डीईआई के 532वें चिकित्सा शिविर में सैकड़ों एनएसएस स्वयंसेवकों ने संभाली समाजसेवा की कमान, यमुना घाट से गांवों तक चलाया स्वच्छता अभियान
आगरा। दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (डीईआई) की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से रविवार को 532वें निशुल्क चिकित्सा एवं सहायता शिविर के साथ एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्थान की 10 एनएसएस इकाइयों के लगभग 935 छात्र-छात्राओं ने समाजसेवा की जिम्मेदारी संभालते हुए यमुना नदी के घाटों, बैकुंठधाम और बसेरा गांव में स्वच्छता अभियान चलाया। स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया। दूसरी ओर, चिकित्सा शिविर में ग्रामीणों और जरूरतमंदों को एलोपैथिक, होम्योपैथिक और आयुर्वेदिक पद्धतियों से निशुल्क उपचार, पैथोलॉजी जांच और दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
शिविर का भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के साइंटिस्ट-जी एवं उप महानिदेशक डॉ. एल.पी. शर्मा ने दौरा किया। उन्होंने संस्थान की ओर से संचालित जनकल्याणकारी गतिविधियों का अवलोकन किया और समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर डीईआई के निदेशक प्रो. सी. पटवर्धन भी उपस्थित रहे।
संस्थान की ओर से प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले 532वें चिकित्सा एवं सहायता शिविर में ग्रामीणों और जरूरतमंदों को एक ही स्थान पर तीनों प्रमुख चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से उपचार की सुविधा दी गई। मरीजों की विभिन्न पैथोलॉजी जांचें की गईं और उन्हें निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
स्वास्थ्य सेवाओं के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास और कुपोषण दूर करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। बच्चों को प्रोटीन मिल्क, थ्रेप्टिन बिस्किट और च्यवनप्राश सहित पोषण संबंधी सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा बच्चों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कंप्यूटर शिक्षा, खेल-खेल में पढ़ाई, संगीत, सिलाई-कढ़ाई और अचार बनाने जैसे कौशल विकास कार्यक्रम भी संचालित किए गए।
तीन स्थानों पर चला स्वच्छता अभियान
चिकित्सा शिविर के समानांतर एनएसएस की 10 इकाइयों के लगभग 935 स्वयंसेवकों ने एक दिवसीय विशेष शिविर में भाग लिया। चार इकाइयों के छात्र-छात्राओं ने पोइया घाट स्थित यमुना नदी के किनारे व्यापक सफाई अभियान चलाया। तीन इकाइयों के स्वयंसेवकों ने बैकुंठधाम पोइया घाट पर सफाई करने के साथ वहां लगे पेड़-पौधों की गुड़ाई की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।
शेष तीन एनएसएस इकाइयों के स्वयंसेवकों ने बसेरा गांव में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों और सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाया। लोगों को नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी देकर इससे दूर रहने की अपील की।
इस प्रकार डीईआई के 532वें चिकित्सा एवं सहायता शिविर और एनएसएस के विशेष शिविर के माध्यम से स्वास्थ्य सेवा, पोषण, कौशल विकास, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़कर जनकल्याण का संदेश दिया गया।