विश्व शांति महायज्ञ की आहुतियों से गूंजा कमला नगर, श्रीजी की रथयात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब; नौ दिवसीय सिद्धचक्र विधान का भव्य समापन

आगरा। कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में नौ दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का बुधवार को विश्व शांति महायज्ञ और भगवान जिनेंद्र देव की भव्य रथयात्रा के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य में आयोजित समारोह में राज्यसभा सांसद नवीन जैन, पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप कुमार जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। विश्व शांति, मानव कल्याण और सद्भाव की कामना के साथ यज्ञ में आहुतियां दी गईं। सुसज्जित रथों, बग्गियों, बैंड-बाजों और मंगल कलश धारण किए महिलाओं की भागीदारी ने शोभायात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान किया।

Nov 25, 2026 - 20:36
 0
विश्व शांति महायज्ञ की आहुतियों से गूंजा कमला नगर, श्रीजी की रथयात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब; नौ दिवसीय सिद्धचक्र विधान का भव्य समापन
कमला नगर जैन मंदिर में चल रहे सिद्धचक्र महामंडल विधान के बुधवार को हुए समापन समारोह की एक झलक।

अष्टानिका महापर्व के अवसर पर पीएनसी परिवार, आगरा की ओर से डी-ब्लॉक, कमला नगर स्थित मंदिर में 17 नवंबर से विधान का आयोजन किया जा रहा था। राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व और प्रदीप कुमार जैन के संयोजन में आयोजित इस अनुष्ठान में युगल प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन एवं आकाश जैन शास्त्री के निर्देशन में प्रतिदिन भगवान जिनेंद्र देव का अभिषेक, शांतिधारा, पूजन और धार्मिक विधान संपन्न हुए।

अंतिम दिन अभिषेक, शांतिधारा और नित्य नियम पूजन के बाद मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज ने मंगल प्रवचन दिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक अनुष्ठान आत्मशुद्धि और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करते हैं। धर्म, सदाचार और संयम के साथ परोपकार तथा सभी जीवों के प्रति करुणा का भाव अपनाना चाहिए।

समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, भाजपा ब्रज क्षेत्र मंत्री वीना लवानियां और महिला आयोग की पूर्व सदस्य निर्मला दीक्षित सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। नवीन जैन, प्रदीप कुमार जैन और चक्रेश जैन ने अतिथियों का पटका पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया।

राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि सिद्धचक्र महामंडल विधान का आयोजन विश्व शांति, सद्भाव और मानव कल्याण की मंगल भावना से किया गया है। ऐसे धार्मिक आयोजन आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ समाज में प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का विशेष धार्मिक आयोजन पहली बार किया गया है। विधान के माध्यम से दुनिया से हिंसा, वैमनस्य और वैचारिक कटुता समाप्त होने की मंगलकामना की गई है।

रथयात्रा में दिखा भव्यता और भक्ति का संगम

विश्व शांति महायज्ञ में मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इसके बाद भगवान जिनेंद्र देव की रथयात्रा एवं पात्रों की शोभायात्रा मुख्य पंडाल से शुरू होकर महावीर पार्क, चक्रेश जी की कोठी के पास से डी-ब्लॉक, श्रीराम चौक और टंकी चौराहा होते हुए कमला नगर के विभिन्न मार्गों से निकली। जगह-जगह आरती और पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।

शोभायात्रा में सबसे आगे विधान महोत्सव का बैनर, उसके पीछे ऊंटों पर सजे नगाड़े, सुंदर घोड़ियां, डीजे गाड़ियां और ढोल की टोलियां चल रही थीं। 12, 20 और 40 सदस्यीय बैंड सहित कई बैंडों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। रजत रथ, घोड़ों से सुसज्जित रथ और छाताधारी शोभायात्रा के प्रमुख आकर्षण रहे। पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर भागीदारी की।

प्रदीप कुमार जैन परिवार सहित पहली और नवीन जैन परिवार सहित दूसरी बग्गी पर सवार रहे। चक्रेश जैन और योगेश कुमार जैन के परिवार भी अलग-अलग बग्गियों में शामिल हुए। परिवार की बुआ एवं अन्य रिश्तेदारों के लिए भी अलग बग्गियों की व्यवस्था की गई थी। भगवान श्रीजी को रथ पर विराजमान कर शोभायात्रा में लेकर चलने का सौभाग्य महेंद्र इंद्र वैभव जैन को प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर प्रदीप जैन पीएनसी, नवीन जैन, चक्रेश जैन, योगेश जैन, जगदीश प्रसाद जैन, मनोज जैन बाकलीवाल, यशपाल जैन, सुभाष जैन, नरेश जैन, प्रवीण जैन, विमल चौधरी, सुबोध जैन, वैभव जैन, आनंद जैन, अभिनंदन जैन, अनिरुद्ध जैन, हर्षवर्धन जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन, मीना जैन, रेनू जैन, माधवी जैन, आशिता जैन, ईशू जैन, निधि जैन, सलोनी जैन, मिताक्षरा जैन, मुन्नी जैन और प्रियंका जैन सहित पीएनसी परिवार के सदस्य, आगरा दिगंबर जैन परिषद के पदाधिकारी तथा जैन समाज के लोग मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor