चौथ वसूली के आरोपों पर बल्केश्वर में उबाल, मनोज अग्रवाल की गिरफ्तारी की मांग

आगरा के बल्केश्वर स्थित अग्रसेन वाटिका में सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने मनोज अग्रवाल के खिलाफ एकजुटता प्रदर्शन किया। पार्षद हरिओम गोयल बाबा ने उन पर ब्लैकमेलिंग और चौथ वसूली के आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग की। चाट विक्रेता राम खिलाड़ी ने भी मकान निर्माण के दौरान 70 हजार रुपये मांगने और मकान तुड़वाने की धमकी देने का आरोप लगाया। भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष गिर्राज बंसल समेत अन्य वक्ताओं ने भी प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की।

Nov 23, 2026 - 21:08
 0
चौथ वसूली के आरोपों पर बल्केश्वर में उबाल, मनोज अग्रवाल की गिरफ्तारी की मांग
प्रदर्शन करते क्षेत्रीय लोग।

अग्रसेन वाटिका में सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने किया एकजुटता प्रदर्शन, पार्षद हरिओम गोयल बाबा ने लगाए ब्लैकमेलिंग के आरोप, चाट विक्रेता ने भी सुनाई 70 हजार रुपये मांगने की कहानी

आगरा। बल्केश्वर क्षेत्र में कथित चौथ वसूली और धमकी देने के आरोपों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। अग्रसेन वाटिका में आयोजित एकजुटता प्रदर्शन और प्रेसवार्ता में सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने मनोज अग्रवाल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदर्शनकारियों ने उन पर चौथ वसूली, ब्लैकमेलिंग और लोगों को धमकाने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष जांच कराकर सख्त कार्रवाई करने की मांग प्रशासन से की।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने मुट्ठियां बांधकर हाथ हवा में लहराए और एक स्वर में 'हम सब एक हैं' का नारा लगाया। प्रदर्शनकारियों ने दो टूक कहा कि क्षेत्र में किसी भी तरह की कथित गुंडागर्दी और चौथ वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 'नहीं होने देंगे, नहीं होने देंगे, हम अपने क्षेत्र में चौथ वसूली नहीं होने देंगे' के नारों के बीच वक्ताओं ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।

पार्षद बोले-समाज को दूषित कर रहा है, लोगों को कर रहा ब्लैकमेल

पार्षद हरिओम गोयल बाबा ने कहा कि मनोज अग्रवाल को लेकर क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनोज अग्रवाल के खिलाफ कमला नगर थाने में हिस्ट्रीशीटर होने और कई संगीन मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आती रही है। उन्होंने प्रशासन से इन सभी मामलों की जांच कराने और गिरफ्तारी की मांग की। हरिओम गोयल बाबा ने आरोप लगाया, "यह व्यक्ति समाज को दूषित कर रहा है, लोगों को ब्लैकमेल कर रहा है और चौथ वसूली कर रहा है। ऐसे लोगों को जेल भिजवाने का काम होना चाहिए। मैं प्रशासन से निवेदन करता हूं कि मनोज अग्रवाल की गिरफ्तारी की जाए और उसके सारे मुकदमों की जांच कराई जाए।"

उन्होंने दावा किया कि हाल ही में एक टिकिया विक्रेता से 50 हजार रुपये की कथित चौथ मांगने का मामला भी सामने आया है, जिसमें पीड़ित की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को लेकर हरिओम बाबा ने पलटवार करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति जनप्रतिनिधि पर आरोप लगाता है तो उसे प्रमाणित भी करना चाहिए। उन्होंने कहा, "अगर आरोप सिद्ध नहीं कर पाया तो मैं मानहानि का मुकदमा करूंगा। मेरे बेटे पर गोली चलाने का आरोप भी सिद्ध करके दिखाए।"

चाट विक्रेता का आरोप-70 हजार रुपये मांगे, मकान तुड़वाने की दी धमकी

प्रेसवार्ता में बल्केश्वर निवासी चाट विक्रेता राम खिलाड़ी ने भी अपनी शिकायत रखते हुए मनोज अग्रवाल पर 70 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया। राम खिलाड़ी के मुताबिक वह बल्केश्वर के मनोहरपुर में अपना मकान बनवा रहे हैं। इसी दौरान मनोज अग्रवाल ने फोन करके उनसे मिलने को कहा।

