीं और संबोधन शुरू किया, तब तक पंडाल की अधिकांश कुर्सियां खाली हो चुकी थीं। खाली कुर्सियों के वीडियो भी सामने आए हैं, जो कांग्रेस की इस चुनावी रैली में भीड़ जुटाने की चुनौती को उजागर कर रहे हैं।

सीट बंटवारे पर दो दिन में बैठक, कांग्रेस ने सूची सौंपने का किया दावा

विधानसभा चुनाव 2027 में इंडिया गठबंधन के तहत सीटों के बंटवारे को लेकर आराधना मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस अपनी सूची दे चुकी है। दो दिन में गठबंधन की बैठक होगी, जिसमें सीटों को लेकर चर्चा की जाएगी। लखनऊ और दिल्ली में दोनों दलों के नेता बातचीत करेंगे। उन्होंने गठबंधन की बातचीत को सकारात्मक बताते हुए जल्द निर्णय होने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी जाति, बिरादरी और धर्म के आधार पर राजनीति नहीं की, बल्कि हमेशा सभी वर्गों के अधिकारों की बात की है। गठबंधन को लोकतंत्र की सामान्य प्रक्रिया बताते हुए उन्होंने ओवैसी के चुनाव लड़ने पर कहा कि 2022 और 2024 में उन्हें 0.5 प्रतिशत से भी कम वोट मिले थे। उत्तर प्रदेश की जनता समझदारी से फैसला करेगी।

भाजपा पर धर्म और आस्था के नाम पर राजनीति का आरोप

प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर धर्म और आस्था के नाम पर वोट मांगने का आरोप लगाते हुए कहा कि राम के नाम पर सत्ता हासिल करने के बाद चढ़ावे और चंदे में चोरी के आरोप सामने आना सनातन धर्म की आस्था को चोट पहुंचाता है। उन्होंने अयोध्या और काशी में भाजपा की हार का जिक्र करते हुए कहा कि अब पार्टी मथुरा की ओर बढ़ रही है, लेकिन बांके बिहारी का आशीर्वाद कांग्रेस के साथ है। आगरा के विकास और रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कभी आगरा पूरे देश को रोजगार देने के लिए जाना जाता था, लेकिन अब रोजगार के अवसर कम हो रहे हैं और नए उद्योग बंद हो रहे हैं। कांग्रेस इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।

प्रदेश प्रभारी ने भाजपा पर वोट और आस्था चुराने का लगाया आरोप

प्रदेश प्रभारी ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा लोगों के वोट, सांसद और दूसरी पार्टियों को चुराने का काम करती है। उन्होंने किसानों, गन्ना किसानों के बकाया भुगतान, बेरोजगारी, दलित उत्पीड़न, महिला सुरक्षा और युवाओं की शिक्षा जैसे मुद्दे उठाए। प्रदेश प्रभारी ने आरोप लगाया कि किसानों को उनकी उपज का उचित लाभ नहीं मिल रहा है और गन्ना किसानों का मिलों पर हजारों करोड़ रुपये बकाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन इन मुद्दों को लेकर भाजपा के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। सीटों के बंटवारे पर उन्होंने भी बताया कि सूची सौंप दी गई है और 22 व 24 नवंबर को होने वाली बैठकों में इस पर चर्चा की जाएगी।