भक्ति के रथ पर सवार हुए कान्हा-बलराम, झांकियों ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
आगरा में श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के तहत बल्केश्वर रोड स्थित गौशाला से भगवान श्रीकृष्ण-बलराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। 50 से अधिक धार्मिक और सामाजिक संदेश देने वाली झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने आरती उतारकर शुभारंभ किया। शोभायात्रा में भगवान की लीलाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। 24 नवंबर को रुक्मिणी मंगल लीला और 25 नवंबर को रक्तदान शिविर आयोजित होगा।
गौशाला से शुरू हुई शोभायात्रा में खाटू श्याम, पीतांबरा माता और कृष्ण लीलाओं के दिखे दिव्य स्वरूप, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने उतारी आरती, जगह-जगह हुआ स्वागत
आगरा। श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के अंतर्गत सोमवार को बल्केश्वर रोड स्थित गौशाला परिसर से भगवान श्रीकृष्ण और बलराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। 50 से अधिक आकर्षक धार्मिक और सामाजिक संदेश देने वाली झांकियों से सजी इस शोभायात्रा में आस्था, भक्ति और भारतीय संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। भगवान के दिव्य स्वरूपों के दर्शन के लिए सड़कों और बाजारों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। जगह-जगह आरती उतारकर और पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
शोभायात्रा का शुभारंभ विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने भगवान की आरती उतारकर किया। इसके बाद भक्ति संगीत और धार्मिक जयकारों के बीच शोभायात्रा आगे बढ़ी। इसमें खाटू श्याम जी, पीतांबरा माता, भगवान नरसिंह के अवतार, कारागार में श्रीकृष्ण जन्म, सुदामा के चरण पखारते भगवान श्रीकृष्ण, चीरहरण प्रसंग और भोलेनाथ सहित 50 से अधिक झांकियां शामिल रहीं।
धार्मिक प्रसंगों के साथ सामाजिक सरोकारों को भी झांकियों के माध्यम से प्रमुखता दी गई। विद्युत शवदाह को प्रोत्साहित करने सहित कई सामाजिक संदेश देने वाली झांकियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। शोभायात्रा के अंतिम भाग में फूलों से सजा भव्य रथ चल रहा था, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण और बलराम के स्वरूप विराजमान थे। मार्ग में श्रद्धालुओं ने रथ रोककर भगवान की आरती उतारी और दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
गौशाला परिसर से शुरू हुई शोभायात्रा जीवनी मंडी, भैरों बाजार, बेलनगंज, कचहरीघाट, छत्ता बाजार, दरेसी नंबर दो, रावतपाड़ा, सुभाष बाजार, जौहरी बाजार, किनारी बाजार, सेवका बाजार, फुलट्टी, छिलीईंट घटिया, सिटी स्टेशन मार्ग, धूलियागंज और पथवारी होते हुए पुनः बेलनगंज के रास्ते गौशाला परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
श्रीकृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि महोत्सव के अंतर्गत निकाली गई शोभायात्रा ब्रज की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का जीवंत स्वरूप है। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के माध्यम से प्रेम, सद्भाव, लोकमंगल और मानवता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना आयोजन का उद्देश्य है। इस तरह के आयोजन आगरा की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।
शोभायात्रा में गिर्राज बंसल, शेखर गोयल, विजय रोहतगी, शोभायात्रा संयोजक बृजेश अग्रवाल, अनूप गोयल, मनोज अग्रवाल, विनीत सिंघल, लक्ष्मण शर्मा, मनोज बंसल (चैंबर अध्यक्ष), सचिन सारस्वत, आशु रोहतगी, पंकज मोहन, अनंत उपाध्याय, विष्णु कुमार अग्रवाल सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे।
श्रीकृष्ण-रुक्मिणी मंगल लीला 24 नवंबर को
श्रीकृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत 24 नवंबर को शाम छह बजे से रुक्मिणी मंगल लीला का मंचन किया जाएगा। इससे पहले सुबह 10 बजे वजीरपुरा स्थित सीताराम मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी जी की मेहंदी की रस्म आयोजित होगी।
25 नवंबर को लगेगा रक्तदान शिविर
समिति की ओर से 25 नवंबर को सुबह 10 बजे से लीला स्थल गौशाला परिसर में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। समिति के महामंत्री विजय रोहतगी ने बताया कि रक्तदान के इच्छुक लोग समिति के पदाधिकारियों के पास अपना पंजीकरण करा सकते हैं। आयोजन के माध्यम से सामाजिक सेवा और मानवता का संदेश भी दिया जाएगा।