पाकिस्तान 313 पर सिमटा,  हर्षित और प्रिंस चमके,  50 ओवर से पहले किया ढेर

पाकिस्तान ने पहले बैटिंग करते हुए 313 रन बनाए हैं। भारत के लिए हर्षित राणा, विप्रज निगम और सूर्यांश शेडगे ने 2-2 विकेट चटकाए।

Nov 22, 2026 - 20:11
 0
पाकिस्तान 313 पर सिमटा,  हर्षित और प्रिंस चमके,  50 ओवर से पहले किया ढेर


 
दोहा।  पाकिस्तान ए को हराने के लिए इंडिया ए को 314 रनों का लक्ष्य मिला है। पाक टीम ने जिस तरह शुरुआती 6 ओवरों में 64 रन बना दिए थे, फिनिश उस तरह का नहीं हो पाया। हर्षित राणा की पाक बल्लेबाजों के साथ गहमा-गहमी ने भी सबका ध्यान खींचा। भारत के लिए विप्रज निगम, हर्षित राणा और सूर्यांश शेडगे ने सबसे ज्यादा दो-दो विकेट चटकाए।

सेमीफाइनल में जाने के लिहाज से दोनों टीमों के लिए यह मैच जीतना बहुत जरूरी है। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय किया था। माज सदाकत और शामिल हुसैन ने ताबड़तोड़ अंदाज में शुरुआत की और पहले 6 ओवरों में 64 रन बन चुके थे। मगर जैसे ही आठवें ओवर में शामिल आउट हुए, पाकिस्तान की रन गति पर ब्रेक लग गई।
 
इंडिया ए और पाकिस्तान ए के लिए यह मैच किसी क्वार्टरफाइनल से कम नहीं है। मुकाबले की शुरुआत में हर्षित राणा और पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाजों के बीच गहमा गहमी ने सबका ध्यान खींचा। हर्षित ने शामिल हुसैन का कैच लपकने के बाद उन्हें आक्रामक अंदाज में सेंड-ऑफ भी दिया।

जिस तरह मिडिल ओवरों में पाक बल्लेबाज संघर्ष कर रहे थे, उस हिसाब से देखा जाए तो पाकिस्तान टीम ने एक ठीकठाक स्कोर खड़ा कर दिया है। माज सदाकत, हसन नवाज और फरहान यूसुफ, इन तीनों बल्लेबाजों ने पाकिस्तान की ओर से अर्धशतक लगाया।

फरहान यूसुफ ने गीयर बदला, जिसने पाकिस्तान को 300 के पार ले जाने में मदद की थी। वह एक समय 28 गेंद में 24 रन बनाकर खेल रहे थे। उसके बाद उन्होंने अपनी आखिरी 20 गेंदों पर 32 रन जोड़े। पाकिस्तान की ओर से हसन नवाज टॉप स्कोरर रहे, जिन्होने 5 चौके और 4 छक्कों से सुसज्जित पारी में 79 रन बनाए। पाकिस्तान की टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई। उसने अपने आखिरी 3 विकेट महज 9 रन के भीतर गंवा दिए।