512 अर्घ्यों से गूंजा महावीर मंदिर, पीएम मोदी के उत्तम स्वास्थ्य के लिए हुई मंगलकामना
आगरा के कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में नौ दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ एवं सिद्धचक्र महामंडल विधान महोत्सव के सातवें दिन 512 अर्घ्य समर्पित किए गए। राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने पत्नी रेनू जैन के साथ सौधर्म इंद्र-इंद्राणी बनकर पूजन किया। धार्मिक अनुष्ठान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर शक्ति प्राप्त होने की कामना की गई। मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज ने प्रवचनों में कठिनाइयों से सीख लेकर आगे बढ़ने और जीवन में धर्म एवं सदाचार अपनाने का संदेश दिया। शाम को संगीतमय आरती और भजन संध्या में श्रद्धालु झूम उठे।
राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने पत्नी रेनू जैन के साथ सौधर्म इंद्र-इंद्राणी बनकर किया पूजन, मुनिश्री समत्वसागर जी ने कहा- बाधाओं से सीख लेकर आगे बढ़ना ही जीवन की सफलता
आगरा। देश की शांति, विश्व कल्याण और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ डी-ब्लॉक, कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में चल रहे नौ दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ एवं श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान महोत्सव में सोमवार को भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास की अनुपम छटा देखने को मिली। अष्टानिका महापर्व के पावन अवसर पर आयोजित महोत्सव के सातवें दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए शक्ति एवं सामर्थ्य प्राप्त होने की मंगलकामना की गई। साथ ही भगवान महावीर के अहिंसा, शांति और विश्व बंधुत्व के सिद्धांतों के माध्यम से देश-दुनिया में सुख, समृद्धि और सद्भावना की प्रार्थना की गई।
पीएनसी परिवार, आगरा की ओर से राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक महोत्सव में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई। पूज्य मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज, मुनि श्री शीलसागर जी महाराज एवं मुनि श्री सुप्रभात सागर जी महाराज के ससंघ मंगल सान्निध्य में भगवान श्री आदिनाथ का अभिषेक और विशेष शांतिधारा संपन्न हुई। प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन एवं डॉ. आकाश जैन के निर्देशन में मंत्रोच्चार के साथ समस्त धार्मिक क्रियाएं विधि-विधान से कराई गईं। इसके बाद श्रद्धालुओं ने अष्टद्रव्य से भगवान की पूजन-अर्चना कर विधान मंडल पर भक्तिभाव से अर्घ्य समर्पित किए।
नवीन जैन ने पत्नी रेनू के साथ निभाई सौधर्म इंद्र-इंद्राणी की भूमिका
विधान की धार्मिक क्रियाओं में राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने अपनी धर्मपत्नी रेनू जैन के साथ सौधर्म इंद्र एवं इंद्राणी के रूप में सहभागिता की। उन्होंने परिवार के अन्य इंद्र-इंद्राणियों के साथ विधान मंडल पर अष्टद्रव्य अर्पित कर भगवान की आराधना की। महोत्सव के सातवें दिन भगवान श्रीजी के समक्ष कुल 512 अर्घ्य समर्पित किए गए। मंत्रोच्चार, पूजन और अर्घ्य समर्पण के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर पीएनसी परिवार के सदस्यों ने मुनिश्री के पावन चरणों का प्रक्षालन कर श्रद्धापूर्वक उनका पूजन किया और मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास और प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राष्ट्रसेवा के प्रति उनका समर्पण और संकल्प सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि इस धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से प्रभु से प्रार्थना की जा रही है कि प्रधानमंत्री स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों और उन्हें देश की सेवा के लिए निरंतर शक्ति, ऊर्जा एवं सामर्थ्य प्राप्त होता रहे। उन्होंने कहा कि जैन धर्म के अहिंसा, अपरिग्रह, संयम और विश्व बंधुत्व के सिद्धांत संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। भगवान महावीर के संदेशों को जीवन में अपनाकर ही समाज और विश्व में शांति, प्रेम एवं सद्भावना को मजबूत किया जा सकता है।
