बेटे ने बैंक स्टेटमेंट देखा तो उड़े होश, बुजुर्ग महिला के खाते से एक महीने में 16 लाख पार
आगरा के देहली गेट निवासी 64 वर्षीय राधा सिंह साइबर ठगी का शिकार हो गईं। साइबर ठगों ने मोबाइल पर APK फाइल डाउनलोड कराकर उनका मोबाइल हैक कर लिया और एक महीने के भीतर बैंक खाते से कई ट्रांजेक्शन कर 16.05 लाख रुपये से अधिक निकाल लिए। बिना यूपीआई इस्तेमाल किए हुई इस ठगी का खुलासा बेटे द्वारा बैंक स्टेटमेंट चेक करने पर हुआ। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक महीने तक चलता रहा साइबर फ्रॉड, बेटे ने बैंक स्टेटमेंट चेक किया तो खुला राज, साइबर क्राइम थाना पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
आगरा। साइबर ठगों ने मोबाइल हैक कर देहली गेट क्षेत्र की एक बुजुर्ग महिला के बैंक खाते से 16 लाख 5 हजार रुपये से अधिक की रकम पार कर दी। शातिरों ने महिला के मोबाइल पर एपीके (APK) फाइल डाउनलोड कराकर साइबर धोखाधड़ी को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह है कि पीड़िता ने न तो यूपीआई का इस्तेमाल किया और न ही किसी तरह का ऑनलाइन भुगतान किया, इसके बावजूद उसके खाते से कई बार में बड़ी रकम निकाल ली गई।
देहली गेट निवासी 64 वर्षीय राधा सिंह के मोबाइल पर साइबर ठगों ने एपीके फाइल डाउनलोड कराई। बताया जा रहा है कि फाइल डाउनलोड होने के बाद मोबाइल साइबर अपराधियों के नियंत्रण में आ गया। इसके बाद शातिरों ने मोबाइल और बैंकिंग से जुड़ी जानकारी का इस्तेमाल कर खाते से रकम निकालना शुरू कर दिया। एक महीने के भीतर कई ट्रांजेक्शन के जरिए 16 लाख पांच हजार रुपये से अधिक की रकम बैंक खाते से निकाल ली गई।
पीड़िता को लंबे समय तक खाते से हो रही निकासी की जानकारी नहीं हो सकी। जब उनके बेटे ने बैंक स्टेटमेंट चेक किया तो खाते से लगातार रकम निकाले जाने का पता चला। स्टेटमेंट में कई संदिग्ध ट्रांजेक्शन सामने आने के बाद परिवार के होश उड़ गए। जांच करने पर पता चला कि खाते से लाखों रुपये की रकम साइबर ठगों ने साफ कर दी है।
पीड़िता ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बाद थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और तहरीर सौंपी। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस बैंक खातों से हुए ट्रांजेक्शन, मोबाइल में डाउनलोड कराई गई एपीके फाइल और ठगी में इस्तेमाल डिजिटल माध्यमों की जांच कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर मोबाइल पर अनजान लिंक या एपीके फाइल डाउनलोड करने के खतरे को उजागर कर दिया है। साइबर अपराधी ऐसी फाइलों के जरिए मोबाइल में सेंध लगाकर बैंकिंग संबंधी जानकारियां हासिल कर सकते हैं और बिना पीड़ित की जानकारी के खाते से रकम निकाल सकते हैं।