ब्रिटिश इंटेलिजेंस ने दी रूस को चेतावनी,  कहा, एक गलत कदम उठाया तो विश्वयुद्ध,  भारी दबाव में पुतिन

यूके के इंटेलिजेंस चीफ मैथ्यू जोन्स ने कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के पश्चिमी देशों के प्रति आक्रामक रवैया एक बड़ी गलती का कारण बन सकता है, जिसके बेहद खतरनाक परिणाम हो सकते हैं।

Nov 22, 2026 - 18:12
 0
ब्रिटिश इंटेलिजेंस ने दी रूस को चेतावनी,  कहा, एक गलत कदम उठाया तो विश्वयुद्ध,  भारी दबाव में पुतिन

लंदन। ब्रिटेन के हेड ऑफ डिफेंस इंटेलिजेंस लेफ्टिनेंट जनरल मैथ्यू जोन्स ने चेतावनी दी है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के पश्चिमी देशों के प्रति आक्रामक रवैया एक बड़ी गलती का कारण बन सकता है, जिसके बेहद खतरनाक परिणाम हो सकते हैं और यह तीसरे विश्व युद्ध को भी जन्म दे सकता है।

जोन्स ने कहा, रूस जानबूझकर नहीं चाहेगा कि नाटो के साथ युद्ध हो, लेकिन उन्होंने यह भी चेताया कि अगर रूस की बढ़ती 'लापरवाह हरकतों' के चलते छोटी-छोटी घटनाओं के बड़े युद्ध में बदलने का खतरा बढ़ गया है।

'कैम्ब्रिज इंटेलिजेंस सेमिनार' में दिए भाषण में जोन्स ने कहा, 'मेरा सबसे बड़ा डर किसी बड़ी गलतफहमी या गलत आकलन के खतरे को लेकर है।' उन्होंने कहा, 'पुतिन दबाव में हैं और हमें चुनौती देने की कोशिश में उनका रवैया ज्यादा सख्त और आक्रामक होता जा रहा है।' हाल के दिनों में रूस के लापरवाह व्यवहार के ऐसे कई उदाहरण देखने को मिले हैं, जहां अगर हालात थोड़े भी अलग होते तो इसके परिणाम बेहद गंभीर हो सकते थे।'

ब्रिटेन के हेड ऑफ डिफेंस इंटेलिजेंस लेफ्टिनेंट का यह बयान नाटो देशों के इलाकों और उनके आसपास रूस की बढ़ती गतिविधियों को लेकर बढ़ रही चिंताओं के बीच आया है। इसमें पोलैंड में रूसी मिसाइलों और एक संदिग्ध ड्रोन गिरने से लेकर डेनमार्क में एक यूएस-यूक्रेनी नागरिक की हत्या की कथित साजिश की खबर सामने आई है, दावा किया जा रहा है कि इनके तार रूसी खुफिया एजेंसी से जुड़े हुए हैं।

जोन्स ने रूस से जुड़ी कई और घटनाओं का भी हवाला दिया. इसमें जर्मनी के लीपजिग शहर में एक एयर पोर्ट पर हुआ ड्रोन अटैक भी शामिल है, जिसे उन्होंने 'हाल का सबसे गंभीर और निंदनीय उदाहरण' बताया। उन्होंने नाटो के सदस्य देश रोमानिया के ब्लैक सी वाले जलक्षेत्र में कॉमर्शियल जहाजों के डूबने की घटनाओं की ओर भी इशारा किया।

उन्होंने जोर दिया कि ब्रिटेन नहीं चाहता कि उसका रूस के साथ टकराव हो, लेकिन वह अपनी सुरक्षा के लिए पैदा होने वाले किसी भी खतरे का भी जवाब देने के लिए तैयार है। जोन्स ने कहा, 'मैं यह साफ करना चाहता हूं कि ब्रिटेन का रुख यह है कि हम रूस के साथ कोई संघर्ष या टकराव नहीं चाहते हैं, लेकिन जब हमारी और हमारे सहयोगियों की राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा होगा तो हम पूरी मजबूती से अपनी रक्षा करेंगे।'