ब्रजधरा साहित्योत्सव में होगा साहित्य, सिनेमा और संस्कृति का संगम, ‘चिड़ी-बल्ला’ फिल्म के प्रदर्शन के साथ युवाओं को मिलेगा सम्मान, 26-27 नवंबर को आगरा के हीराबाग पार्क में जुटेंगे साहित्यकार, कलाकार और शिक्षाविद
आगरा। ब्रज की साहित्यिक विरासत, कला, संस्कृति और युवा प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से 26 और 27 नवंबर को दयालबाग स्थित हीराबाग पार्क में दो दिवसीय ‘बृजधरा साहित्योत्सव एवं अतुल्य हिंदी छात्र सम्मान’ आयोजित किया जाएगा। नगर पंचायत स्वामीबाग के स्थापना दिवस के अवसर पर धरा चेतना फाउंडेशन एवं डॉ. विजय किशोर बंसल के सहयोग से होने वाले इस आयोजन में साहित्यिक विमर्श, फिल्म प्रदर्शन, रंगमंच कार्यशाला, कवि संवाद, नृत्य-संगीत और विद्यार्थियों का सम्मान प्रमुख आकर्षण होंगे। फिल्म ‘चिड़ी-बल्ला’ के प्रदर्शन के साथ सिनेमा की रचनात्मक यात्रा पर भी चर्चा होगी।
आयोजन समिति के चेयरमैन एवं धरा चेतना फाउंडेशन के अध्यक्ष सतीश चौहान तथा समिति की अध्यक्ष दीपाली सिंह ने बताया कि साहित्योत्सव का उद्देश्य ब्रज के साहित्य, संस्कृति और युवा सृजन को एक साझा मंच प्रदान करना है। इसमें साहित्य, सिनेमा, संगीत, नृत्य और शिक्षा जगत से जुड़ी हस्तियां भाग लेंगी।
सचिव अक्षय प्रताप सिंह ने बताया कि पहले दिन 26 नवंबर को सुबह 11 बजे से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। युवा गायक हर्षित पाठक एवं साथी कलाकार सुर-ताल से भरपूर प्रस्तुति देंगे। इसके बाद फिल्म ‘चिड़ी-बल्ला’ का प्रदर्शन होगा। सिनेमा विषयक संवाद ‘सृजन से पर्दे तक’ में शरद मित्तल मुख्य वक्ता होंगे।
दोपहर 2:30 बजे से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ अतुल्य हिंदी छात्र सम्मान समारोह आयोजित होगा। चरकुला नृत्य की बरखा एवं साथी कलाकार प्रस्तुति देंगे। विद्यार्थी रचनाकार सम्मान के तहत युवा रचनाकारों को सम्मानित किया जाएगा। शिक्षा-कला संवाद में सीए राजेश मल्होत्रा तथा ब्रज साहित्य एवं युवा काव्य सत्र में कवि ईशान देव विचार साझा करेंगे।
शाम छह बजे सांध्य सत्र में कबीर वंदना-गंधर्व की प्रस्तुति होगी। बरखा सिंह एवं साथी कलाकार मयूर नृत्य और होली की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
दूसरे दिन फिल्म निर्माण और रंगमंच पर कार्यशाला
आयोजन की संयोजक गति सिंह ने बताया कि 27 नवंबर को कार्यक्रमों की शुरुआत भजन-गंधर्व से होगी। इसके बाद ‘कहानी से सिनेमा तक’ विषय पर फिल्म निर्माण एवं रंगमंच कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसमें राधेश्याम पिपलवा मुख्य वक्ता होंगे।
दोपहर के सत्र में ‘साहित्य संवाद : समय, समाज और साहित्य’ के अंतर्गत बदलते दौर में मानवीय संवेदनाओं पर विमर्श होगा। शाम को समापन समारोह से पहले सांस्कृतिक संध्या में कथक और नाट्य प्रस्तुतियां होंगी। बेगम अख्तर पुरस्कार से सम्मानित सुधीर नारायण एवं उनके साथी कलाकार नज़ीर, कबीर और ग़ालिब की नज़्में एवं ग़ज़लें प्रस्तुत करेंगे।
आयोजन के पोस्टर विमोचन के अवसर पर नगर पंचायत स्वामीबाग की सदस्याओं के अलावा संस्था के पदाधिकारी बरखा सिंह, फेलिक्स मसीह, रीता चौहान, कु. नीलम, सरोज, सपना भांबरी, कु. महिमा विश्वकर्मा, अशोक कुमार, कृष्णा जैसवानी, ममता देवी, बया देवी तथा मीडिया समन्वयक डॉ. महेश धाकड़ मौजूद रहे।