संविधान दिवस पर आगरा में गूंजा संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प, विधि शिक्षा और सामाजिक समानता पर हुई चर्चा
आगरा। संविधान दिवस पर आगरा कॉलेज की विधि संकाय और जाटव समाज उत्थान समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में संविधान के मूल आदर्शों, लोकतांत्रिक अधिकारों और सामाजिक समानता पर जोर दिया गया। आगरा कॉलेज में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने संविधान की विशेषताओं और विधि शिक्षा की बढ़ती उपयोगिता पर विचार रखे, वहीं जाटव समाज उत्थान समिति के कार्यक्रम में पूर्व मंत्री गंगा प्रसाद पुष्कर ने कहा कि सरकार किसी की भी बने, संविधान पर आंच नहीं आने दी जाएगी।
आगरा कॉलेज की विधि संकाय के सभागार में आयोजित विचार गोष्ठी में मुख्य अतिथि प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है। इसकी व्यापकता और लचीलापन इसे विशिष्ट बनाते हैं। उन्होंने पंडित मोतीलाल नेहरू, महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि संविधान की मूल भावना विधि का शासन और सभी नागरिकों को समान अधिकार देने में निहित है।
उन्होंने विधि शिक्षा के बढ़ते महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि युवा एलएलबी और क्लैट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूक हो रहे हैं। राष्ट्र निर्माण में विधि के विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। बाबा साहेब अंबेडकर ने संविधान को समतामूलक स्वरूप प्रदान करने में ऐतिहासिक योगदान दिया।
वक्ता प्रो. एस.के. दुबे ने कहा कि प्रत्येक कानून संविधान की मूल भावना के अनुरूप होना चाहिए। समानता, शिक्षा, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और जीवन का अधिकार संविधान के प्रमुख आधार हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के विधि संकायाध्यक्ष प्रो. एम.एम. खान ने की। संयोजिका डॉ. निधि शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बाबा साहेब के समान शिक्षा और गरिमापूर्ण जीवन के विचारों को याद किया।
इस अवसर पर प्रो. गौरव कौशिक, प्रो. शोभनाथ जैसल, प्रो. एम.एस. तिवारी, डॉ. एस.बी. सिंह यादव, डॉ. कृष्ण वीर यादव, प्रो. रीता निगम, डॉ. रिजू निगम, प्रो. अमरनाथ, डॉ. अजहर अली खान, डॉ. अर्चना यादव, डॉ. वसुधा अग्रवाल, डॉ. गौरव प्रताप सिंह, डॉ. रणवीर सिंह, डॉ. सुखवीर सिंह, डॉ. शिवानी सेठ, डॉ. सुनील कुमार शर्मा, डॉ. गीता उपाध्याय, डॉ. संतोष कुमार सिंह, अगम दीक्षित और जलज कुलश्रेष्ठ सहित विधि संकाय के विद्यार्थी एवं शोधार्थी मौजूद रहे।
जाटव उत्थान समिति ने मनाया संविधान दिवस
जाटव उत्थान समिति के संविधान दिवस कार्यक्रम में मौजूद पूर्व मंत्री जीपी पुष्कर, देवकी नंदन सोन और अन्य।
उधर, जाटव समाज उत्थान समिति ने बाबू जगजीवन राम पुस्तकालय में संविधान दिवस कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें पूर्व मंत्री गंगा प्रसाद पुष्कर ने कहा कि आजादी के बाद शोषित वर्ग को मिले मानवीय अधिकार बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा रचित संविधान की देन हैं। इसलिए समाज को जागरूक रहना चाहिए और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहना चाहिए।
समिति के संरक्षक देवकीनंदन सोन ने कहा कि सुरक्षित सीटों से समाज के हितों की सोच रखने वाले जनप्रतिनिधियों का लोकसभा और विधानसभा में कम पहुंचना चिंताजनक है। राजनीतिक दलों को समाज के बुद्धिजीवियों को राज्यसभा और विधान परिषद में प्रतिनिधित्व देना चाहिए। कार्यक्रम में बंगाली बाबू सोनी, अनिल कुमार संत, रूप सिंह सोनी, विनोद आनंद, सत्य प्रकाश, बच्चू सिंह कैथ, महेंद्र सिंह, चौधरी निरंजन सिंह, राजेंद्र जायन्त और सूरज भान सहित अन्य लोगों ने विचार रखे। अंत में संविधान की रक्षा की शपथ ली गई।