पचास हजार श्रद्धालुओं की आस्था से गूंजा मनौना धाम, खाटू श्याम के जन्मोत्सव पर उमड़ा भक्तों का सैलाब

-आरके सिंह- बरेली। कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी पर खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव मनौना धाम में ऐतिहासिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश और हरियाणा के एक दर्जन से अधिक मंत्रियों, विधायकों तथा वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों सहित देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की। दिनभर मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ती रही। बाबा का फूलों से भव्य श्रृंगार किया गया और विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, जागरण तथा धार्मिक कार्यक्रमों के बीच पूरा धाम 'जय श्री श्याम' के जयकारों से गूंजता रहा।

Nov 22, 2026 - 22:17
 0
पचास हजार श्रद्धालुओं की आस्था से गूंजा मनौना धाम, खाटू श्याम के जन्मोत्सव पर उमड़ा भक्तों का सैलाब
खाटू श्याम जन्मोत्सव पर मनौना में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ की एक झलक।

खाटू श्याम जन्मोत्सव का केक काटते महंत ओमेंद्र महाराज। 

बाबा श्याम को 'हारे का सहारा' और 'शीश के दानी' के नाम से जाना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, महाभारत काल में वीर बर्बरीक ने धर्म की रक्षा के लिए भगवान श्रीकृष्ण को अपना शीश दान कर दिया था। उनके इस सर्वोच्च बलिदान से प्रसन्न होकर श्रीकृष्ण ने उन्हें कलियुग में श्याम नाम से पूजे जाने का वरदान दिया था। इसी आस्था के चलते देशभर में बाबा श्याम का जन्मोत्सव विशेष श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है।

जन्मोत्सव के लिए मनौना धाम को रंग-बिरंगे फूलों, आकर्षक रोशनी और भव्य सजावट से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने बाबा को गुलाब के फूल, इत्र, मिठाई और विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित किए। मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ रातभर भजन-संकीर्तन और जागरण का आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में भक्त हाथों में निशान लेकर बाबा के दरबार पहुंचे और महंत ओमेंद्र महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।

धाम के मीडिया प्रभारी सचिन सक्सेना ने बताया कि बरेली जिले की आंवला तहसील स्थित मनौना धाम के खाटू धाम में बाबा श्याम के दर्शन और महंत ओमेंद्र महाराज से आशीर्वाद लेने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से लगभग 50 हजार श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई। जन्मोत्सव पर भक्तों के लिए भोजन और प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई। श्रद्धालुओं ने सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी की।

धाम के वरिष्ठ प्रबंधक आरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि धार्मिक मान्यता है कि बाबा श्याम अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करते हैं और विपत्ति के समय उनका सहारा बनते हैं। इसी विश्वास के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दरबार में पहुंचते हैं।

विष्णु पाल सिंह एडवोकेट ने कहा कि बाबा के दरबार में जाति, धर्म, अमीरी और गरीबी का कोई भेदभाव नहीं है। यहां सभी भक्त समान भाव से माथा टेकते हैं। बाबा श्याम की भक्ति लोगों को प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश देती है।

मध्य प्रदेश के शिवपुरी से पहुंचे धर्मेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि भक्तों का मानना है कि बाबा श्याम का स्मरण करने से मन को शांति मिलती है और जीवन की परेशानियों से संघर्ष करने की शक्ति प्राप्त होती है। भजन-कीर्तन और बाबा के दर्शन से मन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

राजस्थान के धौलपुर की पूनम सिकरवार ने कहा कि महाभारत काल में बर्बरीक ने धर्म की रक्षा के लिए अपना शीश भगवान श्रीकृष्ण को दान कर दिया था। उनका यह सर्वोच्च बलिदान मानवता, त्याग और समर्पण का प्रतीक है। यही कारण है कि बाबा श्याम की महिमा सदियों से भक्तों के हृदय में स्थापित है।

श्याम भक्तों का कहना है कि बाबा की सच्ची भक्ति केवल पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है। गरीबों की सहायता करना, भूखों को भोजन कराना, जरूरतमंदों की सेवा करना और समाज में प्रेम एवं भाईचारा बांटना भी बाबा की भक्ति का महत्वपूर्ण स्वरूप है। जन्मोत्सव के अवसर पर मनौना धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने इसी आस्था, सेवा और समर्पण की भावना को जीवंत कर दिया।

SP_Singh AURGURU Editor