21 हजार दीपों की रोशनी से नहाया जगन्नाथ मंदिर, लक्ष्मी नरसिंह स्वरूप में हुए भगवान के दर्शन

आगरा के कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में देव दीपावली (बैकुण्ठ चतुर्दशी) श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। मंदिर परिसर को रंगोली, पारंपरिक अल्पना और दीपों से सजाया गया। भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा और बलराम के दिव्य दर्शन के लिए श्रद्धालु उमड़े। संध्या आरती के बाद हरे राम-हरे कृष्ण महामंत्र का संकीर्तन हुआ, जिसमें सैकड़ों भक्त झूमते नजर आए। इसके बाद 21 हजार दीपों का दीपदान किया गया।

Nov 23, 2026 - 20:50
 0
21 हजार दीपों की रोशनी से नहाया जगन्नाथ मंदिर, लक्ष्मी नरसिंह स्वरूप में हुए भगवान के दर्शन

कमला नगर के श्रीजगन्नाथ मंदिर में भक्ति और उल्लास के साथ मना देव दीपावली उत्सव, रंगोली-अल्पना और दीपों से सजा मंदिर परिसर, हरे राम-हरे कृष्ण के संकीर्तन में झूमे सैकड़ों श्रद्धालु

आगरा। आस्था, श्रद्धा और भक्ति के प्रकाश से कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर देव दीपावली पर अलौकिक आभा से जगमगा उठा। मंदिर परिसर से लेकर आसपास के पूरे क्षेत्र में दीपों की झिलमिल रोशनी ने अद्भुत आध्यात्मिक वातावरण बना दिया। भगवान जगन्नाथ के जयकारों और भक्ति संगीत के बीच श्रद्धालुओं ने 21 हजार दीपों का दान कर देव दीपावली (बैकुण्ठ चतुर्दशी) का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया। रंग-बिरंगी रंगोलियों और पारंपरिक अल्पनाओं से सजे मंदिर में भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलराम के दिव्य दर्शन के लिए भक्तों का उत्साह देखते ही बना।

मंदिर परिसर में कहीं सतरंगी रंगों से आकर्षक रंगोलियां बनाई गईं तो कहीं गेरू और खड़िया से पारंपरिक अल्पनाएं सजाई गईं। दीपों की कतारों से सजे मंदिर और आसपास के क्षेत्र का दृश्य बेहद मनमोहक नजर आया। शाम होते ही हजारों दीपों की रोशनी ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भगवान के दर्शन करने के साथ दीपदान में सहभागी बने।

इस्कॉन मंदिर, आगरा के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप ने बताया कि बैकुण्ठ चतुर्दशी का दिन धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। मान्यता है कि इसी दिन गज-ग्राह लीला में भगवान श्रीहरि ने अपने परम भक्त गजराज (हाथी) को मगरमच्छ के चंगुल से मुक्त कर बैकुण्ठ धाम प्रदान किया था। इसी पौराणिक प्रसंग के कारण इस दिन दीपदान का विशेष महत्व माना जाता है।

उन्होंने बताया कि भगवान श्रीजगन्नाथ वर्ष में एक बार इसी विशेष अवसर पर लक्ष्मी नरसिंह स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। भगवान का यह दिव्य स्वरूप भक्तों को आशीर्वाद और अभय प्रदान करने वाला माना जाता है। भगवान जगन्नाथ के साथ बहन सुभद्रा और भाई बलराम की अलौकिक छवि के दर्शन के लिए श्रद्धालु विशेष रूप से उत्साहित रहे। धार्मिक मान्यता के अनुसार, यह रात्रि हर यानी भगवान शिव और हरि यानी भगवान विष्णु की आराधना से भी जुड़ी हुई है।

संकीर्तन में झूमे सैकड़ों श्रद्धालु, 21 हजार दीपों से हुआ दीपदान

उत्सव के दौरान संध्या आरती के बाद मंदिर में हरे राम, हरे कृष्ण महामंत्र का सामूहिक संकीर्तन किया गया। मृदंग और मंजीरों की मधुर ध्वनि के बीच सैकड़ों श्रद्धालु भगवान श्रीहरि की भक्ति में झूमते नजर आए। भजन-कीर्तन से मंदिर परिसर गूंज उठा। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से 21 हजार दीपों का दीपदान किया। दीपों की जगमगाहट और भगवान के जयकारों ने पूरे आयोजन को आध्यात्मिक और यादगार बना दिया।

इस अवसर पर नितेश अग्रवाल, आशू मित्तल, सुशील अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, कान्ता प्रसाद अग्रवाल, राजेश उपाध्याय, संजीव बंसल, शैलेश बंसल, ओमप्रकाश अग्रवाल, संजय कुकरैजा, राजेश मल्होत्रा, संजीव मित्तल, देव केशव, राजेश गर्ग, सुनील मनचंदा, अदिति गौरांगी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।