यूपी में सपा-कांग्रेस के बीच सीटों पर संग्राम, गठबंधन की गांठ में उलझा 2027 का चुनावी गणित
यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे का विवाद गठबंधन की एकजुटता की परीक्षा बन गया है। सपा का 26 सीटों का प्रस्ताव, पांच उम्मीदवारों की घोषणा और कांग्रेस की सौ सीटों से कम पर गठबंधन की उपयोगिता पर उठे सवाल ने तनातनी बढ़ाई है। इमरान मसूद का ‘हम भिखारी हैं क्या’ वाला बयान कांग्रेस की नाराजगी का प्रतीक बन गया, जबकि मायावती को साथ आने का उनका न्योता सपा को दबाव में लाने की रणनीति को सामने लाता है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा के खिलाफ विपक्षी एकता की कोशिशों को सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर उभरी तनातनी झटका दे रही है। दोनों दल साथ चुनाव लड़ने की बात तो कर रहे हैं, लेकिन सीटों की संख्या, उम्मीदवारों की घोषणा और गठबंधन में राजनीतिक हैसियत को लेकर उनके बीच खींचतान बढ़ती जा रही है। सपा के 26 सीटों के प्रस्ताव से कांग्रेस की नाराजगी और इमरान मसूद के तीखे बयान ने इस विवाद को सार्वजनिक बहस का मुद्दा बना दिया है। सवाल यह है कि भाजपा को चुनौती देने के लिए बना विपक्षी गठबंधन चुनाव से पहले आपसी भरोसा कायम रख पाएगा या सीटों की लड़ाई ही उसकी सबसे बड़ी कमजोरी बन जाएगी?
26 सीटों का प्रस्ताव बना टकराव की वजह
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस के लिए 26 सीटों को जीतने की संभावना के आधार पर बातचीत की शुरुआत बताया था। सपा का कहना है कि यह अंतिम फैसला नहीं, बल्कि सीटों पर चर्चा का शुरुआती आधार है। लेकिन कांग्रेस ने इसे अपनी राजनीतिक हैसियत के अनुरूप नहीं माना। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सवाल उठाया कि जब बातचीत चल रही थी तो 26 सीटों की बात सार्वजनिक करने की जरूरत क्यों पड़ी? उनका तीखा सवाल- ‘हम भिखारी हैं क्या?’—सिर्फ सीटों की संख्या पर असहमति नहीं, बल्कि गठबंधन में सम्मान और बराबरी की मांग के रूप में सामने आया।
कांग्रेस की नाराजगी को उस समय और बल मिला, जब सपा ने सहारनपुर से आशु मलिक, बेहट से उमर अली खान, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोढ़ी को उम्मीदवार घोषित कर दिया। सहारनपुर और बेहट की सीटों पर कांग्रेस की भी दावेदारी मानी जा रही है। इमरान मसूद के गृह जिले में सपा की ओर से उम्मीदवारों के नाम सामने आने से यह संदेश गया कि सीटों पर सहमति बनने से पहले ही सपा अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है।
कांग्रेस को 2017 का हिसाब याद, सपा के सामने अपनी जमीन बचाने की चुनौती
कांग्रेस की ओर से उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सौ से कम सीटों पर गठबंधन की उपयोगिता पर सवाल उठाया था। उन्होंने 2017 के चुनाव का उदाहरण देते हुए याद दिलाया कि उस समय सपा ने कांग्रेस को 107 सीटें दी थीं। कांग्रेस का तर्क है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के बाद उसकी राजनीतिक स्थिति बदली है। वह विधानसभा चुनाव में भी अपनी हिस्सेदारी बढ़ाना चाहती है।
दूसरी ओर सपा के लिए भी सीटों का बंटवारा आसान नहीं है। प्रदेश में उसका संगठन कांग्रेस से बड़ा है और अनेक क्षेत्रों में उसके अपने मजबूत दावेदार हैं। कांग्रेस को अधिक सीटें देने का अर्थ अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं की दावेदारी सीमित करना होगा। अखिलेश यादव के सामने चुनौती है कि गठबंधन भी बचा रहे और पार्टी के भीतर असंतोष भी न बढ़े। इसीलिए सपा 26 सीटों को शुरुआती प्रस्ताव बताकर बातचीत की गुंजाइश बनाए रखना चाहती है, जबकि कांग्रेस इसे अपनी दावेदारी सीमित करने की कोशिश के रूप में देख रही है।
बयानबाजी के बीच बातचीत का रास्ता भी खुला
इमरान मसूद की नाराजगी के जवाब में सपा नेता उदयवीर सिंह ने कहा था कि जिन सीटों पर पार्टी के मौजूदा विधायक हैं या पहले से उसका प्रभाव रहा है, वहां उम्मीदवारों के नाम प्रस्तावित करना असामान्य नहीं है। सपा नेता आशु मलिक ने भी 26 सीटों को शुरुआती प्रस्ताव बताया था। उनका संकेत था कि अंतिम फैसला बातचीत और पार्टी नेतृत्व के स्तर पर ही होगा।
मायावती को इमरान का न्योता, सियासी दबाव की रणनीति या नया विकल्प?
