साढ़े चार साल पुराने आगरा तेजाब कांड में पुलिस की कार्यप्रणाली पर अदालत सख्त, गैर-जमानती वारंट लौटाने पर पुलिस आयुक्त से मांगा जवाब, दो दिसंबर तक पेशी सुनिश्चित करने के निर्देश
आगरा। शाहगंज के चर्चित तेजाब हमले में साढ़े चार साल बाद भी पीड़ित परिवार को न्याय का इंतजार है। मामले में न्यायालय द्वारा तलब किए गए दो अभियुक्तों रिजवान और फैजान की गिरफ्तारी नहीं होने तथा लगातार जारी गैर-जमानती वारंट की प्रभावी तामील न किए जाने पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, न्यायालय संख्या-01 ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताई है। अदालत ने पुलिस आयुक्त, आगरा को पत्र लिखकर दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी और आगामी दो दिसंबर को न्यायालय में उनकी पेशी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। पीड़िता की ओर से अधिवक्ता नरेश पारस पैरवी कर रहे हैं।
मामला मई 2022 का है। शाहगंज क्षेत्र में असलम की पत्नी रेशमा, बेटी इल्मा और बेटे साहिल पर तेजाब फेंका गया था। घटना के बाद पुलिस ने कल्लू नामक व्यक्ति के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। हालांकि, पीड़ित परिवार का आरोप था कि हमला असलम के भाइयों रिजवान और फैजान ने किया था। परिवार ने पुलिस की विवेचना पर सवाल उठाते हुए वास्तविक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
धारा 319 के तहत न्यायालय ने किया तलब
मुकदमे की सुनवाई के दौरान पीड़िता की ओर से अधिवक्ता नरेश पारस ने गवाहों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर धारा 319 सीआरपीसी के तहत प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। इसमें रिजवान और फैजान को भी मुकदमे में आरोपी बनाने की मांग की गई। न्यायालय ने पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के बयानों का परीक्षण करने के बाद दोनों को अतिरिक्त आरोपी के रूप में तलब करने का आदेश दिया। इसके बाद दोनों की न्यायालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए गैर-जमानती वारंट जारी किए गए।
वारंट लौटाने पर अदालत ने उठाए सवाल
न्यायालय के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 से लगातार गैर-जमानती वारंट जारी किए जा रहे हैं, लेकिन दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। 17 नवंबर को जारी वारंट 21 नवंबर को उपनिरीक्षक योगेश कुमार ने वापस कर दिया। इसके बाद 25 नवंबर को जारी वारंट भी तामील की आख्या के बजाय न्यायालय को लौटा दिया गया। इस वारंट के साथ संबंधित सामान्य डायरी (जीडी) की प्रति भी संलग्न नहीं थी। इससे गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा किए गए प्रयासों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी।
अदालत ने स्पष्ट किया कि गैर-जमानती वारंट जारी करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी प्रभावी तामील कराना भी पुलिस की जिम्मेदारी है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए वास्तविक प्रयास किए जाने चाहिए और उनकी कार्रवाई का सत्यापन योग्य विवरण अभिलेखीय साक्ष्यों के साथ न्यायालय में प्रस्तुत किया जाना चाहिए। बिना ठोस कार्रवाई के वारंट वापस करना न्यायिक प्रक्रिया की प्रभावशीलता और न्याय प्रशासन की गरिमा को प्रभावित करता है।
दो दिसंबर को अगली सुनवाई, पुलिस आयुक्त को निर्देश
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने पुलिस आयुक्त से संबंधित थाना प्रभारी, उपनिरीक्षक और अन्य पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश देने की अपेक्षा की है। साथ ही दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई कर आगामी सुनवाई की तारीख दो दिसंबर 2026 को उनकी न्यायालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा है। गिरफ्तारी संभव नहीं होने की स्थिति में पुलिस को उसके वास्तविक कारणों और अब तक किए गए प्रयासों का पूरा विवरण अभिलेखीय साक्ष्यों सहित अदालत में प्रस्तुत करना होगा।