शेख हसीना की वापसी पर बांग्लादेश सरकार ने कहा,   विमान से आएं या पैदल,  बात सिर्फ भारत से होगी 

अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर को बांग्लादेश वापसी का ऐलान किया है। इस पर बांग्लादेश की सरकार ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सूचना सलाहकार जाहेद उर रहमान ने कहा है कि शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी पर बातचीत सिर्फ भारत के साथ की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि शेख हसीना खुद वापस आना चाहती हैं। ऐसे में उनके प्रत्यर्पण में कोई समस्या नहीं है।

Nov 24, 2026 - 19:09
 0
शेख हसीना की वापसी पर बांग्लादेश सरकार ने कहा,   विमान से आएं या पैदल,  बात सिर्फ भारत से होगी 

ढाका।  बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर को स्वदेश वापसी का ऐलान किया है। उनके इस फैसले पर बांग्लादेश की सरकार और सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) नेताओं की तीखी प्रतिक्रिया आई है। बांग्लादेश की सरकार ने कहा है कि शेख हसीना को हथकड़ियों में वापस लाया जाएगा और उनके साथ विदेश में रह रहे किसी भी अन्य दोषी भगोड़े की तरह ही कानून के तहत व्यवहार किया जाएगा। शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश में कथित छात्र आंदोलन के दौरान भड़के विद्रोह के कारण देश से भाग गई थीं। वह तब से भारत में रह रही हैं।

शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी पर प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सूचना एवं प्रसारण सलाहकार जाहेद उर रहमान ने कहा कि हसीना को वापस लाने के बारे में उनसे कोई चर्चा नहीं हुई है और उनके प्रत्यर्पण पर बातचीत भारत के साथ होगी। समाचार पत्र 'प्रोथोम आलो' के अनुसार, उर रहमान ने मंगलवार को एक प्रेस वार्ता में कहा, "हसीना कहती हैं कि वह घर लौटना चाहती हैं। बांग्लादेश चाहता है कि उनका प्रत्यर्पण हो। इसलिए दोनों मुद्दे मेल खाते हैं। चूंकि वह घर लौटना चाहती हैं, इसलिए उनके प्रत्यर्पण में कोई कानूनी बाधा नहीं है।"

उन्होंने कहा, "शेख हसीना आएंगी या नहीं, यह उनसे चर्चा करने का विषय नहीं है। चर्चा भारत के साथ होगी। एक गंभीर अपराधी अपने सहयोगियों के साथ भारत में है। उन्हें दोषी ठहराया जा चुका है। इसलिए, वह आएंगी या नहीं, वह विमान बांग्लादेश एयरलाइंस के विमान से यात्रा करेंगी या अपने विमान से, या पैदल आएंगी, और उन्हें कैसे सौंपा जाएगा—इन मामलों पर भारत के साथ चर्चा की जाएगी।"

हसीना की वापसी का मुद्दा ढाका और नई दिल्ली के बीच तनाव का एक बड़ा कारण बनकर उभरा है। इस महीने की शुरुआत में बांग्लादेश सरकार द्वारा उनके नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र के अनुरोध को खारिज किए जाने के बाद बांग्लादेश में अशांति की ताजा लहर देखने को मिली है। हसीना के वकीलों ने दिसंबर में उनकी प्रस्तावित वापसी को सुगम बनाने के लिए दस्तावेज प्राप्त करने हेतु नई दिल्ली स्थित बांग्लादेशी मिशन से संपर्क किया था।