मां की गोद से छिना सात माह का शिवाय, डंपर की टक्कर ने उजाड़ दिया परिवार,सीसीटीवी वायरल

आगरा के थाना एकता क्षेत्र में दो दिन पहले डंपर की टक्कर से सात माह के मासूम शिवाय की मौत हो गई थी। हादसे में उसकी मां रश्मि गंभीर रूप से घायल हो गईं। शिवाय अपनी दो साल की बहन काव्या का इकलौता भाई था। घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस ने डंपर कब्जे में लेकर मुकदमा दर्ज किया है।

Nov 24, 2026 - 19:18
 0
मां की गोद से छिना सात माह का शिवाय, डंपर की टक्कर ने उजाड़ दिया परिवार,सीसीटीवी वायरल
दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज।

दो साल की बहन काव्या का इकलौता भाई था शिवाय, हादसे में मां रश्मि गंभीर रूप से घायल; सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद फिर चर्चा में आया मामला

आगरा। एक तेज रफ्तार डंपर की टक्कर ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। सड़क हादसे में महज सात माह के मासूम शिवाय की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी मां रश्मि गंभीर रूप से घायल हो गईं। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जिस घर में कुछ दिन पहले तक बच्चे की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा है।

इस हादसे ने परिवार को ऐसा जख्म दिया है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकेगी। सात माह का शिवाय अपनी दो साल की बहन काव्या का इकलौता भाई था। इतनी कम उम्र में भाई को खोने वाली काव्या को शायद अभी इस हादसे की गंभीरता का एहसास भी नहीं है, लेकिन परिवार के लिए यह दुख असहनीय है।

जानकारी के मुताबिक, दो दिन पूर्व थाना एकता क्षेत्र में मां रश्मि अपने सात माह के बेटे शिवाय के साथ जा रही थीं। इसी दौरान एक डंपर की टक्कर से मां और मासूम हादसे का शिकार हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवाय की जान नहीं बच सकी, जबकि रश्मि गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

सीसीटीवी फुटेज वायरल, पुलिस ने डंपर कब्जे में लिया

हादसे के दो दिन बाद घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। फुटेज सामने आने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर डंपर को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।