कमला नगर में चक्रवर्ती की दिग्विजय यात्रा, श्वेत रथ पर पत्नी रेनू संग निकले सांसद नवीन जैन; चक्रेश जैन बने भरत चक्रवर्ती, ऊंट-घोड़ियों, छह मंचीय झांकियों और बैंड-बाजों के साथ निकली शोभायात्रा, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

आगरा। कमला नगर के डी-ब्लॉक स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित नौ दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ एवं सिद्धचक्र महामंडल विधान महोत्सव के छठवें दिन भक्ति और धार्मिक उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। अष्टानिका महापर्व के अवसर पर पीएनसी परिवार की ओर से राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में आयोजित महोत्सव का प्रमुख आकर्षण चक्रवर्ती की भव्य दिग्विजय शोभायात्रा रही। आयोजकों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में पहली बार निकाली गई इस शोभायात्रा में सांसद नवीन जैन पत्नी रेनू जैन के साथ सौधर्म इंद्र के रूप में श्वेत रथ पर सवार हुए, जबकि उनके छोटे भाई चक्रेश जैन ने भरत चक्रवर्ती की भूमिका निभाई। ऊंट, पांच सजी-धजी घोड़ियों, छह मंचीय झांकियों, बैंड-बाजों और श्रीजी के भव्य रथ के साथ निकली यात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत हुआ।

Nov 22, 2026 - 22:10
 0
   कमला नगर में चक्रवर्ती की दिग्विजय यात्रा, श्वेत रथ पर पत्नी रेनू संग निकले सांसद नवीन जैन; चक्रेश जैन बने भरत चक्रवर्ती, ऊंट-घोड़ियों, छह मंचीय झांकियों और बैंड-बाजों के साथ निकली शोभायात्रा, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
कमला नगर के जैन मंदिर में पीएनसी परिवार की ओर से आयोजित सिद्धचक्र महामंडल विधान के छठवें दिन निकली दिग्विजय यात्रा में रथ पर सवार सांसद नवीन जैनऔर अन्य। दूसरे चित्र में आयोजन के दौरान पीएनसी परिवार के सदस्य।

प्रातःकाल पूज्य मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज, मुनि श्री शीलसागर जी महाराज और मुनि श्री सुप्रभात सागर जी महाराज के ससंघ मंगल सान्निध्य में प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन और डॉ. आकाश जैन के निर्देशन में श्री आदिनाथ भगवान का अभिषेक और विशेष शांतिधारा संपन्न हुई। इसके बाद विधि-विधान से पूजन-अर्चना की गई। सांसद नवीन जैन ने पत्नी रेनू जैन के साथ सौधर्म इंद्र के रूप में विधान मंडल पर अष्टद्रव्य अर्पित कर अर्घ्य समर्पित किए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की मंगलकामना की गई।

चक्रेश जैन ने दिया किमिच्छतदान

शोभायात्रा में भरत चक्रवर्ती के स्वरूप में चक्रेश जैन विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। यात्रा में सबसे आगे बैनर, नगाड़ा वादक, सुसज्जित ऊंट, दो जैन ध्वजवाहक और पांच घोड़ियां शामिल थीं। इनके पीछे ढोल दल, बच्चों और बुआओं की झांकियां, छह मंचीय झांकियां, डीजे वाहन और अनेक बैंड दल चल रहे थे। श्रीजी का रथ, मुनिश्री का ससंघ विहार और 12 छत्रधारी भी यात्रा की शोभा बढ़ा रहे थे।

शोभायात्रा मंदिर से प्रारंभ होकर चक्रेश जैन की कोठी, सी-ब्लॉक, श्रीराम मंदिर और टंकी रोड होते हुए डी-ब्लॉक से मुख्य पंडाल पहुंची। मार्ग में व्यापारियों, श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। मुख्य पंडाल में चक्रेश जैन ने किमिच्छतदान देकर दिग्विजय उत्सव की परंपरा निभाई। इस प्रसंग के माध्यम से दान, त्याग, परोपकार और लोककल्याण का संदेश दिया गया।

मंच पर जीवंत हुईं धार्मिक लीलाएं

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में चक्रेश जैन ने भरत चक्रवर्ती के जन्म से विवाह तक की लीलाओं का मंचन किया। भगवान ऋषभदेव का वैराग्य, चक्ररत्न की उत्पत्ति और भगवान के केवलज्ञान जैसे प्रसंग भी प्रस्तुत किए गए। इन प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

ज्ञान और अज्ञान पर मुनिश्री का संदेश

मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज ने मंगल प्रवचन में कहा कि मनुष्य स्वयं को ज्ञानी समझता है, लेकिन अपने दुखों के वास्तविक कारण को पहचान नहीं पाता। कठपुतली का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यदि मनुष्य का प्रत्येक कार्य किसी दूसरी सत्ता के नियंत्रण में है तो उसके अपने अस्तित्व और पुरुषार्थ का क्या महत्व रह जाता है? उन्होंने श्रद्धालुओं से आत्मचिंतन करने, अपने निर्णयों की जिम्मेदारी समझने और अज्ञानता से बाहर निकलकर सत्य को पहचानने का आह्वान किया।

नौ दिवसीय आयोजन का संचालन प्रसिद्ध मंच संचालक मनोज जैन बाकलीवाल ने किया। कार्यक्रम में पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप जैन पीएनसी, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, चक्रेश जैन, योगेश जैन, जगदीश प्रसाद जैन, यशपाल जैन, वैभव जैन, अनिरुद्ध जैन, अभिनंदन जैन, आनंद जैन, हर्षवर्धन जैन, कार्तिकेय जैन, अनुज जैन, अभिषेक जैन, प्रतीक जैन, निर्मेश जैन, उमेश जैन और ऋषभ जैन मौजूद रहे।

महिलाओं में मीना जैन, रेनू जैन, माधवी जैन, आशिता जैन, ईशू जैन, निधि जैन, सलोनी जैन, पलक जैन, मिताक्षरा जैन, मुन्नी जैन, रश्मि जैन, अंकिता जैन और आयुषी जैन सहित पीएनसी परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। शुभम जैन, राहुल जैन, सकल दिगंबर जैन समाज कमला नगर के पदाधिकारी, महिला मंडल, युवा वर्ग और आगरा के विभिन्न जैन संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

SP_Singh AURGURU Editor