सोशल मीडिया पर अफवाह और नफरत का बढ़ता जाल, सोच-समझकर करें इस्तेमाल; वायरल नहीं, विचारवान बनें, जन कला मंच की गोष्ठी में वक्ताओं ने ट्रोलिंग और भ्रामक सूचनाओं पर जताई चिंता

आगरा। सोशल मीडिया आज आमजन की आवाज और सूचनाओं का सबसे सुलभ माध्यम बन गया है, लेकिन इसके बढ़ते दुरुपयोग ने अफवाह, नफरत और ट्रोलिंग जैसी गंभीर चुनौतियां भी खड़ी कर दी हैं। किसी भी सूचना पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता जांचना और इस मंच का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करना जरूरी है। रविवार शाम यूथ हॉस्टल के सभागार में सामाजिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था जन कला मंच की ओर से आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने यह विचार व्यक्त किए। गोष्ठी का विषय 'सोशल मीडिया में आम ओ खास की भागीदारी' था।

Nov 22, 2026 - 23:55
 0
सोशल मीडिया पर अफवाह और नफरत का बढ़ता जाल, सोच-समझकर करें इस्तेमाल; वायरल नहीं, विचारवान बनें, जन कला मंच की गोष्ठी में वक्ताओं ने ट्रोलिंग और भ्रामक सूचनाओं पर जताई चिंता
यूथ हॊस्टल में आयोजित जन कला मंच की गोष्ठी में मौजूद अतिथिगण।

मुख्य अतिथि डॉ. जहांगीर अल्वी ने कहा कि सोशल मीडिया से सूचनाएं और समाज के घटनाक्रम की जानकारी तुरंत मिल जाती है, लेकिन गलत जानकारियां फैलाकर अफवाह और नफरत पैदा करने की प्रवृत्ति भी बढ़ी है। इसलिए किसी भी पोस्ट या सूचना पर आंख मूंदकर भरोसा करने के बजाय उसकी पुष्टि करना जरूरी है। संस्था के सरपरस्त डॉ. जे.एन. टंडन ने कहा कि पहले जिन सूचनाओं के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था, वे अब पल भर में उपलब्ध हैं। सफलता वायरल होने में नहीं, बल्कि विचारवान बनने में है।

विशिष्ट अतिथि सरोज सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर ट्रोलर्स ने अच्छे लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गलत टिप्पणियों से महिलाएं ही नहीं, पुरुष भी आहत होते हैं। इसके दुरुपयोग का महिलाओं पर विशेष रूप से नकारात्मक असर पड़ा है। अमीर अहमद एडवोकेट ने कहा कि इस मंच ने उन उम्रदराज शायरों को भी पहचान दिलाई, जिन्हें पहले मंच नहीं मिल पाता था। हालांकि ऑनलाइन प्रस्तुति की तुलना में साहित्यिक कार्यक्रमों में आमने-सामने की प्रस्तुति का प्रभाव अधिक स्थायी होता है। सोशल मीडिया ने लोगों को जोड़ने के साथ उन्हें दूर भी किया है। अध्यक्षता करते हुए ओम ठाकुर ने कहा कि पत्रकारिता उनका पेशा रही है और सोशल मीडिया प्रतिभाओं को सामने लाने का प्रभावी माध्यम बना है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक डॉ. महेश धाकड़ को मंचासीन अतिथियों और संस्था पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न और शॉल भेंट कर जन सम्मान से सम्मानित किया। डॉ. धाकड़ ने संस्था का आभार जताते हुए कहा कि सोशल मीडिया की पहुंच अब आमजन तक हो चुकी है और लोग अपनी आवाज प्रभावी ढंग से उठा पा रहे हैं। जरूरत इसके सदुपयोग की है, दुरुपयोग की नहीं।

कविता और शायरी से सजी महफिल

गोष्ठी के बाद साहित्यिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायन, काव्य पाठ और शायरी की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं की सराहना बटोरी। शायर अमीर अहमद अकबराबादी, कवि यादराम सिंह कविकिंकर, कमल इलाहाबादी, संजय सिंह, दाऊद इकबाल एडवोकेट, अनिल कुमार तिवारी, चांद अकबराबादी, संजीव चौहान और ऋषभ ठाकुर ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं।

अमीर अहमद अकबराबादी ने सुनाया—

“इमारत वफा की दरकने लगी है,
मैं बुनियाद में कुछ नमी पा रहा हूं।”

यादराम सिंह कविकिंकर ने कहा—

“शक्ति भर अंधियार से लड़ता रहूंगा,
दम्भ काली रात का हरता रहूंगा।”

दाऊद इकबाल ने शेर पढ़ा—

“दुनिया को कार-ए-हुस्न पे शक तो नहीं गया,
आंचल तुम्हारे सर से सरक तो नहीं गया।”

कमल इलाहाबादी ने मां के आशीर्वाद और संघर्ष पर आधारित कविता सुनाई—

“मां, ऐ मां तेरी दुआओं का मुझ पर असर हो रहा है,
ये बेदर्द जमाना मेरा हमसफर हो रहा है।”

संजीव चौहान शारिक ने मजलूमों की पीड़ा को स्वर देते हुए कहा—

“जो हैं मजलूम, उनकी जुबानी लिखूं,
चीख लिखूं मैं लाचार मजबूर की।”

संजय कुमार ने संस्कार, मेहनत और पारिवारिक तालमेल पर अपनी रचना प्रस्तुत की।

जल संरक्षण पर लघु नाटक ने दिया संदेश

कार्यक्रम में 'आज बचाओगे जो जल, काम आएगा वह कल' थीम पर विशाल रियाज लिखित लघु नाटक 'तीसरा विश्व युद्ध' का मंचन भी किया गया। विशाल और असलम खान ने अभिनय के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश दिया। प्रस्तुति को दर्शकों ने सराहा।

कार्यक्रम में समाजसेवी सुबोध गोयल, चौधरी अली साबरी, शिवराज यादव, असलम खान और गुलाब सिंह का विशेष सहयोग रहा। सेंट जॉन्स कॉलेज की सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. मधुरिमा शर्मा, आचार्य यादराम सिंह कविकिंकर, अब्दुल कुद्दूस, सैयद अख्तर, मुबीन शाह, रशीद अल्वी, मजाज कुरैशी, अनवर आलम, धर्मजीत सिंह, प्रदीप विरवानी और नरेश तन्हा सहित अनेक लोग मौजूद रहे। संचालन विशाल रियाज ने किया और धन्यवाद ज्ञापन गुलाब सिंह ने दिया।

SP_Singh AURGURU Editor