आस्कर को लेकर बड़ी खुशखबरी,  99वें एकेडमी अवॉर्ड्स में  मराठी फिल्म 'गोंधल' और 'अंग'  लिस्ट में शामिल

मराठी थ्रिलर 'गोंधल' और थेजा रियो की 'अंग' को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स के लिए इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में दोनों फिल्में विचार के लिए एलिजिबल हैं। एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज ने मंगलवार को यह घोषणा की।

Nov 24, 2026 - 19:54
 0
आस्कर को लेकर बड़ी खुशखबरी,  99वें एकेडमी अवॉर्ड्स में  मराठी फिल्म 'गोंधल' और 'अंग'  लिस्ट में शामिल


लास एंजिल्स।  ऑस्कर 2027 को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म कैटेगरी की लिस्ट जारी की। इसमें मराठी फिल्म 'गोंधल' और थेजा रियो की फिल्म 'अंग' को जगह मिली है।

इस कैटेगरी में कुल 104 फिल्में शामिल हैं। संतोष दावखर के निर्देशन में बनी 'गोंधल' ऑस्कर के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री है। वहीं, फिल्म 'अंग' ने टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में 'प्लेटफॉर्म' अवॉर्ड जीता था। इसके बाद इसे भी ऑस्कर की दौड़ में शामिल किया गया।

इस लिस्ट में जापान की दुखभरी कहानी 'ऑल ऑफ अ सडन', नेपाल की 'एलिफेंट्स इन द फॉग', पोलैंड की 'फादरलैंड', रोमानिया की 'फ्योर्ड', स्पेन की 'ला बोला नेग्रा', फ्रांस की 'मिनोटॉर' और दक्षिण कोरिया की 'पॉसिबल लव' जैसी फिल्में भी शामिल हैं।

इस लिस्ट में जगह मिलने का मतलब है कि ये फिल्में ऑस्कर की इस कैटिगरी में आगे बढ़ने के लिए योग्य हैं। अब इन्हें अवॉर्ड के लिए शॉर्टलिस्ट होने और नामांकन पाने का मौका मिलेगा। यानी ये फिल्में अगले लेवल पर जा सकती हैं, जिसमें शॉर्ट लिस्ट, नॉमिनेशन और आखिर में जीत शामिल है।

एकेडमी की ओर से जारी एक रिलीज में कहा गया है कि इन 104 फिल्मों में से 100 फिल्में अलग-अलग देशों और क्षेत्रों ने भेजी हैं। वहीं, चार फिल्मों ने फिल्म फेस्टिवल में पुरस्कार जीतने के आधार पर इस लिस्ट में जगह बनाई है।

एकेडमी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म वही होती है, जिसकी लंबाई 40 मिनट से ज्यादा हो। फिल्म का निर्माण अमेरिका के बाहर हुआ हो और उसमें 50 प्रतिशत से ज्यादा डायलॉग अंग्रेजी के अलावा किसी दूसरी भाषा में हों।


ऑस्कर की शॉर्टलिस्ट 15 दिसंबर 2026 को जारी होगी। वहीं, 99वें ऑस्कर अवॉर्ड्स के लिए नॉमिनेशन का ऐलान 21 जनवरी 2027 को किया जाएगा।

99वां ऑस्कर समारोह14 मार्च 2027 को अमेरिका के लॉस एंजिलिस में होगा। यह कार्यक्रम हॉलीवुड के डॉल्बी थिएटर में आयोजित किया जाएगा। इसका सीधा प्रसारण एबीसी चैनल पर होगा। वहीं, हुलु पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी।

मराठी फिल्म 'गोंधल' महाराष्ट्र के ग्रामीण इलाके की कहानी है। इसकी पूरी कहानी रात में होनेवाली शादी के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में आधी रात को होने वाले पारंपरिक गोंधल अनुष्ठान को दिखाया गया है। शादी में निभाई जा रही पारंपरिक गोंधळ रस्म के साथ कई चीजें जुड़ी हैं। इसमें गांव की राजनीति, पुरानी मान्यताओं, धोखे और महिलाओं की स्थिति जैसे मुद्दे सामने आते हैं। इस फिल्म में ईशिता देशमुख, योगेश सोहोनी और किशोर कदम अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का संगीत की बात करें तो ये दिग्गज संगीतकार इलैयाराजा के हैं।

फिल्म 'अंग' की कहानी 1960 के दशक के नागालैंड पर आधारित है। यह नागालैंड के एक दूरदराज के गांव में घटित एक कोन्यक आदिवासी मुखिया (अंगबा) और उसके परिवार की कहानी है। इसमें एक बुजुर्ग गांव के मुखिया और उसके बेटे की जिंदगी दिखाई गई है। दोनों ऐसे लोगों में शामिल हैं, जो बदलते समय के बीच अपनी पुरानी मान्यताओं और जीवनशैली को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। फिल्म में दिखाया गया है कि एक अमेरिकी मिशनरी के आने के बाद गांव के लगभग सभी लोग ईसाई धर्म अपना लेते हैं। लोग पश्चिमी पहनावे, अंग्रेजी भाषा व आधुनिक शिक्षा की ओर बढ़ जाते हैं। लेकिन गांव का पारंपरिक मुखिया अंगबा धर्म परिवर्तन से इनकार कर देता है। वह अपने पूर्वजों की संस्कृति से मजबूती से जुड़ा रहता है।