इस विवाद के बीच इमरान मसूद ने बसपा प्रमुख मायावती को भी विपक्षी एकजुटता के साथ आने की अपील की। उन्होंने मायावती को बड़ा नेता बताते हुए कहा था कि उनके साथ आने से उत्तर प्रदेश की राजनीतिक तस्वीर बदल सकती है। यह बयान ऐसे समय आया, जब सपा-कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर खींचतान तेज थी।
मायावती को साथ आने का न्योता कई राजनीतिक संकेत देता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दलित और मुस्लिम मतदाताओं का समीकरण चुनावी नतीजों पर असर डाल सकता है। कांग्रेस के लिए बसपा के साथ संभावित तालमेल की चर्चा अपने सामाजिक आधार को विस्तार देने का एक रास्ता हो सकती है। साथ ही यह सपा को भी संदेश है कि कांग्रेस के पास राजनीतिक विकल्पों पर बात करने की गुंजाइश है। हालांकि इमरान मसूद की अपील को कांग्रेस की आधिकारिक रणनीति या बसपा के साथ किसी औपचारिक बातचीत का संकेत नहीं माना जा सकता। मायावती की ओर से भी इस अपील पर सहमति का कोई स्पष्ट संकेत सामने नहीं आया है।
असली लड़ाई सीटों की नहीं, गठबंधन में नेतृत्व और वर्चस्व की
सपा-कांग्रेस के बीच मौजूदा विवाद को केवल 26 और सौ सीटों के अंतर से समझना अधूरा होगा। इसके पीछे गठबंधन में नेतृत्व, राजनीतिक प्रभाव और भविष्य की भूमिका का सवाल भी है। सपा चाहती है कि प्रदेश में उसकी प्रमुख राजनीतिक ताकत की स्थिति बनी रहे। कांग्रेस लोकसभा चुनाव के बाद मिले उत्साह को विधानसभा चुनाव में अपनी स्वतंत्र पहचान मजबूत करने के अवसर के रूप में देख रही है। वह गठबंधन में ऐसी भूमिका नहीं चाहती जिसमें उसे सपा के फैसलों के सामने केवल सहमति देनी पड़े।
दोनों दलों के लिए 2024 का लोकसभा चुनाव एक महत्वपूर्ण संदर्भ है। उस चुनाव में साथ आने से विपक्षी वोटों के बंटवारे को रोकने में मदद मिली थी और भाजपा को चुनौती मिली थी। लेकिन लोकसभा और विधानसभा चुनाव की परिस्थितियां अलग होती हैं। विधानसभा में हर सीट पर स्थानीय संगठन, उम्मीदवार की पकड़, जातीय समीकरण और क्षेत्रीय प्रभाव निर्णायक होते हैं। यही वजह है कि लोकसभा की सफलता को विधानसभा में सीटों के सीधे फार्मूले में बदलना आसान नहीं है।
सपा और कांग्रेस के सामने अब दोहरी चुनौती है। उन्हें सीटों का ऐसा समझौता करना होगा जिसमें दोनों दल अपनी राजनीतिक प्रतिष्ठा बचा सकें। साथ ही कार्यकर्ताओं को यह भरोसा भी देना होगा कि गठबंधन में उनकी मेहनत और दावेदारी की अनदेखी नहीं होगी। यदि बातचीत केवल सीटों की संख्या पर अटक गई तो भाजपा विरोधी वोटों के बिखरने का खतरा बढ़ सकता है। दूसरी ओर, बिना स्पष्ट सहमति के उम्मीदवार घोषित करने की राजनीति जारी रही तो गठबंधन की विश्वसनीयता कमजोर होगी।
2027 की लड़ाई में भाजपा को चुनौती देने से पहले सपा और कांग्रेस को यह तय करना होगा कि वे एक-दूसरे को साझेदार मानते हैं या प्रतिस्पर्धी। गठबंधन की सफलता का फैसला केवल सीटों की संख्या नहीं, बल्कि आपसी भरोसा और राजनीतिक समझदारी करेगी।