कठिनाइयों से घबराएं नहीं, उन्हें उपलब्धियों में बदलें-मुनि श्री समत्वसागर
मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज ने अपने मंगल प्रवचनों में जीवन की यात्रा, अनुभवों और धर्म के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जीवन में आने वाली बाधाएं मनुष्य को अनुभव और सीख देकर जाती हैं। जो व्यक्ति कठिनाइयों से घबराकर हार मान लेता है, वह आगे नहीं बढ़ पाता, जबकि बाधाओं को चुनौती मानकर उनसे सीखने वाला व्यक्ति उन्हें अपनी उपलब्धियों में बदल सकता है। मुनिश्री ने समझाया कि जीवन के रास्ते पर आंखें बंद करके चलने से समस्याएं समाप्त नहीं होतीं। जिस प्रकार सामने से आते वाहन को देखकर आंखें बंद कर लेने से दुर्घटना नहीं टल सकती, उसी प्रकार सत्य और धर्म से मुंह मोड़ लेने से जीवन की कठिनाइयों से बचा नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि धर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मनुष्य के कर्म, व्यवहार और निर्णयों को सही दिशा प्रदान करता है। राजनीति, व्यापार और पारिवारिक जीवन सहित प्रत्येक क्षेत्र में धर्म और नैतिक मूल्यों का विशेष महत्व है। सुख-सुविधाएं बढ़ने के साथ मनुष्य के मार्ग से भटकने की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे समय में धर्म ही उसे संभालने और सही रास्ते पर बनाए रखने का कार्य करता है। मुनिश्री ने श्रद्धालुओं को जीवन के अनुभवों से सीख लेने, विपरीत परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने और अपने प्रत्येक कर्म में धर्म एवं सदाचार को स्थान देने की प्रेरणा दी।
संगीतमय आरती के बाद भजनों पर झूमे श्रद्धालु
महोत्सव में शाम सात बजे भगवान श्रीजी की भव्य संगीतमय मंगल आरती का आयोजन किया गया। दीपों की जगमगाहट और भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती कर प्रभु के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की। इसके बाद भोपाल से आए लोकेश जैन एंड पार्टी ने मधुर जैन भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भक्ति संगीत की मधुर धुनों पर महिलाएं और युवा श्रद्धालु झूम उठे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भजनों पर नृत्य कर अपनी भक्ति और उत्साह प्रकट किया। देर तक मंदिर परिसर भक्ति संगीत और जयकारों से गुंजायमान रहा। इस दौरान बाहर से पधारे अतिथियों का पीएनसी परिवार की ओर से स्वागत एवं सम्मान भी किया गया।
पीएनसी परिवार के सदस्य और जैन समाज के प्रतिनिधि रहे मौजूद
नौ दिवसीय महोत्सव का संचालन प्रसिद्ध मंच संचालक मनोज जैन बाकलीवाल ने किया। कार्यक्रम में पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप जैन पीएनसी, चक्रेश जैन, योगेश जैन, जगदीश प्रसाद जैन, यशपाल जैन, वैभव जैन, अनिरुद्ध जैन, अभिनंदन जैन, आनंद जैन, हर्षवर्धन जैन, कार्तिकेय जैन, अनुज जैन, अभिषेक जैन, प्रतीक जैन, निर्मेश जैन, उमेश जैन, ऋषभ जैन, मीना जैन, रेनू जैन, माधवी जैन, आशिता जैन, ईशू जैन, निधि जैन, सलोनी जैन, पलक जैन, मिताक्षरा जैन, मुन्नी जैन, रश्मि जैन, उषा जैन, प्रियंका जैन, हीना जैन, अंकिता जैन एवं आयुषी जैन सहित परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी राहुल जैन एवं शुभम जैन, आगरा के विभिन्न जैन संगठनों के पदाधिकारी, जैन समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।