बरेली में 18.25 करोड़ का आईटी पार्क शुरू, जितिन प्रसाद बोले- 2027 में भाजपा को 2022 से बेहतर परिणाम मिलेंगे
-आरके सिंह- बरेली। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने गुरुवार को सीबीगंज में नवनिर्मित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) केंद्र का उद्घाटन किया। करीब 18.25 करोड़ रुपये की लागत से दो एकड़ भूमि पर बने इस आईटी पार्क से बरेली और रुहेलखंड के युवाओं के लिए रोजगार, स्टार्टअप और तकनीकी उद्यमिता के नए अवसर खुलने की उम्मीद है। इस मौके पर जितिन प्रसाद ने दावा किया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को 2022 से बेहतर परिणाम मिलेंगे। उन्होंने कहा कि पहले गुंडाराज के कारण उद्योगपति प्रदेश में आने से कतराते थे, लेकिन अब औद्योगिक माहौल बदला है।
मार्च 2024 में शिलान्यास के बाद तैयार हुआ यह प्रदेश का ही नहीं, देश का 75वां आईटी पार्क बताया गया। यहां आईटी कंपनियों और उद्यमियों के लिए डेटा सेंटर, इन्क्यूबेशन सेंटर, कार्यालय, कॉन्फ्रेंस हॉल, मीटिंग रूम और कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, आईटी सेवाओं और डिजिटल तकनीक से जुड़ी कंपनियों को बरेली में काम शुरू करने का अवसर मिलेगा।
उद्घाटन समारोह में जितिन प्रसाद ने कहा कि बरेली और पूरे रुहेलखंड में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। आईटी पार्क शुरू होने से युवाओं को रोजगार और कारोबार के लिए नोएडा, दिल्ली और बेंगलुरु जैसे महानगरों की ओर जाने की मजबूरी कम होगी। स्थानीय स्तर पर कंपनियां स्थापित होने से सॉफ्टवेयर इंजीनियरों, आईटी प्रोफेशनल्स और तकनीकी विशेषज्ञों के लिए अवसर बढ़ेंगे। स्टार्टअप को भी जरूरी सुविधाएं और कार्यस्थल मिल सकेंगे।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तकनीकी विकास के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि एक करोड़ लोगों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का प्रशिक्षण देकर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लखनऊ को एआई सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में काम हो रहा है। उत्तर प्रदेश सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है। चिप निर्माण जैसी तकनीक देश को आत्मनिर्भर बनाने में मदद करेगी।
जितिन प्रसाद ने कहा कि नोएडा, कानपुर और लखनऊ की तरह बरेली में भी आईटी हब बनने की क्षमता है। टेक्नोलॉजी और ट्रेड देश की प्रगति के महत्वपूर्ण आधार हैं। युवाओं को तेजी से बदलती तकनीक के अनुरूप अपनी क्षमताएं विकसित करनी चाहिए।
कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, सांसद छत्रपाल गंगवार, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधान परिषद सदस्य बहोरन लाल मौर्य और विधायक संजीव अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।