आजम खान की राजनीति का अंतिम समय, जनता ने पूरी तरह नकारा : जेपीएस राठौर; बोले- रस्सी जल गई, पर बल नहीं गया- बरेली में सहकारिता मंत्री ने सपा नेता के 'इंकलाब' वाले बयान पर कसा तंज

-आरके सिंह- बरेली। जेल से रिहा होने के बाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के 'इंकलाब आने' संबंधी बयान पर उत्तर प्रदेश सरकार के सहकारिता मंत्री और बरेली के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आजम खान अपनी राजनीतिक जमीन पूरी तरह खो चुके हैं। जनता उनके कार्यकाल को देख चुकी है। तंज कसते हुए उन्होंने कहा, 'रस्सी जल गई, पर बल नहीं गया' और अब उनकी राजनीति का भी अंतिम समय आ गया है।

Nov 23, 2026 - 00:21
 0
आजम खान की राजनीति का अंतिम समय, जनता ने पूरी तरह नकारा : जेपीएस राठौर; बोले- रस्सी जल गई, पर बल नहीं गया- बरेली में सहकारिता मंत्री ने सपा नेता के 'इंकलाब' वाले बयान पर कसा तंज

रविवार को बरेली सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान राठौर ने मतदाता सूची से गायब हुए नामों को जुड़वाने के लिए भाजपा के विशेष अभियान की जानकारी दी। इससे पहले उन्होंने पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर बूथ स्तर पर अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से छूटे नामों की तलाश कर उन्हें दोबारा जुड़वाया जाएगा।

मंत्री ने बताया कि 22, 23 और 24 नवंबर को बूथ अध्यक्ष से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक पार्टी के सभी नेता किसी न किसी बूथ पर मौजूद रहेंगे। कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची से गायब नामों की पहचान कर उन्हें जुड़वाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पीडीए पदयात्रा और फर्जी वोट के आरोपों पर पलटवार

समाजवादी पार्टी की पीडीए पदयात्रा और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से फर्जी वोट बनवाने के आरोपों पर भी राठौर ने विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि विपक्ष पहले 'लोकतंत्र बचाओ' और 'वोट चोरी' का आरोप लगाता था, लेकिन अब जब गायब मतदाताओं के नाम सूची में जुड़वाने का प्रयास किया जा रहा है तो इसे फर्जी वोट बनवाने की कोशिश बताया जा रहा है। दोनों बातें एक साथ नहीं चल सकतीं।

बैठक में ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन लाल लोधी, महापौर डॉ. उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, शहर विधायक एवं मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना तथा बंटी ठाकुर (प्रीत पाल सिंह) सहित भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor