इंडिया गठबंधन को बड़ा झटका, बैठक में नहीं जाएंगी सुप्रिया सुले, कहा- एनसीपी सांसद भी हैं व्यस्त

शनिवार (28 नवंबर) को इंडिया गठबंधन की बैठक होने वाली है। संसद सत्र से पहले सरकार को घेरने की रणनीति बनाने के लिए ये बैठक बुलाई गई है। सुप्रिया सुले इसमें शामिल नहीं होंगी।

Nov 27, 2026 - 17:27
 0
इंडिया गठबंधन को बड़ा झटका, बैठक में नहीं जाएंगी सुप्रिया सुले, कहा- एनसीपी सांसद भी हैं व्यस्त


नई दिल्ली। इंडिया गठबंधन की शनिवार (28 नवंबर) की सुबह 11:30 बजे बैठक होनी हैं। इस बैठक में सुप्रिया सुले शामिल नहीं होंगी। उन्होंने बताया कि उनके पिता शरद पवार हॉस्पिटल में हैं। इस वजह से वो मुंबई में ही रहेंगी। सुप्रिया सुले सोमवार (30 नवंबर) को दिल्ली आएंगी। सत्र से पहले इंडिया गठबंधन के लिए झटके वाली खबर है।

सुप्रिया सुले ने कहा कि शरद पवार अस्पताल में भर्ती हैं, इसलिए उनका मुंबई में होना बहुत जरूरी है। क्या पार्टी के कोई दूसरे सांसद इस बैठक में जाएंगे, इस पर सुप्रिया सुले ने कहा कि सांसद अलग-अलग कामों में व्यस्त हैं। किसी सांसद ने लोकार्पण का काम लिया हुआ है तो कहीं भूमि पूजन है। हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि अगर कोई सांसद व्यस्त नहीं होंगे तो हम इन्फॉर्म करेंगे।

दरअसल, देश की सियासत में परिसीमन का मुद्दा अब नए रिश्तों और नए समीकरणों की कसौटी बनता जा रहा है। शरद पवार की पार्टी बिल देखे बिना कोई फैसला लेने को तैयार नहीं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शरद पवार के बीच दशकों का सियासी रिश्ते में मतभेद भी रहे और सम्मान भी रहा है। अब सवाल ये है कि क्या परिसीमन की इस बड़ी लड़ाई में पवार की पार्टी सरकार का साथ देगी?

बारामती से सांसद सुप्रिया सुले ने मीडिया से कहा कि वो बिना बिल को देखे हुए कोई फैसला नहीं लेंगी। उन्होंने कहा, "जब तक बिल हाथ में न आए। मैं कैसे बोलूं?" क्या इंडिया गठबंधन से किसी ने आपको डिलिमिटेशन बिल पर बात करने के लिए संपर्क किया है। इसके जवाब में उन्होंने कहा, "मैं रोज इंडिया ब्लॉक से बात करती हूं. रोज हर मामले में चर्चा होती है।"

अगर डिलिमिटेशन बिल देशहित में होगा तो आप खड़ी होंगी, इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "मैं जो भी करती हूं वो देशहित और देश की सेवा के लिए ही करती हूं।"