लौटती बारात पर घात लगाकर हमला, लाठी-डंडों और सरियों से पीटा, पांच लहूलुहान

टप्पल से शादी समारोह में शामिल होकर आगरा लौट रही बारात के लोगों पर रविवार सुबह करीब चार बजे ट्रांस यमुना क्षेत्र के विकास नगर में बघेल डेयरी के पास हमला कर दिया गया। बस में बच्चों की सीट को लेकर पवन और योगेश के बीच हुई कहासुनी के बाद आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने बारातियों को घेरकर लाठी-डंडों और सरियों से पीटा। पांच लोग घायल हुए, जिन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Nov 22, 2026 - 14:30
 0
लौटती बारात पर घात लगाकर हमला, लाठी-डंडों और सरियों से पीटा, पांच लहूलुहान

ट्रांस यमुना के विकास नगर में सुबह चार बजे वारदात, बघेल डेयरी के पास बारातियों को घेरा, घायल एसएन में भर्ती

आगरा। शादी की खुशियां उस समय दहशत में बदल गईं, जब टप्पल से लौट रही बारात के लोगों पर आगरा में घात लगाकर हमला कर दिया गया। बच्चों की सीट को लेकर बस में हुई मामूली कहासुनी ने ऐसा तूल पकड़ा कि सुबह करीब चार बजे विकास नगर में बघेल डेयरी के पास बारातियों को घेरकर लाठी-डंडों और लोहे की सरियों से बेरहमी से पीटा गया। अचानक हुए हमले में छत्रपाल, लोकेश, गौरव और योगेश समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

घटना थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के शहदरा की है। बताया गया है कि बारात टप्पल से शादी समारोह संपन्न होने के बाद आगरा लौट रही थी। रास्ते में बस में बच्चों की सीट को लेकर विवाद हो गया। इसी बात पर बच्चों के पिता पवन और योगेश के बीच कहासुनी शुरू हो गई। दोनों के बीच विवाद बढ़ने पर एक-दूसरे को देख लेने की धमकी तक दी गई। उस समय मामला शांत होता दिखाई दिया, लेकिन विवाद ने आगे चलकर हिंसक रूप ले लिया।

बस में हुई कहासुनी, रास्ते में तैयार बैठे थे हमलावर

शहदरा चौकी प्रभारी हिमांशु सैनी के अनुसार, बारात से लौटते समय बस में बच्चों के बीच सीट को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद बच्चों के पिता पवन और योगेश आमने-सामने आ गए और दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष ने दूसरे को देख लेने की धमकी दी थी। इसी बीच बस से किसी व्यक्ति ने शहदरा में दूसरे पक्ष के लोगों को विवाद की जानकारी दे दी। रविवार सुबह करीब चार बजे जैसे ही बारात विकास नगर पहुंची, बघेल डेयरी के पास पहले से मौजूद लोगों ने बारातियों को घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने बिना कोई मौका दिए लाठी-डंडों और लोहे की सरियों से हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से बारातियों में भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई। बचाव की कोशिश कर रहे लोगों को भी निशाना बनाया गया। मारपीट में पांच लोग घायल हो गए।

नामजद लोगों समेत कई पर हमले का आरोप

घायल लोकेश ने आरोप लगाया कि निरंजन, टिंकू, पवन, बंटी समेत अन्य लोगों ने बारातियों पर हमला किया। मारपीट में छत्रपाल, लोकेश, गौरव और योगेश समेत पांच लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद घायलों को तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। शादी में बच्चों की सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद घर लौटते समय खूनी संघर्ष में बदल गया। तड़के सड़क पर हुए हमले से क्षेत्र में भी सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।