जिनपिंग के बाद पीएम मोदी सबसे प्रभावशाली नेता, भारत का एशिया पावर इंडेक्स में दबदबा कायम
एक नए आकलन में माना गया है कि भारत का क्षेत्रीय दबदबा इस साल भी कायम है। यह आकलन ऐसे समय में आया है जब अंतरराष्ट्रीय मामलों में भारत की स्थिति को लेकर कई मंचों पर व्यापक बहस चल रही है।
बीजिंग। दिल्ली में हाल ही में (20-22 नंवबर) एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम आयोजित हुआ है। इस दौरान ना सिर्फ एससीओ के दूसरे देश बल्कि तमाम तनाव के बावजूद पाकिस्तान का प्रतिनिधि भी इसमें आया। ये दिखाता है कि क्षेत्र (एशिया) के तमाम देश ये मान रहे हैं कि भारत के न्योते को नंजरअंदाज करना ठीक नहीं है। इस साल के आलकन भी बताते हैं कि भारत अपना क्षेत्रीय दबदबा यानी अपनी कूटनीतिक स्थिति बनाए रखने में कामयाब रहा है। एक सर्वे में माना गया है कि नरेंद्र मोदी का क्षेत्रीय दबदबा बढ़ा है।
ऑस्ट्रेलिया के लोवी इंस्टीट्यूट ने 2026 के ' एशिया पावर इंडेक्स के अपने निष्कर्ष में कहा है कि क्षेत्रीय नेतृत्व के आकलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन स्थान ऊपर आए हैं। अब वे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद एशिया के दूसरे सबसे प्रभावशाली नेता बन गए हैं। हंटर मार्स्टन और जैक सतो की रिपोर्ट कहती है कि घरेलू चुनौतियों और आर्थिक क्षमताओं में गिरावट के बावजूद भारत ने क्षेत्र में प्रभावशाली भूमिका निभाई है।
इस आकलन में कूटनीतिक प्रभाव के मामले में भारत को 70.3 अंक मिले हैं, जो पिछले साल की तुलना में बहुत मामूली गिरावट है। ये इसलिए अच्छा है क्योंकि जब पूरे एशिया का कूटनीतिक प्रभाव कम हो रहा था तो भारत का प्रदर्शन काफी बेहतर रहा। प्रधानमंत्री मोदी की स्थिति बेहतर हुई लेकिन वैश्विक नेतृत्व पर कुछ सवाल बरकरार हैं
क्षेत्रीय नेतृत्व रैंकिंग में प्रधानमंत्री मोदी का दूसरे स्थान पर पहुंचना इस साल के इंडेक्स के सबसे अहम निष्कर्षों में से एक है। हालांकि उनके वैश्विक नेतृत्व को लेकर धारणा में कोई सुधार नहीं दिखा है। रिपोर्ट के अनुसार, इस गिरावट का एक कारण खाड़ी क्षेत्र के विवादों के दौरान भारत की अपेक्षाकृत कम कूटनीतिक सक्रियता है।
क्षेत्र की कठिन परिस्थितियों के बीच भारत का स्कोर काफी स्थिर बना हुआ है, जो काफी अहमियत रखती है। एशिया के शक्ति संतुलन पर अमेरिका और चीन का दबदबा बना हुआ है लेकिन अब इनके बीच का अंतर घटकर केवल 5.3 अंक रह गया है। ये 2018 में 'एशिया पावर इंडेक्स' की शुरुआत के बाद से सबसे कम है।
भारत के लिए शक्ति संतुलन में बदलाव अवसर और चुनौती दोनों बनाते हैं। रिपोर्ट में वैश्विक चुनौतियों से निपटने में मध्यम शक्तियों की भूमिका पर बढ़ती चर्चाओं का जिक्र है। साथ ही यह भी कहा गया है कि अभी तक इसका कोई ठोस परिणाम नहीं निकला है और ना ही एशिया के शक्ति संतुलन में कोई बड़ा बदलाव आया है।
भारत ने केवल कूटनीति के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि अन्य क्षेत्रों में भी प्रगति की है। रक्षा साझेदारी, आर्थिक संबंधों और सांस्कृतिक प्रभाव के मामले में भारत की स्थिति बेहतर हुई है।
रक्षा नेटवर्क के मामले में भारत 18.6 अंकों के साथ दो स्थान चढ़कर नौवें नंबर पर आ गया है। क्षेत्रीय रक्षा सहयोग में वृद्धि और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों को ब्रह्मोस मिसाइलों की बिक्री से भारत की स्थिति में सुधार आया है।
आर्थिक संबंधों में भारत दो स्थान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर पहुंच गया है। भारत उन 5 देशों में शामिल है, जिनके स्कोर में 2026 में कोई गिरावट नहीं आई। यह क्षेत्रीय व्यापार और निवेश संबंधों में स्थिरता दिखाता है।
सांस्कृतिक प्रभाव भी एक ऐसा क्षेत्र है, जिसमें सुधार हुआ है। भारत का स्कोर बढ़कर 43.8 अंक हो गया है। इसमें सांस्कृतिक प्रसार, सूचनाओं के प्रवाह और लोगों के आपसी आदान-प्रदान में हुई वृद्धि का योगदान है।
रिपोर्ट से यह साफ होता है कि एशिया में चीन की स्थिति को चुनौती देने के लिए भारत को अभी भी लंबा सफर तय करना है। भारत ने इस क्षेत्र में एक बड़ी ताकत के रूप में अपनी स्थिति मजबूत की है और इसका कुल स्कोर 40.5 अंक रहा। 2018 में इस इंडेक्स की शुरुआत के बाद से दोनों देशों के बीच का अंतर अब सबसे कम हो गया है। फिर भी चीन की कुल ताकत भारत के मुकाबले लगभग 80 प्रतिशत अधिक है।