भक्ति वेव परिवार ने नेत्रहीन बच्चों के बीच मनाया जन्मदिन, पिज्जा और केक के साथ बांटी खुशियां; 'सेवा से सेलिब्रेशन' का दिया संदेश

आगरा। जन्मदिन का उत्सव केवल केक काटने और उपहार पाने तक सीमित न रहे, बल्कि जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाने का अवसर भी बने। इसी भावना के साथ भक्ति तथा सनातन संस्कृति की अलख जगाने में जुटे 'भक्ति वेव' परिवार ने शॉर्ट फिल्म निर्देशक दिनेश मंगल के सहयोग से नेत्रहीन बच्चों के बीच जन्मदिन मनाकर 'सेवा से सेलिब्रेशन' का संदेश दिया। कालिंदी बिहार, टेढ़ी बगिया स्थित राधा स्वामी ब्लाइंड स्कूल में दिनेश मंगल की बेटी आराध्य मंगल के जन्मदिन पर बच्चों के साथ केक काटा गया और उनके लिए विशेष खानपान की व्यवस्था की गई।

Nov 23, 2026 - 00:16
 0
भक्ति वेव परिवार ने नेत्रहीन बच्चों के बीच मनाया जन्मदिन, पिज्जा और केक के साथ बांटी खुशियां; 'सेवा से सेलिब्रेशन' का दिया संदेश
टेढ़ी बगिया स्थित राधा स्वामी ब्लाइंड स्कूल में बच्चों के साथ खुशियां शेयर करते भक्ति वेव संस्था के पदाधिकारी और सदस्य।

बच्चों की इच्छा पर स्कूल परिसर में लाइव पिज्जा, गार्लिक ब्रेड और पेस्ट्री के काउंटर लगाए गए। ताजा और गरम पिज्जा खाकर बच्चे बेहद खुश हुए। बच्चों ने उत्साह से कहा कि उन्होंने पहली बार इतना स्वादिष्ट और गरम पिज्जा खाया है। कार्यक्रम के दौरान एक नेत्रहीन बच्चे ने मोबाइल से स्वयं नंबर डायल करके अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। बच्चों के सपनों, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने के जज्बे ने वहां मौजूद लोगों को भावुक और प्रभावित किया।

भक्ति वेव के संस्थापक संचित गोयल और महासचिव तुषार गोयल ने कहा कि नेत्रहीनों की आंखों का अंधेरा तो हम खत्म नहीं कर सकते, लेकिन उनकी जिंदगी में रोशनी बनकर तो आ ही सकते हैं। उन्होंने ऐसे बच्चों के साथ खुशियां साझा करने को समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का एक छोटा प्रयास बताया।

इस अवसर पर मार्गदर्शक एवं मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल, अवधेश मंगल, निशा मंगल, आस्था मंगल, अतुल मंगल, अंजलि गोयल, शालिनी गोयल, सात्विक मंगल और नायशा गोयल उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor