गुरु तेग बहादुर साहिब के 350वें शहीदी शताब्दी वर्ष की पूर्णता पर 29 नवंबर को आगरा से दिल्ली तक निकलेगी वृहद ‘तिलक जंजू रख्यक यात्रा’

आगरा। सिख धर्म के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी महाराज के 350वें शहीदी शताब्दी वर्ष की पूर्णता पर 29 नवंबर को आगरा से दिल्ली तक विशाल ‘तिलक जंजू रख्यक यात्रा’ निकाली जाएगी। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और गुरुद्वारा गुरु का ताल के संयुक्त आयोजन में निकलने वाली यह यात्रा गुरुद्वारा गुरु का ताल से शुरू होकर दिल्ली के चांदनी चौक स्थित गुरुद्वारा शीशगंज साहिब पर संपन्न होगी।

Nov 26, 2026 - 21:21
 0
गुरु तेग बहादुर साहिब के 350वें शहीदी शताब्दी वर्ष की पूर्णता पर 29 नवंबर को आगरा से दिल्ली तक निकलेगी वृहद ‘तिलक जंजू रख्यक यात्रा’
गुरु तेग बहादुर साहिब के 350वें शहीदी शताब्दी वर्ष पर निकलने वाली तिलक जंजू रख्यक यात्रा के बारे में जानकारी देते संत बाबा प्रीतम सिंह और सिख समाज के गणमान्य लोग।

गुरुद्वारा गुरु का ताल के मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह ने बताया कि यात्रा में शामिल होने के लिए दिल्ली से 1000 से अधिक संगत 28 नवंबर को आगरा पहुंचेगी। विशेष पालकी में गुरु महाराज का स्वरूप तथा गुरुओं के ऐतिहासिक शस्त्र, चरण पादुकाएं और अन्य पवित्र चिन्ह विशेष वाहन से आगरा लाए जाएंगे।

29 नवंबर रविवार को सुबह पंज प्यारों और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की सरपरस्ती में आगरा और दिल्ली की संगत यात्रा लेकर रवाना होगी। यात्रा मथुरा, कोसी, पलवल, फरीदाबाद और बल्लभगढ़ होते हुए दिल्ली के लाल किला मैदान पहुंचेगी। यहां से पैदल यात्रा गुरुद्वारा शीशगंज साहिब पहुंचेगी।

आयोजन की तैयारियों को लेकर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के उपाध्यक्ष आत्मा सिंह लुबाना और अन्य सदस्यों ने गुरुद्वारा गुरु का ताल में आगरा के सिख समाज के प्रमुख लोगों के साथ बैठक की। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा माईथान के प्रधान कवलदीप सिंह और दलजीत सिंह सेतिया ने बताया कि यात्रा का मार्ग में विभिन्न जिलों में भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके लिए संबंधित जिलों से संपर्क किया गया है।

सुखमनी सेवा सभा के गुरमीत सिंह सेठी और हेड ग्रंथी ज्ञानी कुलविंदर सिंह ने आगरा की सभी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों से अपील की कि वे 29 नवंबर को सुबह आठ बजे तक अधिक से अधिक संगत के साथ गुरुद्वारा गुरु का ताल पहुंचें और यात्रा में शामिल हों।

गुरुद्वारा गुरु का ताल के मीडिया प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि दिल्ली के गुरुद्वारा शीशगंज साहिब में संगत के रात्रि विश्राम की विशेष व्यवस्था की गई है। जो श्रद्धालु यात्रा के साथ दिल्ली जाकर रुकना चाहते हैं, वे अपनी क्षेत्रीय गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को इसकी जानकारी दें।

बैठक में रमन साहनी, बॉबी वालिया, परमजीत सिंह सरना, बॉबी आनंद, बंटी ओबेरॉय, परमजीत सिंह मक्कड़, प्रवीण अरोड़ा, गुरनाम सिंह अरोड़ा, बंटी ग्रोवर, नीरज सोढ़ी और रौनक सिंह सहित विभिन्न गुरुद्वारों की प्रबंधक कमेटियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor