2027 की चुनावी तैयारी में जुटी भाजपा, आगरा के 22 मंडलों के सभी बूथों पर उतारी कार्यकर्ताओं की फौज; पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने का अभियान तेज
आगरा। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने मतदाता सूची में अधिक से अधिक पात्र लोगों के नाम शामिल कराने के लिए बूथ स्तर पर अभियान तेज कर दिया है। भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में महानगर के सभी 22 मंडलों के प्रत्येक बूथ पर विशेष मतदाता जोड़ो अभियान चलाया गया। इसमें सरकारी बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ), पार्टी के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिलकर पात्र मतदाताओं के फॉर्म भरवाने तथा उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराने का काम किया।
अभियान के तहत महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने दीनदयाल मंडल के बूथ संख्या 37 पर स्वयं भरे हुए आवेदन फॉर्म पार्टी के बीएलए-2 विष्णु बघेल के साथ बूथ लेवल ऑफिसर अखिलेश भारद्वाज को सौंपे।
इस अवसर पर राजकुमार गुप्ता ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता हर पात्र मतदाता का फॉर्म भरवाकर उसका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए जुटा हुआ है। पार्टी ने संकल्प लिया है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके प्रत्येक युवा का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य एक-एक बूथ पर पहुंचकर एक-एक पात्र मतदाता को जोड़ना है। बूथ की मजबूती ही संगठन की ताकत है। प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ को मजबूत करने में जुटेगा, तभी वर्ष 2027 में भाजपा फिर प्रचंड विजय हासिल करेगी।
दीनदयाल मंडल में आयोजित अभियान के दौरान भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, मंडल अध्यक्ष राहुल जैन, पार्षद प्रवीणा राजावत, पार्षद रवि कुरेतिया, मुकेश गुप्ता और रोहित कत्याल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।