आगरा में पल्स पोलियो अभियान का आगाज, 6.81 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दवा
आगरा में रविवार को पल्स पोलियो अभियान शुरू हुआ। जनपद में पांच वर्ष तक के 6.81 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य है। रविवार को 2703 बूथों पर अभियान चला, जबकि छूटे बच्चों को सोमवार से शुक्रवार तक 1761 स्वास्थ्य टीमें 9.57 लाख घरों में पहुंचकर दवा पिलाएंगी। अभियान की निगरानी 530 सुपरवाइजर टीमें करेंगी।
2703 बूथों पर रविवार को चला अभियान, छूटे बच्चों को घर-घर जाकर खुराक पिलाएंगी 1761 स्वास्थ्य टीमें
आगरा। बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जनपद में रविवार को पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। जीवनी मंडी स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर बनाए गए पोलियो बूथ का उद्घाटन जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार ने बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाकर किया। अभियान के तहत जनपद में पांच वर्ष तक के 6.81 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार को जिले में कुल 2703 बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। बूथ दिवस पर जो बच्चे दवा पीने से छूट जाएंगे, उन्हें सोमवार से शुक्रवार तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगी। इसके लिए 1761 टीमें 9.57 लाख घरों तक पहुंचेंगी। अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए 530 सुपरवाइजर टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक जरूर पिलाएं। अभियान के दौरान किसी भी बच्चे को दवा पीने से छूटने न दें, क्योंकि पोलियो से बचाव के लिए प्रत्येक बच्चे तक पहुंचना बेहद जरूरी है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें अभियान को सफल बनाने और निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए विशेष रणनीति के तहत कार्य कर रही हैं। घर-घर संपर्क, बूथों पर व्यवस्था और निगरानी के माध्यम से अधिक से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का प्रयास किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है। उद्घाटन कार्यक्रम में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की ओर से डॉ. अमृता अग्रवाल, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना शर्मा सहित स्वास्थ्य केंद्र की सभी एएनएम और विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।