फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में महिला सम्मेलन से भाजपा ने बनाई संगठन विस्तार की रणनीति, बूथ स्तर तक महिलाओं को जिम्मेदारी देने पर जोर
आगरा। फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र के रुनकता स्थित श्यामलाल इंटर कॉलेज में आयोजित प्रबुद्ध जन महिला सम्मेलन में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। सम्मेलन में भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपने, महिला मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने और उन्हें मतदान के प्रति जागरूक करने की आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता राजस्थान से आईं श्रीमती मधु शर्मा (विस्तारक) ने महिलाओं को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति, विचारधारा तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से पार्टी संगठन में बूथ स्तर से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजनीति में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और उन्हें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मनीषा सिंह ने की। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और संगठनात्मक सशक्तिकरण बढ़ाने की दिशा में लगातार प्रयास करने होंगे। भाजपा सरकार की ओर से महिलाओं के हित में संचालित योजनाओं से उन्हें लाभ मिला है। आगामी योजनाएं भी महिलाओं को सशक्त बनाने में सहायक होंगी।
सम्मेलन में आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना के तहत जिला आगरा के सभी मंडलों और बूथों पर महिला कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके माध्यम से महिला कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने, अधिक से अधिक महिला मतदाताओं तक पहुंच बनाने तथा उन्हें मतदान के प्रति जागरूक कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर बल दिया गया।
सम्मेलन में महिला शक्ति को संगठित, जागरूक और सशक्त बनाकर भाजपा संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर ब्रज क्षेत्र महामंत्री रंजन पवार, ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष उपमा गुप्ता, ब्रज क्षेत्र कोषाध्यक्ष हेमलता अग्रवाल, ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष मुन्नी देवी, क्षेत्रीय सदस्य सुनीता सारस्वत, प्रतिमा राणा, भावना वरदान शर्मा, रेनू चौहान, आशा अग्रवाल, राजेश्वरी बघेल, मंजू तोमर और विनोद कुमारी सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्ध महिलाएं उपस्थित रहीं।