UPPCS प्रारंभिक परीक्षा से पहले छात्राओं को बड़ी सौगात, सोल्जर्स ऒफ सोसाइटी देगी 10 फुल लेंथ मॉक टेस्ट बिल्कुल मुफ्त
आगरा। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPCS) की 6 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित प्रारंभिक परीक्षा की तैयारी कर रही छात्राओं को बेहतर अभ्यास का अवसर देने के लिए सोल्जर्स ऒफ सोसाइटी (एसओएस) ने महत्वपूर्ण पहल की है। संगठन की ओर से छात्राओं को 10 फुल लेंथ मॉक टेस्ट निःशुल्क पीडीएफ फॉर्मेट में उपलब्ध कराए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को वास्तविक परीक्षा से पहले प्रश्नपत्रों का अभ्यास कराने, उनकी तैयारी का आकलन करने और कमजोर विषयों की पहचान कर उनमें सुधार का अवसर प्रदान करना है। इस प्रयास में डॉ. नवीन गुप्ता, डॉ. अंजू जैन, श्री संजय श्रीवास्तव और डॉ. विपिन अग्रवाल का सहयोग रहा है।
एसओएस की इस पहल के तहत इच्छुक छात्राएं घर बैठे व्हाट्सएप के माध्यम से मॉक टेस्ट प्राप्त कर सकेंगी। इसके लिए उन्हें मोबाइल नंबर 9997380282 पर अपना नाम और संदेश भेजना होगा। इसके बाद उन्हें निःशुल्क टेस्ट पेपर पीडीएफ फॉर्मेट में उपलब्ध कराए जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए पाठ्यक्रम की तैयारी के साथ नियमित अभ्यास और समय प्रबंधन भी बेहद महत्वपूर्ण है। फुल लेंथ मॉक टेस्ट के माध्यम से छात्राएं परीक्षा के निर्धारित प्रारूप में प्रश्न हल करने का अभ्यास कर सकेंगी। इससे उन्हें अपनी तैयारी का मूल्यांकन करने और परीक्षा से पहले आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद मिलेगी।
सोसाइटी की इस पहल का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही छात्राओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें बेहतर शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराकर आगे बढ़ने में सहयोग देना है।