पंजाब में अकाली ने मिलाया भाजपा से हाथ, अकाली नेता होंगे सीएम फेस, पीएम मोदी के बाद गठबंधन पर मुहर
पंजाब में बीजेपी-अकाली दल गठबंधन का ऐलान करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने साफ कर दिया कि मुख्यमंत्री का चेहरा अकाली दल से ही होगा। अकाली दल ही बड़े भाई की भूमिका में होगा।
चंडीगढ। पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को बीजेपी-शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन का ऐलान किया। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री चेहरे पर भी रुख साफ कर दिया। अमित शाह ने कहा, ''पंजाब में बड़े भाई की भूमिका में अकाली दल रहेगा। हम सभी 117 सीटों पर साथ लड़ेंगे। बड़ा भाई ही मुख्यमंत्री होगा. यानि अकाली दल का ही नेता सीएम चेहरा होगा।'' इस बैठक के दौरान ही पीएम मोदी का फोन आया और इसके बाद गठबंधन पर मुहर लग गई।
अमित शाह ने इस ऐलान के साथ ही नेताओं और कार्यकर्ताओं को संदेश दिया है कि वो अकाली दल के साथ मिलकर मैदान में उतरे,। हालांकि अकाली दल और बीजेपी ने सीट शेयरिंग को लेकर रुख फिलहाल साफ नहीं किया है।
अमित शाह ने कहा कि हम दोनों मिलकर तय कर लेंगे। उन्होंने कहा कि आज से अकाली दल राजनीति में एनडीए के एक आधिकारिक सहयोगी के रूप में काम करेगा। हमने साथ मिलकर कई चुनाव लड़े हैं। जिसमें जीत और हार दोनों देखी हैं। फिर भी हमारा रिश्ता अटूट रहा है।
वहीं शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि पंजाब में यह एक ऐसा गठबंधन है जो लोगों की भावनाओं को दर्शाता है। समाज के हर वर्ग और हर धर्म के लोग चाहते हैं कि पंजाब में अकाली दल और बीजेपी एक साथ आएं।
अमित शाह ने बताया कि वो नशा मुक्ति, भ्रष्टाचार से मुक्ति और राष्ट्रवादी ताकतों के बढ़ावा देने के मुद्दे पर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर 2029 तक हम पंजाब से नशा खत्म कर देंगे।
पंजाब में बीजेपी और अकाली दल लंबे समय तक गठबंधन में रही, हालांकि किसानों के मुद्दे पर अकाली दल ने साल 2020 में बीजेपी से गठबंधन तोड़ लिया था। इसके बाद हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी और अकाली दल को बड़ा झटका लगा। बीजेपी को मात्र दो सीटें मिली. वहीं अकाली दल को 3 सीटें मिली थी।