जमीन विवाद में किसान की आत्महत्या के बाद घिरे गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति, पत्नी समेत पांच नामजद; मुकदमे के बाद हुआ अंतिम संस्कार

बरेली। जमीन विवाद और कथित उत्पीड़न से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खाने वाले किसान भगवान सिंह की मौत के मामले में गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कृष्ण पाल सिंह (केपी सिंह), उनकी पत्नी संजेश समेत पांच नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। किसान के बेटे की शिकायत पर बहेड़ी थाने में भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज होने के बाद रविवार को परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। इससे पहले आरोपियों पर कार्रवाई, विवादित जमीन वापस दिलाने और मुआवजे की मांग को लेकर परिजन और किसान संगठन अंतिम संस्कार से इनकार कर रहे थे। गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई थी।

Nov 23, 2026 - 00:26
 0
जमीन विवाद में किसान की आत्महत्या के बाद घिरे गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति, पत्नी समेत पांच नामजद; मुकदमे के बाद हुआ अंतिम संस्कार
मृतक किसान की फाइल फोटो और घटनास्थल पर तैनात पुलिस बल।

बहेड़ी थाना क्षेत्र के पचपेड़ा गांव निवासी भगवान सिंह की 20 नवंबर को मौत हुई थी। उनके बेटे भाग सिंह की तहरीर पर पुलिस ने 21 नवंबर को शाम 7:44 बजे मुकदमा दर्ज किया। नामजद आरोपियों में गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति और रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. कृष्ण पाल सिंह, उनकी पत्नी संजेश, संजीव कुमार राठी और अनुज कुमार शामिल हैं। प्राथमिकी में अन्य अज्ञात सहयोगियों का भी उल्लेख है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के अनुसार, एफआईआर भारतीय न्याय संहिता की धारा 108, 318(4), 336(3), 340(2) और 61(2) के तहत दर्ज की गई है। इनमें आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण, धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित आरोप शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है और प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

1995 में जमीन खरीदने का दावा, फर्जी बैनामे का आरोप

शिकायत में भाग सिंह ने बताया कि उनके पिता भगवान सिंह ने वर्ष 1995 में गांव में कृषि भूमि खरीदी थी। परिवार लंबे समय से इस जमीन पर काबिज था और वहां मकान भी बना हुआ था। शिकायतकर्ता के मुताबिक राजस्व अभिलेखों में भी उनके पिता का नाम दर्ज था।

आरोप है कि प्रो. कृष्ण पाल सिंह, उनकी पत्नी संजेश, संजीव कुमार राठी और अनुज कुमार ने अन्य लोगों के साथ मिलकर कथित साजिश रची। चकबंदी और राजस्व अधिकारियों से सांठगांठ कर एकतरफा आदेश पारित कराया गया और इसके बाद कथित रूप से किसी फर्जी व्यक्ति के माध्यम से जमीन का बैनामा करा लिया गया।

भाग सिंह का आरोप है कि उनके पिता ने जमीन के संबंध में प्रशासनिक और राजस्व अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। जमीन और मकान खाली कराने के लिए उन्हें लगातार धमकियां दी जाती थीं। जान से मारने और झूठे मुकदमों में फंसाने की चेतावनी भी दी गई।

जहरीला पदार्थ खाने से पहले लिखे सुसाइड नोट का दावा

तहरीर के अनुसार, कथित उत्पीड़न और मानसिक तनाव से परेशान होकर भगवान सिंह ने 20 नवंबर को सुबह करीब 11:30 बजे जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद वह अपनी ससुराल ग्राम राजपुर पहुंचे। वहां उन्होंने गुरमुख सिंह के सामने कथित मृत्युकालीन बयान में आरोपियों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि भगवान सिंह ने सुसाइड नोट लिखा था। उनके बेटे ने पुलिस से मृत्युकालीन बयान, सुसाइड नोट और जमीन से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर कार्रवाई की मांग की है।

तनाव के बीच भारी पुलिस बल तैनात

मुकदमा दर्ज होने से पहले परिजन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई, विवादित जमीन वापस दिलाने और मुआवजे की मांग पर अड़े थे। किसान संगठनों ने भी मांगें पूरी होने तक अंतिम संस्कार नहीं करने की बात कही थी। स्थिति तनावपूर्ण होने पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य बहेड़ी पहुंचे और हालात का जायजा लिया। बहेड़ी क्षेत्र, गुरुद्वारे और पचपेड़ा गांव में कई थानों की पुलिस तथा पीएसी तैनात की गई। खुफिया विभाग के अधिकारी भी सादे कपड़ों में गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने तथा एफआईआर दर्ज होने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए। रविवार को भगवान सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

SP_Singh AURGURU Editor