राम खिलाड़ी का आरोप है कि बातचीत के दौरान मनोज अग्रवाल ने एडीए का काम संभालने का दावा करते हुए 20 हजार रुपये अपनी फीस और 50 हजार रुपये एडीए के अधिकारियों के लिए देने की बात कही। उन्होंने बताया कि पैसों की व्यवस्था नहीं होने के कारण जब उन्होंने रकम देने से इनकार किया तो उन्हें मकान तुड़वाने और सील लगवाने की धमकी दी गई।

पीड़ित के अनुसार, इसके बाद उन्होंने पार्षद हरिओम गोयल बाबा से सलाह ली और थाना कमला नगर में एफआईआर दर्ज कराई। राम खिलाड़ी ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्षद पर मकान बनवाने के बदले पैसे लेने का आरोप गलत है। उनके मुताबिक हरिओम बाबा ने उनसे एक रुपया भी नहीं लिया।

पूर्व पार्षदों और सामाजिक संगठनों ने भी खोला मोर्चा

प्रदर्शन में पूर्व पार्षद डॉ. कुंदनिका शर्मा, श्री अग्रबंधु समन्वय समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद ताराचंद मित्तल 'तोती भाई', बल्केश्वर मेला कमेटी के अध्यक्ष महेश निषाद तथा कर्मयोगी एनक्लेव वेलफेयर सोसाइटी एवं अग्र मिलन समिति के अध्यक्ष पवन बंसल ने भी अपनी बात रखी। सभी वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में किसी को भी दबंगई या गुंडागर्दी करने की छूट नहीं दी जा सकती। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मनोज अग्रवाल के खिलाफ लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाए। वक्ताओं ने कहा कि स्थानीय व्यापारी और नागरिक भयमुक्त माहौल में अपना कारोबार और सामाजिक गतिविधियां संचालित करना चाहते हैं।

'जो अपने घर का नहीं, वह समाज का कैसे होगा'- गिर्राज बंसल

भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष गिर्राज बंसल ने मनोज अग्रवाल के समाजसेवक और महासभा के प्रदेश अध्यक्ष होने के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को पूरे क्षेत्र का मालिक बनकर फैसले लेने का अधिकार नहीं है। क्षेत्र वहां रहने वाले प्रत्येक नागरिक, दुकानदार और फैक्ट्री संचालक का है। निर्णय लेने के लिए जनप्रतिनिधि और शासन-प्रशासन की व्यवस्था मौजूद है। उन्होंने कहा, "वे कहते हैं- मेरा क्षेत्र है, मेरी जगह है। मैं पूछता हूं कि क्षेत्र तो वहां रहने वाले हर व्यक्ति का है। आप निर्णय करने वाले कौन होते हैं?"

गिर्राज बंसल ने आगे कहा, "जो अपने परिवार को साथ लेकर नहीं चल सका, जो अपने घर का नहीं हुआ, वह समाज का ठेकेदार कैसे बन सकता है?" जमींदार होने के दावे पर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि केवल ऐसे दावों से कोई व्यक्ति बड़ा नहीं हो जाता। उन्होंने कहा कि समाज की ठेकेदारी और तुष्टिकरण करने वाला व्यक्ति कभी समाज का हितैषी नहीं हो सकता।

प्रदर्शन में ये रहे प्रमुख रूप से शामिल

एकजुटता प्रदर्शन में बबली सिंघल, ब्रह्मा गुप्ता, श्याम सुंदर अग्रवाल, कृष्ण मुरारी अग्रवाल 'बल्ले भाई', सचिन अग्रवाल सीमेंट वाले, बिल्डर हरीश अग्रवाल 'जुगनू भाई', जोगिंदर शुक्ला, नीरज अग्रवाल, हनी मित्तल, कपिल अग्रवाल, अमर सिंह, विजय अरोड़ा, पंकज गुप्ता, राकेश त्यागी, महेंद्र शाक्य, अनुज गोयल, लक्ष्मी नारायण निषाद, महेश राठौर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रदर्शन के जरिए लोगों ने प्रशासन को संदेश दिया कि बल्केश्वर क्षेत्र में कथित चौथ वसूली और धमकी के मामलों पर प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए। अब इस पूरे विवाद में पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर लोगों की निगाहें टिकी हैं।